हाल ही में आर अश्विन ने आईपीएल 2026 के लिए अपनी पसंदीदा लखनऊ की प्लेइंग 11 का चयन किया था। इस टीम में उन्होंने अर्जुन तेंदुलकर को जगह नहीं दी थी। यही नहीं उन्होंने कहा था कि, अर्जुन को शायद ही खेलने का मौका मिले क्योंकि लखनऊ की टीम में कई बेहतरीन गेंदबाज मौजूद हैं।
वहीं अब पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने इनसाइड स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा कि, अश्विन ने अर्जुन तेंदुलकर को लखनऊ की प्लेइंग 11 में शामिल नहीं किया साथ ही उन्हें खेलने का मौका नहीं मिलेगा ऐसी बात भी कही। इस बात पर योगराज सिंह ने काफी बुरी तरह से रिएक्ट किया। उन्होंने आर अश्विन के बारे में कहा कि वो बकवास कर रहा है। ये अश्विन जो कोई भी है उसे पता होना चाहिए कि किसी के बारे में क्या बात करनी चाहिए। कोई टीवी पर बैठकर कह रहा है कि वो नहीं कर सकता, वो नहीं कर सकता, अरे तुम क्या हो भाई।
योगराज सिंह ने आगे कहा कि जब क्रिकेटर इस तरह की बातें करते हैं... वो सचिन तेंदुलकर का बेटा है ये अलग बात है। जब वो यहां था तब मैंने युवी से कहा था कि सब अर्जुन तेंदुलकर के बारे में गलत चीज पर ध्यान दे रहे हैं। वो गेंदबाज नहीं है उसे रीढ़ की हड्डी की समस्या थी और उसका हाथ 45 डिग्री से नीचे आता है। जब वह गोवा की टीम के साथ था तो मैंने उसके कोच से भी ये बात कही थी। जब वो बल्लेबाजी कर रहा था तब छक्के और चौके लगा रहा था। मैंने उसके कोच से कहा था कि आप लोग क्या बकवास कर रहे हैं, अगर आप ये नहीं कर सकते तो उसे मेरे पास भेज दो।
योगराज यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे कहा कि, अगर आप लोगों से नहीं हो रहा है तो अर्जुन को मेरे पास भेज दो। अगर वो मेरे पास 6 महीने रह लेगा तो वो दुनिया के सभी बल्लेबाजों को सरपास कर देगा। अगर वो ऐसा नहीं कर पाता है तो मैं अपनी दाढ़ी कटवा लूंगा। मेरे काम करने का यही तरीका है। आप मुझे अर्जुन तेंदुलकर दे दो, मैं आपको एक बेहतरीन खिलाड़ी दूंगा।
Thu, 26 Mar 2026 12:51:52 +0530