ईरानी परमाणु प्लांट के पास हमले की पुष्टि, आईएईए बोला- महज 75 मीटर दूर गिरी मिसाइल
जिनेवा, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने ईरान के बुशहर न्यूक्लियर एनर्जी प्लांट के पास हमले की पुष्टि कर दी है। राहत की बात ये है कि फिलहाल सीधे तौर पर प्लांट को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। एजेंसी के अनुसार हमला महज 75 मीटर की दूरी पर हुआ।
आईएईए ने सैटेलाइट तस्वीरों और तकनीकी जानकारी के आधार पर ये जानकारी दी। आधिकारिक एक्स हैंडल पर एजेंसी ने डीजी रफेल ग्रॉसी के हवाले से इसकी जानकारी दी।
पोस्ट में लिखा, एजेंसी इस बात की पुष्टि करती है कि ईरान के बुशहर न्यूक्लियर पावर प्लांट (बीएनपीपी) के पास सैन्य हमला हुआ। इनमें से एक हमला तो प्लांट की सीमा से महज 75 मीटर की दूरी पर हुआ था। 5 अप्रैल की तस्वीरों के आईएईए के विश्लेषण से पता चलता है कि बीएनपीपी को सीधा नुकसान नहीं पहुंचा है।
ग्रॉसी ने चेतावनी दी कि बीएनपीपी—जो कि भारी मात्रा में परमाणु ईंधन वाला एक चालू प्लांट है—के पास लगातार जारी सैन्य गतिविधियां एक गंभीर रेडियोलॉजिकल रिसाव का कारण बन सकती हैं, जिसके परिणाम मानव समाज और पर्यावरण के लिए बेहद खौफनाक हो सकते हैं।
डीजी ग्रॉसी के अनुसार, निशाना बनाए गए लक्ष्यों की प्रकृति चाहे जो भी हो, लेकिन ऐसे हमले परमाणु सुरक्षा के लिए बहुत बड़ा खतरा हैं और इन्हें तुरंत रोका जाना चाहिए।
एक बार फिर ग्रॉसी ने सभी पक्षों से संघर्ष के दौरान परमाणु सुरक्षा और संरक्षा सुनिश्चित करने वाले 7 अनिवार्य स्तंभों का सम्मान करने की अपील की।
बता दें, इससे पहले ईरान ने इस मामले को लेकर आईएईए को एक चिट्ठी भी लिखी, जिसमें चेतावनी दी कि अगर ऐसे हमले जारी रहे, तो इससे रेडियोएक्टिव रिसाव का खतरा बढ़ सकता है, जो न सिर्फ ईरान बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए विनाशकारी साबित हो सकता है। तेहरान ने हमलों की महज निंदा करने की प्रवृत्ति को चुप्पी सरीखा करार दिया। उन्होंने कहा कि आपकी चुप्पी हमलावरों को बढ़ावा दे रही है और उनके हौसलों को और बल मिल रहा है।
--आईएएनएस
केआर/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
भारत-जापान खास रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को मजबूत करने पर कर रहे काम
टोक्यो, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। जापान में भारत की राजदूत नगमा मलिक ने सोमवार को जापानी सांसद और लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के एग्जीक्यूटिव कार्यवाहक जनरल सचिव कोइची हागिउडा से मुलाकात की। इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच खास रणनीति और वैश्विक साझेदारी को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा हुई, जिसमें पार्लियामेंट्री एक्सचेंज भी शामिल हैं।
जापान में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, राजदूत नगमा एम. मलिक ने जापान की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद और एग्जीक्यूटिव एक्टिंग सेक्रेटरी जनरल, कोइची हागिउडा से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच पार्लियामेंट्री एक्सचेंज सहित भारत-जापान स्पेशल स्ट्रेटेजिक और ग्लोबल पार्टनरशिप को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
भारत-जापान संबंधों को 2000 में ‘ग्लोबल पार्टनरशिप’, 2006 में ‘स्ट्रेटेजिक और ग्लोबल पार्टनरशिप’ और 2014 में ‘स्पेशल स्ट्रेटेजिक और ग्लोबल पार्टनरशिप’ तक बढ़ाया गया था।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, रक्षा और सुरक्षा साझेदारी भारत-जापान द्विपक्षीय संबंधों का एक अहम हिस्सा है। हाल के वर्षों में रणनीतिक मामलों पर बढ़ती सहमति के कारण रक्षा आदान-प्रदान को मजबूती मिली है और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और स्थिरता के मुद्दों पर आम नजरिए से इसका महत्व बढ़ रहा है।
पिछले महीने, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने फ्रांस में जी7 विदेश मंत्रियों की मीटिंग के दौरान अपने जापानी समकक्ष तोशिमित्सु मोटेगी से मुलाकात की।
डॉ. जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट किया, अपने दोस्त विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोटेगी से मिलकर हमेशा अच्छा लगता है, इस बार जी7 एफएमएम के दौरान।
6 मार्च को विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने जापान की प्रधानमंत्री के विशेष सलाहकार सदामासा ओउए के साथ मीटिंग की और डिफेंस टेक्नोलॉजी और आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने पर चर्चा की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर बताया, विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने जापान की प्रधानमंत्री के खास राजदूत सदामासा ओउ से मुलाकात की। उन्होंने भारत-जापान स्पेशल स्ट्रेटेजिक एंड ग्लोबल पार्टनरशिप के रक्षा तकनीक और आर्थिक सुरक्षा स्तंभों को मजबूत करने पर अच्छे विचारों का आदान-प्रदान किया।
--आईएएनएस
केके/एबीएम
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation






















