ईरान संघर्ष खत्म होने के बाद अमेरिका 'नाटो' पर फिर से कर सकता है विचार
वाशिंगटन, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नाटो से हटने पर विचार कर रहे हैं। विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी इसके संकेत दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यूरोपीय साथियों के साथ बढ़ते तनाव के बीच ईरान संघर्ष के बाद यूएस इस गठबंधन पर फिर से समीक्षा कर सकता है।
रूबियो ने नाटो की उपयोगिता पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर सहयोगी देश अमेरिकी सैन्य अभियानों में बाधा डालते हैं, तो इस गठबंधन का महत्व कम हो जाता है। उन्होंने फॉक्स न्यूज से बातचीत में कहा, “अगर नाटो सिर्फ यूरोप की रक्षा के लिए है, लेकिन जरूरत पड़ने पर हमें सैन्य अड्डों का उपयोग नहीं करने देता, तो यह एकतरफा व्यवस्था बन जाती है।”
राष्ट्रपति ट्रंप ने इससे भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि वह नाटो से अमेरिका को बाहर निकालने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। उन्होंने ब्रिटिश दैनिक द टेलिग्राफ को दिए इंटरव्यू में गठबंधन को “पेपर टाइगर” बताया और कहा कि इससे बाहर निकलना “सिर्फ विकल्प नहीं, बल्कि गंभीर विचार का विषय” है। ट्रंप ने यह भी आरोप लगाया कि यूरोपीय देशों ने ईरान के खिलाफ उनके अभियान में साथ नहीं दिया।
विशेष रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की सुरक्षा को लेकर अमेरिका की नाराजगी सामने आई है। ट्रंप प्रशासन का कहना है कि यह वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का अहम मार्ग है, लेकिन इसके बावजूद सहयोगी देशों ने नौसैनिक बल तैनात करने में हिचक दिखाई, जिससे वॉशिंगटन में असंतोष बढ़ा।
अमेरिकी प्रशासन ने इस विवाद को ईरान संघर्ष के व्यापक संदर्भ में रखा है। रूबियो के अनुसार, अमेरिकी सेना अपने लक्ष्यों को हासिल करने के करीब है और ईरान की वायुसेना, नौसेना, मिसाइल सिस्टम और रक्षा ढांचे को काफी हद तक कमजोर किया जा चुका है। उन्होंने कहा, “हम अपने उद्देश्यों को हासिल करने के बहुत करीब हैं,” और यह अभियान ईरान के लिए निकट भविष्य में परमाणु हथियार विकसित करना लगभग असंभव बना देगा।
हालांकि, यूरोपीय नेताओं ने इस रुख का विरोध किया है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने नाटो को “दुनिया का सबसे प्रभावी सैन्य गठबंधन” बताते हुए इसका समर्थन दोहराया और स्पष्ट किया कि ब्रिटेन ईरान संघर्ष में शामिल नहीं होगा।
1949 में स्थापित नाटो लंबे समय से अमेरिका और यूरोप के बीच सुरक्षा सहयोग का आधार रहा है। ये संगठन सामूहिक रक्षा के सिद्धांत पर आधारित है। लेकिन मौजूदा हालात में यह सिद्धांत केवल सदस्य देशों पर हमले की स्थिति में लागू होता है, न कि ईरान जैसे बाहरी संघर्षों पर। ऐसे में ट्रंप के बयान ट्रांस-अटलांटिक रिश्तों में बढ़ती दरार को और गहरा कर रहे हैं।
--आईएएनएस
केआर/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
ईरान में फंसे सैकड़ों भारतीय छात्रों ने सरकार से सुरक्षित घर वापसी की लगाई गुहार
नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान के मौजूदा हालात के बीच सैकड़ों भारतीय छात्र अलग-अलग बॉर्डर इलाकों में फंसे हुए हैं, जहां से उनकी सुरक्षित वापसी एक बड़ी चुनौती बन गई है। लगातार बिगड़ते हालात के बीच छात्र और उनके परिजन डरे हुए हैं और भारत सरकार से जल्द से जल्द सुरक्षित निकासी की मांग कर रहे हैं।
सीमित संसाधनों और धीमी प्रक्रिया के चलते छात्रों को एक-एक करके निकाला जा रहा है, जिससे देरी और चिंता दोनों बढ़ रही हैं।
अखिल भारतीय मेडिकल छात्र संघ के उपाध्यक्ष डॉ. मोहम्मद मोमिन खान ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से बताया कि ईरान में अभी भी 26 भारतीय छात्र फंसे हुए हैं। इसके अलावा ईरान और अजरबैजान के बॉर्डर में करीब 84 भारतीय छात्र फंसे हुए हैं। यहां से एक बार में दस-दस छत्रों को बॉर्डर पार कराया जा रहा है। छत्रों को एक कोड देकर यहां से निकाला जा रहा है।
इस प्रक्रिया में बहुत समय लग रहा है। छात्र लगातार अपने परिजनों के संपर्क में बने हुए हैं और अपनी परेशानी बता रहे हैं। भारत में इन छात्रों के परिजन भी परेशान हो रहे हैं। छात्र यहां 15 से 20 दिन से फंसे हुए हैं और परेशान हो रहे हैं। हालांकि भारतीय दूतावास इनकी पूरी तरह से मदद कर रहा है। जरूरत की हर चीज इनको उपलब्ध कराई जा रही है, फिर भी ईरान के जो हालात हैं, वो चिंता का विषय हैं। यहां कोई भी चीज सेफ नहीं है।
इसके अलावा, ईरान और अर्मेनिया की सीमा पर भी हमारे करीब 53 भारतीय छात्र वहां पर फंसे हुए हैं। वो छात्र वहां बहुत ही ज्यादा परेशान हैं। उनका कहना है कि वो बार-बार टिकट बुक कर रहे हैं, लेकिन दो से तीन घंटे बाद ही टिकट कैंसिल हो जाती है। वो लगातार कॉल करके मदद की गुहार लगा रहे हैं।
अखिल भारतीय मेडिकल छात्र संघ के उपाध्यक्ष डॉ. मोहम्मद मोमिन खान ने भारत सरकार से अपील करते हुए कहा कि अब तक कई छात्रों को यहां से सकुशल निकाल कर घर पहुंचाया गया है। वैसे ही बाकी फंसे छात्रों को भी यहां से जल्द से जल्द से निकाला जाए। इधर-उधर फंसे छात्रों को एक जगह करके सुरक्षित घर वापसी कराई जाए।
डॉ. मोहम्मद मोमिन खान ने कहा कि उनके माता-पिता बेहद चिंतित हैं, और छात्र खुद भी परेशान और अनिश्चितता की स्थिति में हैं। हमारी मांग है कि ईरान में स्थित भारतीय दूतावास तत्काल हस्तक्षेप करे और यह सुनिश्चित करे कि सभी फंसे हुए भारतीय छात्रों को सुरक्षित रूप से बॉर्डर पार कराया जाए।
--आईएएनएस
एवाई/पीएम
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation


















.jpg)



