सावधान! उत्तर भारत में फिर लौट रही है बारिश और बर्फबारी, 31 मार्च तक मौसम रहेगा खराब
देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, दो नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस यानी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं, जिनका सीधा असर उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी राज्यों पर पड़ेगा. इसके कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी के साथ बारिश का दौर शुरू होगा, जो 31 मार्च तक रुक-रुक कर जारी रह सकता है. वहीं, मैदानी इलाकों में तेज हवाओं और बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की पूरी संभावना है.
पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में आंधी का अलर्ट
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 27 मार्च तक कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी होगी, लेकिन 28 से 31 मार्च के बीच यह काफी बढ़ जाएगी. जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 28 से 30 मार्च के दौरान व्यापक स्तर पर मौसम खराब रहेगा. मैदानी इलाकों की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 26 और 27 मार्च को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. सबसे ज्यादा चिंता की बात हवा की रफ्तार है. विभाग ने चेतावनी दी है कि 29 और 30 मार्च को पंजाब और हरियाणा में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है, जो कभी-कभी 70 किलोमीटर तक पहुंच सकती है.
बिहार और बंगाल में ओले गिरने की चेतावनी
पूर्वी भारत में भी मौसम काफी सख्त रहने वाला है. 27 मार्च को बिहार और पश्चिम बंगाल के हिमालयी क्षेत्रों में 'थंडरस्क्वाल' यानी तेज आंधी के साथ ओले गिरने (हेलस्टॉर्म) की संभावना जताई गई है. सिक्किम और पश्चिम बंगाल के ऊपरी इलाकों में 26 और 27 मार्च को भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा, पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 27 से 29 मार्च के बीच भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 28 मार्च को मौसम खराब रहने की उम्मीद है.
मध्य और पश्चिम भारत का हाल
मध्य भारत के राज्यों जैसे छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 25 से 29 मार्च के दौरान हल्की बारिश और बिजली कड़कने की घटनाएं हो सकती हैं. मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 28 और 29 मार्च को, जबकि पश्चिमी हिस्सों में 29 से 31 मार्च के बीच बारिश का अनुमान है. महाराष्ट्र के तटीय इलाकों, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी 25 और 26 मार्च को हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, इन इलाकों में बारिश के साथ-साथ उमस भरी गर्मी भी लोगों को परेशान करेगी.
दक्षिण भारत में गर्मी और बारिश का दोहरा वार
दक्षिण भारत के राज्यों में मौसम दो तरह का व्यवहार कर रहा है. एक तरफ जहां तटीय महाराष्ट्र और केरल में 25 से 27 मार्च के दौरान बहुत ज्यादा गर्मी और उमस (हॉट एंड ह्यूमिड) रहने वाली है, वहीं दूसरी तरफ कर्नाटक के अंदरूनी हिस्सों में 25 मार्च को ओले गिरने की संभावना है. आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में अगले 5 दिनों तक बिजली चमकने और हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा. केरल में भी 27 से 29 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं.
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
पिछले 24 घंटों के डेटा पर नजर डालें तो देश में सबसे ज्यादा तापमान महाराष्ट्र के अमरावती और वर्धा में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश में भी पारा 35 से 37 डिग्री के बीच रहा. वहीं, रात के तापमान की बात करें तो पंजाब के बठिंडा में सबसे कम 12.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में न्यूनतम तापमान अभी भी 12 से 18 डिग्री के बीच बना हुआ है. आने वाले दिनों में बारिश के कारण तापमान में थोड़ी गिरावट देखी जा सकती है, लेकिन उमस बढ़ने के आसार भी बने हुए हैं.
जो बिगड़ा उसे सैनिक ठीक नहीं कर सकते, हो जाएंगे भ्रम का शिकार: गलीबाफ
तेहरान, 25 मार्च (आईएएनएस)। ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बघेर गलीबाफ ने अमेरिकी सैनिकों के नाम एक पैगाम भेजा है। ऐसा जिसमें नसीहत कम चेतावनी का पुट ज्यादा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए अपनी बात कही है।
दावा किया है कि ईरान सतर्क हैं। अमेरिका की हर गतिविधि, खासकर सैनिकों की तैनाती, पर करीब से नजर बनाए हुए हैं।
उन्होंने लिखा, “जनरलों ने जो नुकसान किया है, उसे सैनिक ठीक नहीं कर सकते। वे भ्रम का शिकार हो जाएंगे। हमारे इरादे परखने की कोशिश न करें।”
दरअसल, विभिन्न विदेशी मीडिया आउटलेट्स ने दावा किया है कि अमेरिका के 1,000 से अधिक सैनिकों की तैनाती मध्य पूर्व में की जा रही है।
वैसे, गालीबाफ अपने सख्त तेवरों के लिए पिछले कुछ दिनों से काफी चर्चा में हैं। वो एक्स के माध्यम से अपनी बात बेबाकी से रखते हैं। हालांकि ट्रंप ने जब सकारात्मक और रचनात्मक संवाद का जिक्र किया तो कयास लगाया जाने लगा कि ये गालीबाफ के लिए ही कहा जा रहा है। हालांकि कुछ ही घंटों में उन्होंने इससे किनारा कर अमेरिकी राष्ट्रपति के दावे को फेक न्यूज का टैग दे दिया।
उन्होंने ट्रंप पर तंज कसते हुए ईरान के पक्के इरादे का जिक्र किया। एक्स पर लिखा—ईरानी जनता हमलावरों के खिलाफ सख्त और दंडात्मक कार्रवाई चाहती है। जब तक इसे हासिल नहीं कर लेते, सभी ईरानी अधिकारी अपने सुप्रीम लीडर और लोगों के साथ मजबूती से खड़े हैं।
फिर फेक न्यूज वाली बात कही। लिखा-अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं हुई है, और फेक न्यूज का इस्तेमाल वित्तीय और तेल बाजारों में हेरफेर करने और उस दलदल से बचने के लिए किया जाता है जिसमें यूएस और इजरायल फंसे हुए हैं।
इससे पहले ट्रंप ने 48 घंटे के अल्टीमेटम की समाप्ति से पहले ट्रुथ पर लिखा था कि क्योंकि बात सकारात्मक रूप ले चुकी है इसलिए 5 दिन तक हम ईरानी ऊर्जा संयंत्रों पर हमला टाल रहे हैं।
--आईएएनएस
केआर/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation























