दुनिया चखेगी यूपी का 'स्वाद': 'एक जनपद-एक व्यंजन' योजना को मिला बैंकों का सहारा; योगी सरकार का 'लोकल टू ग्लोबल' प्लान
One District-One Delicacy Scheme: उत्तर प्रदेश की 'एक जनपद-एक उत्पाद' (ODOP) योजना की वैश्विक सफलता के बाद, अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के पारंपरिक जायकों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए 'एक जनपद-एक व्यंजन' योजना को मिशन मोड पर ले लिया है. इस योजना को नई गति देने के लिए अब बैंकिंग सेक्टर भी मैदान में उतर गया है, जिससे न केवल पारंपरिक व्यंजनों का कारोबार बढ़ेगा, बल्कि लाखों लोगों के लिए रोजगार के नए द्वार भी खुलेंगे.
बैंकों की भूमिका, केवल कर्ज नहीं, मैनेजमेंट भी सिखाएंगे
मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC) ने ओडीओसी (ODOC) योजना को सफल बनाने के लिए एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की है.
आसान और सस्ता ऋण कराया जाएगा मुहैया
बैंकों की ओर से इस कारोबार से जुड़ने वाले उद्यमियों को प्राथमिकता के आधार पर सस्ता और आसान ऋण मुहैया कराया जाएगा. इस दौरान बैंक केवल पूंजी ही नहीं देंगे, बल्कि नया काम शुरू करने वालों को वित्तीय प्रबंधन के गुर भी सिखाएंगे. इसमें हिसाब-किताब रखने से लेकर मुनाफे को निवेश करने तक की ट्रेनिंग शामिल होगी.
रोजगार और विशेषज्ञों का संगम
पिछले दिनों हुई एसएलबीसी की बैठक में सीएम योगी ने स्पष्ट किया था कि बैंकों को केवल कर्ज देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए. उन्होंने अपेक्षा की है कि बैंक इस योजना के लिए विषय विशेषज्ञों और प्रशिक्षकों को जोड़ने में सहयोग करें. सरकार का मुख्य उद्देश्य इस योजना के जरिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वरोजगार की एक नई लहर पैदा करना है.
स्वाद का 'कलस्टर' और ग्लोबल ब्रांडिंग
उत्तर प्रदेश के हर जिले की अपनी एक अलग पहचान है चाहे वह मथुरा का पेड़ा हो, आगरा का पेठा या अवध के कबाब. सरकार अब इन विशिष्ट व्यंजनों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग में सीधा सहयोग करेगी.
कलस्टर विकास: जिलों में विशेष क्लस्टर विकसित किए जाएंगे जहां इन व्यंजनों को उच्च मानकों के अनुरूप तैयार और पैक किया जाएगा.
पैकेजिंग क्रांति: पारंपरिक स्वाद को आधुनिक पैकेजिंग के साथ पेश किया जाएगा ताकि वह एक्सपोर्ट क्वालिटी का बन सके.
मार्केटिंग सपोर्ट: सरकारी मेलों, प्रदर्शनी और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए इन व्यंजनों को 'लोकल से ग्लोबल' बनाने का लक्ष्य रखा गया है.
'स्वस्थ और समृद्ध' उत्तर प्रदेश की ओर
ओडीओसी योजना के जरिए योगी सरकार न केवल लुप्त होती पारंपरिक पाक कला को पुनर्जीवित कर रही है, बल्कि इसे एक संगठित उद्योग का रूप दे रही है. बैंकों का जुड़ाव इस योजना को वह वित्तीय रीढ़ प्रदान करेगा, जिसकी कमी के कारण छोटे कारीगर अपनी कला को बड़े बाजार तक नहीं ले जा पाते थे.
यह भी पढ़ें - तमिलनाडु सीएम ने जलाई परिसीमन बिल की कॉपी, स्टालिन बोले- पूरे दक्षिण में फैलेगी ये आग
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation






















