मामला लीगल एक्टर अमित पांडे की नर्वसनेस पर तापसी बोलीं:घबराओ मत, मैं अमिताभ बच्चन नहीं हूं, मेरी भी हालत उन्हें देखकर खराब हो गई थी
तुतलाने की वजह से बचपन में मजाक झेलने वाले अमित विक्रम पांडे ने स्टेज को अपनी ताकत बनाया। स्कूल परफॉर्मेंस से शुरू हुआ सफर उन्हें मुंबई तक ले गया, जहां उन्होंने मिठीबाई से मास कम्युनिकेशन पढ़ते हुए एक्टिंग का सपना जिया। पहला बड़ा ब्रेक तापसी पन्नू के साथ एक विज्ञापन में मिला, जिसने आत्मविश्वास बढ़ाया। कोविड के दौर में भी उन्होंने हार नहीं मानी। आज ‘मामला लीगल 2’ में ‘लॉ’ के किरदार से पहचान बना चुके हैं। सवाल: शुरुआत से बताइए, एक्टिंग की तरफ झुकाव कैसे हुआ? जवाब: बचपन में मैं तुतला कर बोलता था, इसलिए स्कूल में बच्चे मजाक उड़ाते थे। उस माहौल से बचने के लिए स्टेज पर जाने लगा—स्कूल फंक्शन्स, 15 अगस्त, 26 जनवरी परफॉर्म करता था। वहीं से कॉन्फिडेंस आया और लगा कि एक्टिंग ही करनी है।सवाल: तुतलाने की समस्या से कैसे बाहर निकले? जवाब: स्कूल के टीचर्स ने पेंसिल जीभ के बीच रखकर बोलने की प्रैक्टिस कराई। बाद में थिएटर जॉइन किया, जहां प्रोफेशनल ट्रेनिंग मिली। धीरे-धीरे स्पीच साफ हुई और आत्मविश्वास बढ़ा। सवाल: थिएटर ने आपके करियर को कैसे दिशा दी? जवाब: 9वीं क्लास से थिएटर शुरू किया और देशभर के फेस्टिवल्स में परफॉर्म किया। थिएटर ने डिसिप्लिन, ऑब्जर्वेशन और पर्सनालिटी डेवलपमेंट सिखाया। यहीं से तय हुआ कि इसी फील्ड में आगे बढ़ना है। सवाल: फिर मुंबई आने का फैसला कैसे लिया? जवाब: थिएटर करते-करते तय हो गया था कि प्रोफेशनल एक्टिंग करनी है। 2016 में मुंबई आया और मीठी भाई कॉलेज में मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई शुरू की। साथ में थिएटर और ऑडिशन करता रहा। सवाल: मुंबई में शुरुआती स्ट्रगल कैसा रहा? जवाब: आरामनगर में ऑडिशन के लिए लंबी लाइनें लगती थीं। छोटे कमरों के बाहर 50-100 लोग खड़े रहते थे। कई बार “नॉट फिट” सुनना पड़ा। एक बार लगा कि शायद मैं फिट नहीं हूं, लेकिन बाद में समझ आया कि यह किरदार के हिसाब से होता है। सवाल: पहला ब्रेक कैसे मिला और क्या खास रहा? जवाब: मुझे पहला ब्रेक तापसी पन्नू के साथ कवरफॉक्स इंश्योरेंस के विज्ञापन में मिला था। यह मेरा पहला बड़ा ऑन-कैमरा एक्सपीरियंस था, जिसने इंडस्ट्री का असली माहौल समझाया। सवाल: तापसी पन्नू के साथ पहला शूट आपका हाइलाइट मोमेंट रहा, उस दिन क्या हुआ था? जवाब: मैं बहुत घबड़ाया हुआ था। तापसी ने मेरी घबराहट दूर कर दी। उन्हें मेरी शक्ल पर दिख रहा था कि 17-18 साल का लड़का घबड़ाया हुआ है। शायद बड़े कैमरे को देखकर नर्वस था। उन्होंने मेरे कंधे पर हाथ रखा और गोल-गोल सर्कल में घूमते हुए बोलीं- अभी मैं पिंक करके आ रही हूं, उसमे मेरे सामने अमिताभ सर थे, बच्चन सर को देखकर मेरी भी ऐसी ही हालत खराब हो गई थी। तुम जो फील कर रहे हो वो मैं समझती हूं, मैं अमिताभ बच्चन नहीं हूं, तुम्हें घबराने की जरूरत नहीं है। सीन में हमें उन्हें डांटना था, लेकिन मैं घबरा रहा था। उन्होंने माहौल हल्का कर दिया, जिससे मैं खुलकर परफॉर्म कर पाया। उस दिन समझ आया कि बड़ा कलाकार सेट पर दूसरों को कितना कम्फर्टेबल बनाता है। सवाल: उस पहले ब्रेक के बाद करियर कैसे आगे बढ़ा? जवाब: उस एड के बाद कॉन्फिडेंस मिला। कॉलेज के दौरान थिएटर चलता रहा। फिर ‘छोटा भीम: द म्यूजिकल’ जैसा बड़ा स्टेज शो मिला, जिसमें 50 से ज्यादा कलाकार साथ परफॉर्म करते थे। लेकिन कोविड आने पर सब रुक गया। सवाल: कोविड के समय आपने खुद को कैसे संभाला? जवाब: थिएटर पूरी तरह बंद हो गया। कई लोग शहर छोड़कर चले गए, लेकिन मैं रुका रहा। दादाजी की बात याद