सीजफायर खत्म होने से पहले ईरान-अमेरिका में बातचीत जारी, गालिबफ का दावा-कई मुद्दों पर अभी मतभेद
तेहरान, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान और अमेरिका के बीच मौजूदा दो हफ्ते का सीजफायर 22 अप्रैल को खत्म होने वाला है। इस बीच ईरान ने संकेत दिया है कि अमेरिका के साथ उसकी चल रही बातचीत आगे बढ़ रही है। हालांकि यह भी कहा कि हम अंतिम फाइनल समझौते से अभी दूर हैं।
ईरानी पार्लियामेंट के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबफ ने शनिवार (स्थानीय समयानुसार) को टीवी पर दिए एक भाषण में कहा कि दोनों पक्षों के बीच बड़े मतभेद अभी बने हुए हैं।
गालिबफ ने कहा, बातचीत अभी तक किसी अहम मोड़ पर नहीं पहुंची है। कई कमियां हैं और कुछ बुनियादी बातें अभी बाकी हैं।
गालिबफ का यह भी दावा है कि संघर्ष के हाल के हफ्तों में ईरान का पलड़ा भारी रहा। तेहरान अस्थायी सीजफायर के लिए तभी राजी हुआ, जब वॉशिंगटन ने उसकी शर्तें मान लीं।
ईरान की रणनीतिक स्थिति पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका अपने मकसद पूरे करने में नाकाम रहा है, जबकि ईरान ने ग्लोबल एनर्जी सप्लाई के लिए एक अहम समुद्री रास्ते होर्मुज स्ट्रेट पर कंट्रोल बनाए रखा है।
ईरानी पार्लियामेंट के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबफ ने कहा, “दुश्मन की हर कोशिश हम पर अपनी शर्तें थोपने की थी और यह जरूरी है कि हम अपने अधिकारों को दर्ज कराएं। इसलिए बातचीत भी संघर्ष का एक तरीका है।
इस बीच, ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल (एसएनएससी) ने कहा कि देश तब तक होर्मुज स्ट्रेट से होने वाले ट्रैफिक पर कंट्रोल और निगरानी रखने के लिए तैयार है, जब तक कि युद्ध पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता और इलाके में पक्की शांति नहीं आ जाती।
ईरानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, यह बयान ईरान के मुख्य मिलिट्री कमांड, खतम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर की तरफ से शनिवार को होर्मुज स्ट्रेट पर सख्त कंट्रोल फिर से शुरू करने की घोषणा के बाद आया है।
न्यूज एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, एसएनएससी ने कहा कि वह जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही को नियंत्रित करेगा। इसके तहत जहाजों की जानकारी ली जाएगी, प्रवेश और निकास के लिए परमिट जारी किए जाएंगे। सुरक्षा और पर्यावरण सेवाओं के बदले शुल्क लिया जाएगा और अपने नियमों व युद्धकालीन प्रोटोकॉल के अनुसार समुद्री यातायात को संचालित किया जाएगा।
--आईएएनएस
केके/वीसी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
मां को यादकर इमोशनल हुए Amitabh Bachchan, बिग बी ने लिखी दिल छू लेने वाली बात
Amitabh Bachchan Post: सदी के महानायक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) एक बार फिर अपने इमोशनल को लेकर सुर्खियों में हैं. 83 साल की उम्र में भी वह फिल्मों, टीवी शोज और सोशल मीडिया पर पूरी तरह एक्टिव हैं. खास बात ये है कि वह सिर्फ अपने काम से ही नहीं, बल्कि अपने निजी अनुभवों, यादों और जीवन से जुड़े गहरे विचारों को फैंस के साथ साझा करने के लिए भी जाने जाते हैं. इसी बीच हाल ही में उन्होंने अपनी मां तेजी बच्चन (Teji Bachchan) को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट लिखी, जिसने लोगों को गहराई से छू लिया.
