आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी : ट्रंप
वाशिंगटन, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को नेस्तनाबूद करने की धमकी दी है। मंगलवार को उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से दावा किया कि आज (मंगलवार) रात पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी।
ट्रंप ने ट्रुथ पोस्ट में लिखा कि आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी, जिसे फिर कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा।
इसके साथ ही विश्वास दिलाने की कोशिश की वो इसकी ख्वाहिश नहीं रखते। उन्होंने कहा, मैं नहीं चाहता कि ऐसा हो, लेकिन शायद हो जाए।
फिर दावा किया कि अब पूर्ण सत्ता परिवर्तन की गुंजाइश है। उनके मुताबिक, इस बदलाव के साथ ही सत्ता पर ज्यादा होशियार और कम रेडिकल सोच वाले लोग काबिज होंगे। ट्रंप ने उम्मीद जताई कि अगर ऐसा हुआ तो शायद कुछ बहुत ही शानदार हो जाए।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपनी बातों को विराम देते हुए कहा- आज की रात दुनिया के इतिहास की एक बहुत बड़ी और खास पल साबित हो सकती है। पिछले 47 साल से चल रहे दमन, भ्रष्टाचार और हिंसा का अंत हो सकता है।
इससे पहले ट्रंप ने व्हाइट हाउस में एक कॉन्फ्रेंस के दौरान होर्मुज स्ट्रेट खोलने की चेतावनी देते हुए ईरान के ऊर्जा संयंत्रों और पुलों को बर्बाद-तबाह करने की बात दोहराई थी। उन्होंने कहा कि ईरान को एक ही रात में खत्म किया जा सकता है। चेतावनी दी कि अगर ईरान तय समय से पहले अमेरिका से समझौता नहीं करता, तो कार्रवाई कभी भी हो सकती है और यह मंगलवार रात भी हो सकती है।
व्हाइट हाउस में ट्रंप ने कहा कि उन्हें लगता है कि ईरान के नेता बातचीत तो कर रहे हैं, लेकिन अभी स्पष्ट नहीं है कि कोई समझौता होगा या नहीं। वहीं, ईरान ने भी अस्थायी युद्धविराम के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है।
इस बीच इजरायल ने भी ईरान के रेलवे सिस्टम को उड़ाने की धमकी दी। आईडीएफ ने ईरानियों को रेल सेवा का इस्तेमाल न करने की सलाह दी। इसके बाद दोपहर होते-होते कई ठिकानों पर हमला कर दिया। अर्द्ध सरकारी मेहर न्यूज एजेंसी और आईआरएनए न्यूज एजेंसी ने इसकी जानकारी दी। बताया कि मंगलवार को उत्तर-पश्चिम ईरान में तबरीज-जंजान हाईवे पर बने एक पुल को ही नहीं, याह्या अबाद रेलवे पुल समेत खार्ग द्वीप को निशाने पर लिया गया।
--आईएएनएस
केआर/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
शोध रिपोर्ट : आसियान और चीन-जापान-दक्षिण कोरिया क्षेत्रीय उत्पादन नेटवर्क में एक प्रमुख केंद्र बना चीन
बीजिंग, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। आसियान प्लस चीन-जापान-दक्षिण कोरिया मैक्रोइकॉनॉमिक रिसर्च ऑफिस द्वारा 6 अप्रैल को जारी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले 20 वर्षों में चीन इस क्षेत्र के उत्पादन नेटवर्क में एक प्रमुख केंद्र बन गया है।
इस संगठन ने अपनी 2026 आसियान प्लस चीन-जापान-दक्षिण कोरिया क्षेत्रीय आर्थिक आउटलुक रिपोर्ट में कहा है कि पिछले 20 वर्षों में आसियान प्लस चीन-जापान-दक्षिण कोरिया के क्षेत्रों की आर्थिक संरचना में एक मौलिक परिवर्तन हुआ है। यह परिवर्तन क्षेत्र के लचीलेपन के लिए एक प्रमुख आधार बन गया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि आपूर्ति पक्ष की ओर से क्षेत्रीय उत्पादन नेटवर्क में व्यापक विकास हुआ है। यह नेटवर्क, जो मूल रूप से जापान पर केंद्रित था, अब चीन को अपने स्तंभ के रूप में लेते हुए एक सघन और अधिक परस्पर जुड़े ढांचे में परिवर्तित हो गया है।
यह चीन की विस्तारित विनिर्माण क्षमता, लॉजिस्टिक्स बुनियादी ढांचे और मध्यवर्ती वस्तुओं के व्यापार में प्रमुख स्थिति के कारण संभव हुआ है। यह आपूर्ति श्रृंखला संबंध चीन पर एकतरफा निर्भरता के बजाय परस्पर निर्भर और सहजीवी है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि मांग के दृष्टिकोण से, पिछले 20 वर्षों में, आसियान क्षेत्र और चीन-जापान-दक्षिण कोरिया क्षेत्र के भीतर मांग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जो वैश्विक अंतिम-उपभोक्ता मांग का एक महत्वपूर्ण स्रोत बन गया है। 2022 में, इसकी कुल मांग अमेरिका की मांग से अधिक हो गई। यह बदलाव मुख्य रूप से इस क्षेत्र और वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख उपभोक्ता के रूप में चीन के उदय के कारण हुआ है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि क्षेत्र में विदेशी प्रत्यक्ष निवेश में वृद्धि व्यापार और उत्पादन नेटवर्क को बढ़ावा देती है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation




