रही—“काम नहीं रुकना चाहिए।” वही मुझे मोटिवेशन देती रही। सवाल: कोविड के बाद करियर दोबारा कैसे शुरू हुआ? जवाब: कोविड के बाद ‘नेबर्स किचन’ शो मिला, जो हिंदुस्तान टाइम्स के लिए था। वहीं से काम की रफ्तार शुरू हुई। इसके अलावा 20-25 एड्स किए, जिनमें बड़े कलाकारों के साथ काम किया। सवाल: ‘मामला लीगल’ तक पहुंचने का सफर कैसा रहा? जवाब: लगातार ऑडिशन दे रहा था। ‘मामला लीगल’ के लिए करीब 5 राउंड हुए। हर बार उम्मीद और डर रहता था, लेकिन आखिरकार सिलेक्शन हो गया। सवाल: सिलेक्शन का पता चला तो आपकी पहली प्रतिक्रिया क्या थी? जवाब: मैं स्कूटर चला रहा था, तभी कॉल आया। गाड़ी साइड में रोकी। जैसे ही पता चला कि सिलेक्शन हो गया है, कुछ देर वहीं खड़ा रह गया… समझ नहीं आया क्या करूं। सवाल: उस पल में सबसे पहले किसका ख्याल आया? जवाब: सबसे पहले दादाजी याद आए। उन्होंने हमेशा कहा था- “जो तुम्हें खुशी दे, वही करना।” लेकिन उस दिन वो साथ नहीं थे… मैं उन्हें फोन नहीं कर पाया। यह सोचकर मैं बहुत रोया। फिर घर फोन किया, भाई-बहन को बताया। हम वीडियो कॉल पर खुशी से झूम रहे थे। वो पल मेरी जिंदगी का सबसे इमोशनल मोमेंट था। सवाल: ‘मामला लीगल 2' में आपका किरदार क्या है? जवाब: मैं ‘लॉ’ का किरदार निभा रहा हूं- एक सीधा और ईमानदार लड़का। पहले सीजन में इंटर्न था, लेकिन दूसरे सीजन में किरदार और जिम्मेदारियां बढ़ती हैं। सवाल: इस शो के अलावा और कौन-कौन से प्रोजेक्ट किए हैं? जवाब: ‘मामला लीगल’ और ‘नेबर्स किचन’ के अलावा फिल्म ‘जस्सी वेड्स जस्सी’ में काम किया, जिसमें मेरा किरदार नेगेटिव शेड वाला था। इसके अलावा कई एड्स और एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर शॉर्ट फिल्म की है। साथ ही स्पोकन वर्ड और लाइव स्टोरीटेलिंग करता हूं, जहां अपनी लिखी कहानियां परफॉर्म करता हूं।
IPL में आज बेंगलुरु और दिल्ली की भिड़ंत:RCB की नजर घर में लगातार चौथी जीत पर; खराब फॉर्म से जूझ रही है कैपिटल्स
IPL 2026 में शनिवार को अपने घरेलू मैदान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (DC) से होगा। RCB की कोशिश होगी कि वह अपने घरेलू मैदान पर लगातार चौथी जीत दर्ज करे। RCB के पास जोश हेजलवुड की अगुआई में एक सक्षम गेंदबाजी यूनिट है। टीम के उप-कप्तान जितेश शर्मा ने कहा कि टीम चिन्नास्वामी की पिच के हिसाब से रणनीतिक रूप से काम कर रही है। यही कारण है कि वे इस सीजन अपने घर में अजेय रहे हैं। अगर दिल्ली के बल्लेबाज अपनी तकनीक में सुधार नहीं करते हैं, तो यह मुकाबला भी एकतरफा हो सकता है। वहीं, दोनों टीमों के बीच अब तक 33 मैच खेले गए हैं, जिनमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने 19 मुकाबले जीते हैं। जबकि दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 12 मैचों में जीत मिली है। इसके अलावा एक मैच टाई रहा है और एक मुकाबले का कोई परिणाम नहीं निकल सका। पिछले साल दोनों के बीच खेले गए दो मुकाबले में से दोनों टीमों ने एक-एक मैच जीता है। RCB ने अरुण जेटली स्टेडियम में और DC ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मैच अपने-अपने नाम किया है। कोहली के पास ऑरेंज कैप, लेकिन अब पूरी टीम फॉर्म में इस सीजन में भी सभी की नजरें विराट कोहली पर टिकी हैं और उन्होंने अपने फैंस को निराश नहीं किया है। कोहली फिलहाल 'ऑरेंज कैप' होल्डर हैं। हालांकि, इस बार खास बात यह है कि RCB की बल्लेबाजी सिर्फ कोहली पर निर्भर नहीं है। कप्तान रजत पाटीदार, देवदत्त पडिक्कल, फिल सॉल्ट और टिम डेविड ने शानदार पारियां खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई है। कोहली अब ज्यादा खुलकर खेल पा रहे हैं