Independence Day: Pradhanmantri Sangrahalaya में वंदे मातरम् पर विशेष प्रदर्शनी शुरू
नयी दिल्ली, आठ अगस्त स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रधानमंत्री संग्रहालय एक प्रदर्शनी आयोजित कर रहा है, जिसमें कई तरह की वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया है। इनमें वंदे मातरम् पर जारी स्मृति डाक टिकट, वर्ष 1976 में इसके रचयिता के सम्मान में जारी विशेष प्रथम दिवस आवरण और चंदन की लकड़ी पर नक्काशी करके बनाई गई भारत माता की मूर्ति शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार से शुरू हुई पांच दिवसीय प्रदर्शनी में एक पुराने तिरंगे को भी प्रदर्शित किया गया है, जिसके बीच में देवनागरी लिपि में वंदे मातरम् लिखा हुआ है।
यह आयोजन 15 अगस्त को मनाए जाने वाले 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोहों के तहत तीन मूर्ति भवन परिसर स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय के नए खंड में आयोजित किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि यह प्रदर्शनी आठ से 12 अगस्त तक आयोजित की जा रही है। प्रदर्शनी वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने और भारत के स्वतंत्रता संग्राम में इसके योगदान का भी उत्सव मना रही है।
इसमें प्रदर्शित अन्य वस्तुओं में सजावटी बटन का एक सेट भी शामिल है, जिन पर पृष्ठभूमि में पुराने तिरंगे के साथ देवनागरी लिपि में वंदे मातरम् अंकित है। प्रदर्शनी में वंदे मातरम् पर जारी स्मृति डाक टिकट और इसके रचयिता बंकिम चंद्र चटर्जी के सम्मान में वर्ष 1976 में जारी विशेष प्रथम दिवस आवरण के साथ-साथ भारतीय डाक द्वारा नवंबर 2025 में जारी स्मृति डाक टिकट भी प्रदर्शित किए गए हैं। इसके अलावा, प्रदर्शनी में ‘आनंदमठ’ की प्रतियां भी प्रदर्शित की गई हैं, जिसमें वर्ष 1882 में पहली बार वंदे मातरम् को पूरी तरह बांग्ला में प्रकाशित किया गया था।
इसके साथ ही वर्ष 1909 में अरविंद घोष द्वारा किए गए इसके अंग्रेजी अनुवाद की एक प्रति भी प्रदर्शनी का हिस्सा है। इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनी में शामिल कुछ वस्तुएं प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय (पीएमएमएल) के तोशाखाना संग्रह से ली गई हैं। बंकिम चंद्र चटर्जी द्वारा वर्ष 1875 में रचित वंदे मातरम् स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान एक प्रमुख नारे के रूप में उभरा और इसने आंदोलन को नयी ऊर्जा दी।
Delhi में भारी Rain से दो साल का रिकॉर्ड टूटा, 8 दिनों में ही महीने के करीब पहुंचा आंकड़ा
नयी दिल्ली, आठ अगस्त लगातार चार दिनों से जारी बारिश के बीच शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में पिछले दो सालों में अगस्त महीने के किसी एक दिन सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। महीने के शुरुआती आठ दिनों में ही कुल बारिश का आंकड़ा पूरे अगस्त महीने के औसत के करीब पहुंच गया। सुबह 8.30 बजे तक 98.7 मिमी बारिश के साथ दिल्ली में अगस्त महीने में किसी एक दिन सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई।
इससे पहले 2024 में अगस्त महीने के पहले दिन 107.6 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। इस रिकॉर्ड के साथ, शनिवार सुबह 8.30 बजे तक सफदरजंग में अगस्त महीने में अब तक हुई कुल बारिश की मात्रा 225.7 मिमी दर्ज की गई, जो महीने के दीर्घकालिक औसत 233.1 मिमी से बस कुछ मिमी ही कम है। लगातार हो रही बारिश के बीच राजधानी में कई जगहों पर यातायात जाम की खबरें हैं।
कालिंदी कुंज बॉर्डर, आईटीओ, प्रेस एन्क्लेव मार्ग, गीतांजलि मार्ग और महरौली-बदरपुर सड़क पर भारी जाम देखा गया। जीटी मार्ग समेत पूर्वी दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात पर असर पड़ा। इस बीच, शनिवार को कई मौसम केंद्रों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
सफदरजंग में शुक्रवार रात 11.30 बजे से शनिवार सुबह 2.30 बजे के बीच 16.6 मिमी बारिश हुई और उसके बाद के तीन घंटे में 1.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस केंद्र पर सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच कुल 4.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। पुष्प विहार में शनिवार सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटे में 165 मिमी बारिश दर्ज की गई, सुबह 8.30 बजे से 11.30 बजे के बीच 38.5 मिमी बारिश, अपराह्न 2.30 बजे तक 18.5 मिमी बारिश और उसके बाद के तीन घंटे में 8.5 मिमी बारिश हुई।
महीने के पहले आठ दिनों में सफदरजंग में सामान्य तौर पर होने वाली लगभग 60 मिमी बारिश के मुकाबले 188.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 214 प्रतिशत अधिक है। आठ दिनों की अवधि में पालम में 57.9 मिमी की सामान्य बारिश के मुकाबले 155.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 168 प्रतिशत अधिक है। इसी तरह इस अवधि में लोधी रोड पर 60 मिमी की सामान्य बारिश के मुकाबले 198.5 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 231 प्रतिशत अधिक है।
रिज में 56.7 मिमी की सामान्य बारिश के मुकाबले 184.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 225 प्रतिशत अधिक है। शनिवार को दिल्ली के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखी गई, जबकि भारत मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी येलो अलर्ट के बीच शहर के कुछ हिस्सों में दिन भर हल्की से मध्यम बारिश होती रही। शहर के सफदरजंग स्थित मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम और पिछले दिन की तुलना में 5.3 डिग्री अधिक था।
न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है और पिछले दिन की तुलना में 0.9 डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले कुछ दिनों में बहुत हल्की से हल्की बारिश का अनुमान लगाया है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘रविवार की सुबह कई जगहों पर बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है, और शाम को भी बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है।’’ आईएमडी के अनुमान के मुताबिक, रविवार को अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
न्यूनतम तापमान 23-25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) संतोषजनक श्रेणी में रहा। जबकि शनिवार शाम चार बजे तक 24 घंटे का औसत एक्यूआई 63 रहा, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, 0-50 एक्यूआई को अच्छा , 51-100 को संतोषजनक , 101-200 को मध्यम , 201-300 को खराब , 301-400 को बहुत खराब और 401-500 को गंभीर माना जाता है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









