Preity Zinta: 8 साल बाद कमबैक, शादी और मां बनने के बाद प्रीति जिंटा ने क्यों छोड़ा बॉलीवुड? बताई बड़ी वजह
Preity Zinta: करीब 8 साल बाद बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। उनकी आगामी फिल्म 'बंटवारा 1947' 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। लंबे समय तक फिल्मों से दूर रहने के बाद प्रीति ने खुलकर बताया कि उन्होंने अभिनय से दूरी क्यों बनाई और अब वापसी का अनुभव कैसा रहा।
'परिवार मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि है'
फिल्म की रिलीज से पहले मीडिया से बातचीत में प्रीति जिंटा ने कहा कि उन्हें फिल्मों से दूर रहने का कभी अफसोस नहीं हुआ। प्रीति आखिरी बार 2018 में आई फिल्म 'भैयाजी सुपरहिट' थी, जिसमें सनी देओल भी थे। कई सालों तक बॉलीवुड से दूरी पर एक्ट्रेस ने कहा- "सच कहूं तो, मुझे इसकी कमी महसूस नहीं हुई। मैं परिवार के साथ समय का आनंद ले रही थी; बच्चों का होना और अपनी पर्सनल लाइफ पर ध्यान देना मेरे लिए नया अनुभव था। और मेरे करियर में चाहे कितनी भी बड़ी उपलब्धियां क्यों न रही हों, मेरे लिए सबसे बड़ी उपलब्धि बच्चों का होना ही थी।"
वापसी पर घबराहट भी हुई
प्रीति ने माना कि लंबे अंतराल के बाद कैमरे के सामने लौटना आसान नहीं था। उन्होंने बताया कि पहले दिन शूटिंग के दौरान वह काफी नर्वस थीं।
अभिनेत्री ने बताया कि निर्देशक राजकुमार संतोषी ने शूटिंग के पहले ही दिन फिल्म का सबसे चुनौतीपूर्ण दृश्य फिल्माने का फैसला किया, जिससे उनकी घबराहट और बढ़ गई। हालांकि, सह-कलाकार सनी देओल ने पूरे समय उनका हौसला बढ़ाया और सहज महसूस कराने में मदद की।
उन्होंने बताया कि मुश्किल सीन पूरा होने के बाद उनका आत्मविश्वास लौट आया और आगे की शूटिंग पहले से काफी आसान लगने लगी।
14 अगस्त को रिलीज होगी 'बंटवारा 1947'
राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी 'बंटवारा 1947' एक पीरियड ड्रामा है, जिसमें विभाजन के दौर और रिश्तों की कहानी दिखाई जाएगी। फिल्म में सनी देओल, शबाना आजमी, करण देओल, अली फजल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं।
सेंसर बोर्ड से बिना किसी कट के मंजूरी मिलने के बाद यह फिल्म 14 अगस्त को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
R Madhavan: विजय की सियासी पारी पर आर. माधवन का रिएक्शन वायरल, बोले- 'अच्छी चीजें हो रही हैं'
R Madhavan: एक्टर आर. माधवन ने तमिलनाडु की बदलती राजनीति को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अभिनेता से नेता बने अपने पुराने दोस्त विजय के मुख्यमंत्री बनने पर खुशी जताई और कहा कि राज्य में बदलाव देखने को मिल रहे हैं। माधवन ने कहा कि अब उन्हें अपने दोस्त विजय को 'सीएम विजय' कहना पड़ता है। हालांकि, उन्होंने साफ कर दिया कि वह खुद राजनीति में आने की कोई योजना नहीं रखते हैं।
विजय को बताया पुराना दोस्त
डायरेक्टर केएस रविकुमार के साथ एक इंटरव्यू में माधवन से तमिलनाडु की राजनीति को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा, "अच्छी चीजें हो रही हैं। अब हमें भरोसा होने लगा है कि बदलाव इतनी जल्दी भी आ सकता है। मैं विजय को बहुत अच्छे से जानता हूं। हम दोस्त हैं।"
राजनीति को बताया दोधारी तलवार
माधवन ने राजनीति की चुनौतियों पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि राजनीति में कोई भी फैसला लेना आसान नहीं होता, क्योंकि यहां हर कदम पर लोगों की प्रतिक्रिया मिलती है। उन्होंने कहा, "राजनीति एक दोधारी तलवार है। आप अच्छा काम करेंगे तो भी कुछ लोग आलोचना करेंगे और अगर कोई गलती हो जाए तो भी सवाल उठेंगे। आलोचना करने वाले हमेशा मौजूद रहते हैं।"
राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं
माधवन से पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी राजनीति में कदम रखने के बारे में सोचा है, तो उन्होंने इससे साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, "बिल्कुल नहीं। राजनीति में आने के लिए मन में सेवा की भावना होनी चाहिए। मेरे अंदर सत्ता हासिल करने या मुख्यमंत्री बनने की इच्छा नहीं है। मैं लोगों का नेतृत्व नहीं करना चाहता।" माधवन ने कहा कि वह अपने तरीके से लोगों के लिए अच्छा काम करना पसंद करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए नेताओं का सम्मान करते हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi











