बाजार की पाठशाला: पीपीएफ में 5 अप्रैल से पहले निवेश से मिल सकता है लाखों का अतिरिक्त फायदा - समझें मुनाफे का गणित
नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। पब्लिक प्रोविडेंट फंड यानी पीपीएफ आज भी लंबी अवधि में सुरक्षित और टैक्स-फ्री रिटर्न देने वाले सबसे भरोसेमंद निवेश विकल्पों में से एक है। 15 साल की लॉक-इन अवधि (जिसे आगे 5-5 साल के ब्लॉक में बढ़ाया जा सकता है) के साथ यह योजना निवेशकों को स्थिर और जोखिम-मुक्त रिटर्न देती है। फिलहाल सरकार इस योजना पर अप्रैल-जून 2026 तिमाही के लिए 7.1 प्रतिशत सालाना ब्याज दे रही है।
हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि अगर निवेशक अपने रिटर्न को अधिकतम करना चाहते हैं, तो उन्हें 5 अप्रैल से पहले पीपीएफ में निवेश करना चाहिए। वित्तीय वर्ष की शुरुआत में उठाया गया यह छोटा-सा कदम लंबे समय में लाखों रुपए का अतिरिक्त फायदा दे सकता है।
दरअसल, पीपीएफ में ब्याज की गणना हर महीने की 5 तारीख और महीने के अंत के बीच के न्यूनतम बैलेंस पर की जाती है। इसका मतलब यह है कि अगर आप 1 अप्रैल से 5 अप्रैल के बीच पैसा जमा करते हैं, तो उस राशि पर पूरे साल का ब्याज मिलता है। लेकिन यदि आप 5 अप्रैल के बाद निवेश करते हैं, तो उस महीने का ब्याज नहीं मिलता और हर साल एक महीने का ब्याज कम हो जाता है।
उदाहरण के तौर पर, यदि कोई निवेशक 5 अप्रैल से पहले अधिकतम 1.5 लाख रुपए निवेश करता है, तो उसे पूरे 12 महीनों का ब्याज मिलता है, जो लगभग 10,650 रुपए होता है। वहीं, अगर यही रकम 6 अप्रैल को जमा की जाए, तो ब्याज घटकर करीब 9,763 रुपए रह जाता है। यानी एक साल में करीब 887 रुपए का अंतर आ जाता है, जो समय के साथ कंपाउंडिंग के कारण काफी बड़ा हो जाता है।
एक्सपर्ट्स के अनुसार, लंबी अवधि में इस अंतर का असर और भी ज्यादा दिखाई देता है। अगर कोई निवेशक हर साल 1.5 लाख रुपए वित्तीय वर्ष की शुरुआत में जमा करता है, तो 15 साल में उसका कुल निवेश 22.5 लाख रुपए से बढ़कर करीब 40.68 लाख रुपए हो सकता है, जिसमें लगभग 18.18 लाख रुपए ब्याज के रूप में मिलते हैं।
वहीं, अगर यही निवेश हर साल देर से किया जाए, तो मैच्योरिटी वैल्यू घटकर लगभग 37.80 लाख रुपए रह सकती है और ब्याज करीब 15.31 लाख रुपए ही मिलेगा। यानी सिर्फ समय पर निवेश न करने की वजह से लगभग 2.9 लाख रुपए तक का नुकसान हो सकता है।
ऐसे में, पीपीएफ में निवेश करते समय सिर्फ रकम ही नहीं, बल्कि सही समय भी बेहद महत्वपूर्ण होता है। वित्तीय वर्ष की शुरुआत में निवेश करने से कंपाउंडिंग का पूरा फायदा मिलता है और लंबे समय में बेहतर रिटर्न हासिल किया जा सकता है।
--आईएएनएस
डीबीपी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
शरीर से पूरी गंदगी निकाल देंगे ये छह स्टेप्स, आयुर्वेद से जानें फुल बॉडी डिटॉक्स का तरीका
नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। जैसे ही गर्मियों का मौसम शुरू होता है, शरीर में कई तरह की दिक्कतें बढ़ने लगती हैं। चेहरे पर मुंहासे, एलर्जी होना, पाचन संबंधी समस्याएं और बालों का झड़ना आम हो जाता है।
गर्मियों में ये सभी परेशानियां पेट से शुरू होती है और बहुत कम लोग जानते हैं कि उनके पीछे का कारण हमारे शरीर के अंदर ही छिपा है। शरीर के अंदर जमी गंदगी कई रोगों को जन्म देती है। ऐसे में शरीर को डिटॉक्स करना बेहद जरूरी है। आज हम गर्मियों में शरीर को डिटॉक्स करने के आसान तरीके लेकर आए हैं, जिससे कुछ ही दिनों में शरीर की सारी गंदगी खुद-ब-खुद बाहर आ जाएगी।
आयुर्वेद के मुताबिक दिनचर्या में बदलाव के साथ ही शरीर की स्थिति को सुधारा जा सकता है। इसके लिए रोजाना 6 चीजें करनी जरूरी है, जो बहुत ही आसान है। पहला काम सुबह उठते ही गुनगुने पानी में नींबू मिलाकर पीना चाहिए। यह चर्बी को कम करने में मदद करता है और मेटाबॉलिज्म को दुरुस्त करता है। यह शरीर से टॉक्सिन निकालने में भी मदद करता है।
दूसरा, पानी के साथ एक चम्मच ताजा एलोवेरा जेल को मिलाकर पीएं। इसका सेवन शरीर को डिटॉक्सिफिकेशन की प्रक्रिया को तेज करता है और शरीर में जमा गदंगी हटने लगती है। तीसरा, नाश्ते में ढेर सारे फल। सुबह का नाश्ता फल से शुरू होना चाहिए। सुबह खाली पेट एक कटोरा फल खाएं। इसके साथ ही दलिया और ओट्स को भी अपनी मील में शामिल करें। इस सभी आहार में भरपूर फाइबर होता है, जो पाचन की प्रक्रिया को आसान बनाता है।
चौथा स्टेप है भोजन से पहले सलाद का सेवन। दोपहर के भोजन से पहले एक प्लेट सलाद लें और आधे घंटे बाद भोजन करें। भोजन में प्रोटीन और फाइबर की मात्रा अधिक रखें। यह सभी चीजें पचाने में आसान होती हैं और शरीर को भी पूरा पोषण मिलता है।
पांचवां स्टेप है रात का भोजन। रात का भोजन हमेशा हल्का करें। कोशिश करें की रात का भोजन हमेशा 7 बजे से पहले ही खा लें। देर रात भोजन करने से बचें, क्योंकि रात के समय पाचन अग्नि मंद होती है और खाना पचने में काफी समय लगता है।
छठा और आखिरी स्टेप है ईसबगोल के साथ दूध। रात के समय गुनगुने दूध के साथ ईसबगोल मिलाकर लें। इससे सुबह पेट अच्छे से साफ होगा। यह सभी स्टेप्स एक हफ्ते करने से पूरा शरीर डिटॉक्स हो जाएगा।
--आईएएनएस
पीएस/वीसी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation

