क्योंकि उन्हें पता है कि मिडिल ऑर्डर में रन बनाने वाले खिलाड़ी मौजूद हैं। छक्के लगाने में रजत पाटीदार सबसे आगे RCB के कप्तान रजत पाटीदार इस समय बेहतरीन फॉर्म में हैं। वे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप पर हैं। पाटीदार ने 5 मैचों में 21 छक्के जड़े हैं। वे राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी से तीन छक्के आगे हैं। पाटीदार की पावर हिटिंग दिल्ली के गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है। दिल्ली के अनुभवी खिलाड़ी फेल, समीर रिजवी अकेले लड़ रहे दिल्ली कैपिटल्स की टीम अब तक अपनी सर्वश्रेष्ठ प्लेइंग इलेवन तलाशने में जुटी है। टीम में केएल राहुल, डेविड मिलर और पथुम निसांका जैसे अनुभवी खिलाड़ी होने के बावजूद निरंतरता की कमी साफ दिख रही है। दिल्ली फिलहाल टेबल में 5वें नंबर पर है, लेकिन पिछले दो मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। युवा बल्लेबाज समीर रिजवी ने जरूर दो हाफ सेंचुरी लगाकर संघर्ष दिखाया है, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से साथ नहीं मिल रहा। कप्तान अक्षर पटेल और कुलदीप यादव की खराब फॉर्म दिल्ली के लिए सबसे बड़ी चिंता उनके कप्तान अक्षर पटेल और स्टार स्पिनर कुलदीप यादव की फॉर्म है। अक्षर ने 4 मैचों में केवल 3 विकेट लिए हैं और बल्ले से भी वे फ्लॉप रहे हैं। वहीं, कुलदीप यादव काफी महंगे साबित हो रहे हैं और 10 की इकोनॉमी से रन लुटा रहे हैं। तेज गेंदबाजी में मुकेश कुमार और टी. नटराजन भी टुकड़ों में ही अच्छा प्रदर्शन कर पाए हैं। पिच रिपोर्ट बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यहां पर गेंद अच्छे से बल्ले पर आती है। स्टेडियम छोटा होने की वजह से चौके-छक्के भी यहां खूब लगते हैं। गेंदबाजों को यहां ज्यादा मदद नहीं मिलती है। तेज गेंदबाजों को शुरू में थोड़ी मदद मिलती है। स्पिन गेंदबाजों को बीच के ओवर में थोड़ा फायदा मिलता है, लेकिन ज्यादा नहीं। टॉस जीतना जरूरी होता है। यहां टीमें अक्सर पहले गेंदबाजी करती हैं, क्योंकि बाद में बल्लेबाजी करना आसान होता है। अब तक IPL में एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में कुल 103 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 44 तो दूसरी बैटिंग करने वाली टीम ने 55 मुकाबले जीते हैं। चार मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला है। वहीं इस सीजन यहां पर 3 मैच खेले गए हैं। दो मैचों में स्कोर 200 प्लस बने हैं। जबकि एक मैच में लखनऊ 146 रन पर ही ऑलआउट हो गई थी। मौसम बेंगलुरु में शनिवार, 18 अप्रैल 2026 को मौसम थोड़ा धूप वाला रहेगा। तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस रहेगा, इसलिए दोपहर में गर्मी ज्यादा होगी। नमी करीब 28 प्रतिशत रहेगी, जिससे मौसम थोड़ा ठीक महसूस होगा। धूप तेज रहेगी। हवा हल्की चलेगी और बारिश की संभावना लगभग 10 प्रतिशत है, यानी बारिश की उम्मीद बहुत कम है। इसलिए पूरा मैच बिना रुकावट के होने की संभावना है। संभावित प्लेइंग 11 रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, फिल सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, अभिनंदन सिंह। इम्पैक्ट प्लेयर: वेंकटेश अय्यर। DC: दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल (विकेटकीपर), पाथुम निसांका, नीतीश राणा, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), विपराज निगम, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, मुकेश कुमार, टी नटराजन। इम्पैक्ट प्लेयर: समीर रिजवी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 

















.jpg)




