Shreyas Iyer: श्रेयस अय्यर कैसे बने पंजाब किंग्स के 'सरपंच', निकनेम के पीछे क्या है कहानी खुद बताया
Shreyas Iyer Sarpanch: आईपीएल में खिलाड़ियों के अलग-अलग निकनेम अक्सर चर्चा में रहते हैं, लेकिन इस सीजन पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर का सरपंच नाम काफी पॉपुलर है। अब खुद अय्यर ने इस नाम के पीछे की कहानी बताई और कहा है कि उन्हें यह निकनेम बहुत पसंद है।
जियोस्टार पर बातचीत के दौरान अय्यर ने खुलासा किया कि जब वह पहली बार पंजाब किंग्स से जुड़े थे, तब उन्हें 'सरपंच' कहे जाने का मतलब समझ नहीं आता था। उन्होंने कहा, 'शुरुआत में मुझे बिल्कुल समझ नहीं आया कि मुझे सरपंच क्यों कहा जा रहा। लेकिन जब मैंने अपने साथियों से पूछा, तो उन्होंने बताया कि सरपंच का मतलब होता है किसी परिवार, समूह या इलाके का मुखिया। इसके बाद मुझे यह नाम समझ में आया और फिर मेरी असली यात्रा शुरू हुई।'
श्रेयस को कैसे मिला सरपंच नाम
उत्तर भारत में 'सरपंच' शब्द का इस्तेमाल गांव या समुदाय के नेता के लिए किया जाता। यही वजह है कि यह नाम अय्यर की कप्तानी और उनके व्यक्तित्व के साथ अच्छी तरह फिट बैठता। पंजाब किंग्स की टीम के भीतर भी यह नाम तेजी से लोकप्रिय हुआ और अब यह सिर्फ मजाक या बातचीत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि टीम की पहचान का हिस्सा बन गया है।
फ्रेंचाइजी भी क्यों इसका करती इस्तेमाल
फ्रेंचाइजी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी 'सरपंच साहब' का टैग लगातार इस्तेमाल हो रहा। इसके अलावा ब्रॉडकास्ट प्रमोशन में भी इसी नाम को आगे बढ़ाया गया। यानी अब यह साफ हो चुका है कि यह निकनेम सिर्फ एक उपनाम नहीं, बल्कि अय्यर की लीडरशिप इमेज का हिस्सा बन चुका।
इस निकनेम से श्रेयस की इमेज मजबूत हुई
अय्यर का कहना है कि यह नाम जिम्मेदारी का एहसास भी कराता है। सरपंच शब्द में अधिकार, भरोसा और अपनापन तीनों झलकते हैं। आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट में जहां कप्तान को हर मैच में अपने फैसलों और नेतृत्व के लिए परखा जाता है, वहां इस तरह का नाम उनकी छवि को और मजबूत करता है।
पंजाब किंग्स के प्रदर्शन ने भी इस पहचान को और मजबूत किया है। टीम ने आईपीएल 2025 में फाइनल तक का सफर तय किया था और इस सीजन भी अच्छी शुरुआत की है। जब किसी खिलाड़ी का प्रदर्शन और उसकी छवि एक साथ आगे बढ़ती है, तो उसका निकनेम भी उसकी पहचान बन जाता है। फिलहाल सरपंच निकनेम श्रेयस अय्यर के लिए बिल्कुल यही काम कर रहा। कुल मिलाकर, सरपंच अब सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि अय्यर की कप्तानी और उनकी पहचान का प्रतीक बन चुका है, जिसे वह खुद भी पूरी तरह अपना चुके हैं।
PAK vs BAN: सरफराज अहमद बने पाकिस्तान के हेड कोच, बांग्लादेश टेस्ट सीरीज के लिए 4 नए खिलाड़ियों को मौका
Pakistan Cricket Team: पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ अगले महीने होने वाली 2 टेस्ट की सीरीज के लिए अपनी 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया। इस सीरीज की सबसे बड़ी खबर यह है कि पूर्व कप्तान सरफराज अहमद को टीम का नया हेड कोच बनाया गया। हाल ही में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने वाले सरफराज अब टीम के साथ नई भूमिका में नजर आएंगे।
टीम में 4 नए खिलाड़ियों को मौका दिया गया, जिन्होंने अभी तक टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया। इनमें अब्दुल्ला फजल, अमद बट्ट, अज़ान अवैस और गाजी घोरी शामिल हैं। हालांकि घोरी को इंटरनेशनल अनुभव है, उन्होंने पिछले महीने मीरपुर में एक वनडे मैच खेला था।
शान मसूद कप्तानी करेंगे
टीम की कप्तानी एक बार फिर शान मसूद के हाथों में होगी। लेकिन इस बार उनके साथ कोचिंग स्टाफ पूरी तरह नया नजर आएगा। सरफराज के अलावा पूर्व टेस्ट क्रिकेटर असद शफीक को बल्लेबाजी कोच और उमर गुल को गेंदबाजी कोच बनाया गया है। तीनों खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय अनुभव टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
सरफराज की कप्तानी में पाकिस्तान चैंपियंस ट्रॉफी जीता था
सरफराज अहमद का क्रिकेट करियर काफी शानदार रहा है। उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। हाल ही में उन्होंने पाकिस्तान शाहीन्स के साथ मेंटर/मैनेजर के तौर पर भी काम किया था। वहीं आसद शफीक टेस्ट क्रिकेट में अपने प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं, जहां उन्होंने 77 मैचों में 4660 रन बनाए हैं। उमर गुल ने तीनों फॉर्मेट में कुल 237 मैच खेलकर 427 विकेट लिए हैं।
टीम के पांच खिलाड़ी- अजान अवैस, इमाम-उल-हक, गाजी घोरी, नोमान अली और साजिद खान, इस समय लाहौर स्थित नेशनल क्रिकेट अकादमी में रेड-बॉल कंडीशनिंग कैंप का हिस्सा हैं। बाकी खिलाड़ी, जिनकी टीमें अभी पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में बिजी हैं, वे अपने अभियान के खत्म होने के बाद टीम से जुड़ेंगे।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अनुसार, टीम 27 अप्रैल से कराची में कैंप शुरू करेगी, जो 1 मई तक चलेगा। इसके बाद टीम 2 मई को बांग्लादेश के लिए रवाना होगी। जो खिलाड़ी PSL फाइनल (3 मई) में खेलेंगे, वे सीधे उसके बाद टीम के साथ जुड़ेंगे।
यह दो मैचों की टेस्ट सीरीज 8 से 12 मई तक ढाका और 16 से 20 मई तक सिलहट में खेली जाएगी। टीम में बाबर आजम, शाहीन शाह अफरीदी और मोहम्मद रिजवान जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं, जो टीम को संतुलन देंगे। कुल मिलाकर, पाकिस्तान ने इस सीरीज के लिए अनुभव और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण चुना है। अब देखना होगा कि नया कोचिंग स्टाफ और युवा चेहरे टीम को बांग्लादेश में कैसी सफलता दिलाते हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi





















