Arvind Kejriwal ने Goa में करापुर प्रोजेक्ट का विरोध किया और TCP Act धारा 39A रद्द करने की मांग की
पणजी, नौ अगस्त आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को उत्तरी गोवा में एक आवासीय परियोजना के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उन्होंने टीसीपी अधिनियम की धारा 39ए को रद्द करने की मांग की और आरोप लगाया कि यह प्रावधान बड़े पैमाने पर जमीन के उपयोग में बदलाव को बढ़ावा देता है तथा राज्य की पहचान के लिए खतरा पैदा करता है। यहां आजाद मैदान में दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ ‘सेव करापुर’ आंदोलन में शामिल हुए केजरीवाल ने कहा कि पारंपरिक गांवों पर बड़े-बड़े आवासीय परिसरों को थोपने से स्थानीय जल संसाधन, जनसांख्यिकीय स्वरूप और राज्य का पारिस्थितिक संतुलन हमेशा के लिए नष्ट हो जायेगा।
सभी गोवावासियों और राजनीतिक दलों से भाजपा के खिलाफ एकजुट होने की अपील करते हुए केजरीवाल ने कहा कि नगर एवं ग्राम नियोजन (टीसीपी) अधिनियम की धारा 39ए को तभी रद्द किया जा सकता है, जब भाजपा को सत्ता से बाहर कर दिया जाए। केजरीवाल ने कहा कि प्रस्तावित मेगा परियोजना, जिसके तहत लगभग 1,800 फ्लैट बनाए जाने हैं, करापुर गांव के स्वरूप को बदल देगी और वहां की जमीन, जल संसाधनों तथा पर्यावरण पर दबाव बढ़ाएगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर आम गोवावासियों के बजाय बिल्डरों के हित में काम करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि ऐसी परियोजनाओं को लगातार मंजूरी दिए जाने से जमीन, भूजल संसाधनों और स्वच्छ जल तक पहुंच खत्म हो सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘करापुर के लोग पिछले 127 दिनों से इस परियोजना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों को सुनने में विफल रही है।’’ केजरीवाल ने गोवावासियों और राजनीतिक दलों से एकजुट होकर भाजपा को हराने तथा राज्य की जमीन, पर्यावरण और पहचान की रक्षा करने की अपील की।
DK Shivakumar ने 'वोट चोरी छोड़ो' आंदोलन का आह्वान किया, Karnataka में voter list पर आरोप
बेंगलुरु, नौ अगस्त कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने रविवार को कथित ‘‘वोट चोरी’’ के प्रयासों के खिलाफ ‘‘वोट चोरी छोड़ो आंदोलन’’ शुरू करने का आह्वान किया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मतदान के अधिकार की रक्षा पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। शिवकुमार ने भारत छोड़ो दिवस के अवसर पर कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मद्देनजर पार्टी कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर के एजेंटों (बीएलए) के लिए मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करना जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा, ‘‘देश में वोट चोरी हो रही है और इसके खिलाफ हमें ‘वोट चोरी छोड़ो आंदोलन’ शुरू करने की जरूरत है।’’ शिवकुमार के अनुसार, मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया के जरिए एक करोड़ मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि गणना प्रपत्र ठीक से भरे जाएं और जमा किए जाएं। शिवकुमार ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, ‘‘अन्य सभी काम छोड़कर मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए वोट चोरी के खिलाफ लड़ें।’’ उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से भी फॉर्म-6 के जरिए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने की अपील की और कहा कि मतदान का अधिकार नहीं होने पर उनकी कोई आवाज नहीं होगी। शिवकुमार ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी द्वारा मतदान की आयु 18 वर्ष किए जाने के फैसले को याद करते हुए कहा कि उस समय राजनीतिक दलों ने इस कदम का विरोध किया था।
उन्होंने कहा, ‘‘भले ही मैं मुख्यमंत्री हूं, लेकिन सबसे पहले मैं कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता हूं। अगर कार्यकर्ता हैं तो पार्टी है और अगर पार्टी है तो सरकार है।’’ शिवकुमार ने कहा कि संविधान देश के लिए ‘‘बाइबिल, कुरान और भगवद्गीता’’ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ‘‘कभी न झुकेगी, न दबेगी और न पीछे हटेगी।’’ मुख्यमंत्री ने दावा किया कि देश से कांग्रेस और कांग्रेस परिवार को खत्म करने के प्रयास किए गए लेकिन पार्टी अब भी मजबूत बनी हुई है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









