'एक्सरसाइज काकाडू 2026' से बढ़ा समुद्री सहयोग, ऑस्ट्रेलियाई नौसेना प्रमुख ने आईएनएस नीलगिरि का किया दौरा
सिडनी, 24 मार्च (आईएएनएस)। रॉयल ऑस्ट्रेलियाई नौसेना (आरएएन) के प्रमुख वाइस एडमिरल मार्क हैमंड आईएनएस नीलगिरि पर आयोजित एक स्वागत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
यह समारोह एक्सरसाइज काकाडू 2026 के लिए ऑस्ट्रेलिया में तैनाती के दौरान आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम की मेजबानी करने वाले भारतीय उच्चायोग ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
ईस्टर्न नेवल कमांड के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल संजय भल्ला इस अवसर पर उपस्थित रहे। भल्ला एक्सरसाइज काकाडू में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।
भारतीय उच्चायोग के अनुसार, इस कार्यक्रम में कूटनीतिक कोर, न्यू साउथ वेल्स (एनएसडब्ल्यू) संसद के सदस्य, विभिन्न देशों की नौसेनाओं के प्रमुख और अधिकारी शामिल हुए।
समुद्री सहयोग, परस्पर संचालन क्षमता (इंटरऑपरेबिलिटी) और समझ को मजबूत करने के उद्देश्य से, आईएनएस नीलगिरि एक्सरसाइज काकाडू 2026 के सी फेज के तहत पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र में अपनी विदेशी तैनाती पर है।
एक्सरसाइज काकाडू 2026 के तहत ऑस्ट्रेलियाई फ्लीट के कमांडर क्रिस स्मिथ ने सोमवार को सिडनी स्थित नेशनल मैरीटाइम म्यूजियम में फ्लीट कमांडर सम्मेलन की मेजबानी की।
19 साझेदार देशों के प्रतिनिधि समुद्री सुरक्षा, खुले समुद्री मार्ग और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में व्यापार, स्थिरता और शांति को मजबूत करने वाली साझेदारियों पर चर्चा करने के लिए एकत्र हुए।
ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बल (एडीएफ) के अनुसार, एक्सरसाइज काकाडू आरएएन का प्रमुख बहुराष्ट्रीय समुद्री अभ्यास है, जिसे हर दो साल में आयोजित किया जाता है, ताकि समुद्री सुरक्षा सहयोग को मजबूत किया जा सके, इंटरऑपरेबिलिटी बढ़ाई जा सके और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में साझेदारी विकसित की जा सके।
सप्ताहांत में 19 देशों के 31 जहाजों ने 2026 एक्सरसाइज काकाडू फ्लीट रिव्यू के लिए सिडनी हार्बर में औपचारिक प्रवेश किया।
रॉयल ऑस्ट्रेलियाई नौसेना (आरएएन) की ओर से आयोजित यह समीक्षा एक दशक से अधिक समय में सिडनी हार्बर में विदेशी युद्धपोतों का सबसे बड़ा जमावड़ा था और इसने ऑस्ट्रेलियाई नौसेना की 125 वर्षों की सेवा को चिह्नित किया।
इस अवसर पर रॉयल ऑस्ट्रेलियाई वायुसेना ने सिडनी हार्बर के ऊपर शानदार हवाई प्रदर्शन किया, जिसके बाद रॉयल ऑस्ट्रेलियाई नौसेना ने औपचारिक तोपों की सलामी दी।
फ्लीट रिव्यू एक पुरानी नौसैनिक परंपरा है, जिसमें एक समीक्षा अधिकारी, समीक्षा जहाज पर सवार होकर एकत्रित बेड़े का निरीक्षण करता है। ऐतिहासिक रूप से, यह तब आयोजित होता था जब युद्ध के लिए बेड़े को तैयार किया जाता था। आधुनिक समय में यह एक महत्वपूर्ण स्मारक आयोजन बन गया है, जो साझेदार नौसेनाओं को एक साथ लाकर समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
ममता बनर्जी के लिए चुनाव से पहले आई बुरी खबर, इस कद्दावर पार्टी नेता ने थाम लिया बीजेपी का दामन
West Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले ममता बनर्जी की पार्टी ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है. पार्टी के नेता अर्घ्य रॉय प्रधान ने टीएमसी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है. यह घटनाक्रम ऐसे समय पर हुआ है जब राज्य में चुनावी माहौल तेज़ हो रहा है.
बीजेपी ने किया स्वागत, टिकट का ऐलान
भाजपा की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अर्घ्य रॉय प्रधान की औपचारिक एंट्री कराई गई. इस दौरान विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने उन्हें उत्तर बंगाल के विकास के लिए समर्पित नेता बताया.
बीजेपी नेता गिरिराज शंकर रॉय ने घोषणा की कि अर्घ्य राय प्रधान को मेखलीगंज सीट से पार्टी उम्मीदवार बनाया जाएगा. इससे साफ है कि भाजपा उन्हें चुनावी रणनीति में अहम भूमिका देने जा रही है.
पारिवारिक विरासत और क्षेत्रीय प्रभाव
अर्घ्य राय प्रधान का राजनीतिक आधार उत्तर बंगाल में मजबूत माना जाता है. उनके पिता अमर रॉय प्रधान भी इस क्षेत्र में लोकप्रिय नेता रहे हैं. बीजेपी नेताओं का मानना है कि इस विरासत और जनाधार का फायदा पार्टी को चुनाव में मिल सकता है, खासकर कूचबिहार और आसपास के इलाकों में.
टीएमसी पर तीखा हमला
बीजेपी में शामिल होते ही अर्घ्य रॉय प्रधान ने टीएमसी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि वे 'भ्रष्ट पार्टी' का हिस्सा नहीं रह सकते और जनता के सामने जवाब देने में असहज महसूस कर रहे थे. उन्होंने दावा किया कि बंगाल की राजनीति अब 'ममता बनाम जनता' बन चुकी है और टीएमसी का जनाधार खत्म हो रहा है.
क्षेत्रीय मुद्दों को उठाने का दावा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी नेता बंशी बदन बर्मन ने राजबंशी भाषा को मान्यता देने और स्थानीय समुदायों के अधिकारों की रक्षा का मुद्दा उठाया. अर्घ्य राय प्रधान ने भी उत्तर बंगाल के विकास को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि वे केवल क्षेत्र के हित में काम करना चाहते हैं.
विवादित बयान और राजनीतिक आरोप
अर्घ्य राय प्रधान ने टीएमसी पर समुदायों को बांटने और जनता के साथ धोखा करने का आरोप लगाया. उन्होंने विपक्षी नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दल 'वोट बैंक की राजनीति' कर रहे हैं. हालांकि, उनके कुछ बयानों को लेकर विवाद भी खड़ा हो सकता है, क्योंकि उन्होंने धार्मिक और सामाजिक मुद्दों पर भी टिप्पणी की.
चुनावी समीकरणों पर असर
टीएमसी से भाजपा में यह शामिल होना आगामी चुनावों के लिए अहम माना जा रहा है. उत्तर बंगाल में भाजपा पहले से मजबूत स्थिति में है और अर्घ्य राय प्रधान के आने से उसे और बढ़त मिलने की संभावना जताई जा रही है. दूसरी ओर, टीएमसी के लिए यह संकेत है कि पार्टी को अपने संगठन को और मजबूत करना होगा, ताकि चुनावी चुनौती का सामना किया जा सके.
यह भी पढ़ें - जगह और दिन तय... ममता बनर्जी ने तैयार कर ली अपनी रणनीति; यहां से फूंकेंगी चुनावी बिगुल
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation

















