Nisha Bhagat: कौन थी आदिवासी जमीन की लड़ाई लड़ने वाली निशा भगत, आखिरी LIVE वीडियो में क्या कहा?
झारखंड की आदिवासी कार्यकर्ता निशा भगत की कथित आत्महत्या से मौत के बाद मामला चर्चा में है। मौत से पहले फेसबुक LIVE पर उन्होंने झारखंड सरकार और भू-माफियाओं पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। जानिए कौन थीं निशा भगत और क्या कहा था उन्होंने?
Ayodhya में रामभक्तों और परिक्रमा पर कोई रोक नहीं लगा सकता: CM Yogi
अयोध्या, आठ नवंबर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि अब अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां नहीं चलेंगी, और अब अयोध्या में ‘जय श्रीराम’ बोलने पर कोई लाठी-डंडे नहीं चला सकता। अयोध्या में आयोजित दसवें दीपोत्सव के एक दिन बाद मुख्यमंत्री रविवार को यहां रामघाट हाल्ट के निकट निषाद बस्ती में आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने निषाद समाज, नाविकों, माझियों, सफाई कर्मियों और स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पार्षदों एवं कर्मियों को सम्मानित किया तथा दीपावली का उपहार प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अब अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां नहीं चलेंगी, अब अयोध्या में जय श्रीराम बोलने पर कोई लाठी-डंडा नहीं चला सकेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पंचकोशी, 14 कोसी और 84 कोसी परिक्रमा पर कोई प्रतिबंध नहीं लगा पाएगा। यह हम सबके संकल्प का प्रतीक बनना चाहिए। स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और मर्यादित अयोध्या, जो प्रभु श्रीराम की नगरी है, उसे इसी स्वरूप में व्यवस्थित करके आगे बढ़ाना है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कल दीपोत्सव का आयोजन भव्यता के साथ हुआ।
उसी के प्रति आप सभी का धन्यवाद देने के लिए आज मैं स्वयं आपके पास आया हूं। हमारा नगर सुंदर हो, स्वच्छ हो और व्यवस्थित हो।’’ उन्होंने कहा कि जब आप कभी बाहर जाएंगे और गर्व से कहेंगे कि मैं अयोध्या से आया हूं, तो सामने वाला व्यक्ति भी आपका सम्मान करने के लिए मजबूर होगा। योगी ने कहा, ‘‘लेकिन यदि हमारा शहर या गांव गंदा होगा, दुर्व्यवस्था और अव्यवस्था होगी, तो बाहर जाने पर लोग कहेंगे कि अरे, वहां इतनी गंदगी और इतनी अव्यवस्था है!
चलो दूर भागो। किसी नगर या गांव की पहचान वहां की स्वच्छता और व्यवस्था से बनती है। इसलिए अयोध्या की प्रतिष्ठा बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।’’ मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव के बाद सफाई कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कल लाखों की संख्या में श्रद्धालु अयोध्या धाम आए थे, लेकिन कहीं कोई गंदगी नहीं थी, कोई अव्यवस्था नहीं थी और कोई अराजकता नहीं थी।
योगी ने कहा कि सड़कों पर युवाओं के समूह हनुमानगढ़ी और श्रीराम जन्मभूमि के दर्शन के लिए उमड़ते दिखाई दे रहे थे, यह अद्भुत है। मुख्यमंत्री ने नाविकों, माझियों और निषाद समाज के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि कल सरयू जी की आरती के दौरान सभी नाविक बड़ी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे। उन्होंने अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि आज देश और दुनिया के लोग अयोध्या धाम का पवित्र भाव से स्मरण करते हैं और सम्मान देते हैं।
योगी ने कहा कि अयोध्यावासियों को देखकर लोगों के मन में सम्मान का भाव भी पैदा होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की अयोध्या को देखकर हर व्यक्ति उत्साहित होता है। उन्होंने कहा कि सरकार काम कर सकती है, निर्माण कार्य करा सकती है, लेकिन उसे बनाए रखने और सुरक्षित करने की जिम्मेदारी स्थानीय लोगों की होनी चाहिए।
आधिकारिक बयान के अनुसार, कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले स्वच्छता कर्मियों और उनके बच्चों को सम्मानित किया। इसमें अवधेश निषाद, सूरज निषाद, चंदा निषाद, कौशल्या निषाद, रेनू निषाद, काजल निषाद, आराध्या, माधवी गौतम, अंश, ज्योति, सुनीता, बब्बन, संदीप और अरुण शामिल रहे। इसके साथ ही स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पार्षदों में पाटेश्वरी नगर वार्ड की पार्षद कुंती पांडेय, चित्रगुप्त नगर वार्ड की पार्षद मनीषा यादव, लाला लाजपत नगर वार्ड के पार्षद रामतीर्थ, कल्याण सिंह वार्ड के पार्षद सूर्य कुमार तिवारी और झूलेलाल नगर वार्ड के पार्षद अभिनव पांडेय को सम्मानित किया गया।
बयान में कहा गया कि सरयू की स्वच्छता में अपनी सेवाएं देने वाले गोताखोरों सतीश माझी, ब्रजेश माझी, जग्गू माझी, बाबू निषाद और अभिषेक निषाद को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी से अयोध्या की पवित्रता, सांस्कृतिक विरासत और विकास को संरक्षित रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
Asianetnews
prabhasakshi