देर रात लिखा भावुक ब्लॉग
अमिताभ बच्चन ने अपने लेटेस्ट ब्लॉग में देर रात एक लंबी और भावनात्मक पोस्ट साझा की. इस पोस्ट में उन्होंने जीवन के अनुभवों, परेशानियों और उनके सरल समाधानों पर बात की. उन्होंने लिखा कि कई बार जिंदगी की जटिल समस्याओं का हल बहुत छोटा और आसान होता है, लेकिन हम उसे समझने में बहुत समय, ऊर्जा और तनाव खर्च कर देते हैं. उन्होंने अपने विचारों में ये भी जोड़ा कि किसी भी बदलाव को सिर्फ अपनाना ही नहीं, बल्कि उसे नियमित रूप से जीवन में लागू करना जरूरी होता है. ऐसा करने से जीवन में जो राहत मिलती है, वह हमें ये सोचने पर मजबूर कर देती है कि क्या हम बेवजह चीजों को कठिन बना रहे थे.
मां की याद में छलका दर्द
इस पोस्ट का सबसे भावुक हिस्सा वो था, जहां उन्होंने अपनी मां को याद किया. अमिताभ बच्चन ने मां के स्नेह और उनके साथ बिताए छोटे-छोटे पलों को बेहद खूबसूरती से शब्दों में ढाला. उन्होंने लिखा कि मां का वो गर्म स्पर्श, उनके शब्दों में छिपी दिलासा और उनका वह खास तरीका, जब वह अपने दुपट्टे को सांसों से गर्म करके आंखों पर रखती थीं, तुरंत राहत देता था. उनके शब्द “सब ठीक हो जाएगा बेटा” आज भी उनके दिल में गूंजते हैं.
अमिताभ ने ये भी कहा कि भले ही उनकी मां आज उनके साथ नहीं हैं, लेकिन उन यादों को याद करते ही वही स्नेह, भरोसा और आत्मविश्वास फिर से जाग उठता है. उन्होंने ईश्वर का आभार भी व्यक्त किया कि उन्होंने उन्हें इस संसार में लाकर ऐसे अनमोल रिश्तों का अनुभव कराया.
मां के बेहद करीब थे बिग बी
ये पहली बार नहीं है जब अमिताभ बच्चन ने अपने माता-पिता को याद किया हो. वह अक्सर अपने ब्लॉग और सोशल मीडिया पोस्ट्स में उनसे जुड़ी यादें साझा करते रहते हैं. यह बात किसी से छिपी नहीं है कि वह अपनी मां तेजी बच्चन के बेहद करीब थे. तेजी बच्चन का निधन साल 2007 में 93 वर्ष की आयु में हुआ था, लेकिन आज भी उनके संस्कार और स्नेह अमिताभ के जीवन में गहराई से मौजूद हैं. उनकी बातों और यादों का असर बिग बी के व्यक्तित्व और सोच में साफ नजर आता है.
काम के मोर्चे पर भी एक्टिव
अगर उनके वर्कफ्रंट की बात करें, तो अमिताभ बच्चन आज भी उतनी ही ऊर्जा के साथ काम कर रहे हैं. साल 2024 में वह Vettaiyan और Kalki 2898 AD जैसी फिल्मों में नजर आए थे, जिनमें उनके अभिनय की खूब सराहना हुई. वहीं आने वाले समय में भी उनके कई प्रोजेक्ट्स चर्चा में हैं, जिनमें Brahmastra का सीक्वल भी शामिल बताया जा रहा है. इसके अलावा वह लंबे समय से लोकप्रिय क्विज शो Kaun Banega Crorepati के जरिए भी दर्शकों से जुड़े हुए हैं और इस मंच पर उनकी मौजूदगी आज भी उतनी ही प्रभावशाली है.
ये भी पढ़ें: दूसरी बार मम्मी पापा बनेंगे दीपिका पादुकोण-रणवीर सिंह, एक्ट्रेस ने दुआ के साथ फोटो शेयर कर दी गुड न्यूज
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation





















