Choti Diwali 2026: छोटी दिवाली को क्यों कहते हैं नरक चतुर्दशी? पढ़ें भगवान श्रीकृष्ण और नरकासुर की पौराणिक कथा
Choti Diwali 2026: आज यानी 7 नवंबर 2026 को शनिवार को नरक चतुर्दशी का पर्व मनाया जा रहा है. हर साल दिवाली से एक दिन पहले छोटी दिवाली मनाई जाती है, जिसे नरक चतुर्दशी कहा जाता है. इसे नरक चतुर्दशी के अलावा, रूप चौदस के नाम से भी जाना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान कृष्ण ने राक्षस नरकासुर का अंत किया था और उसकी हजारों कन्याओं को उसकी कैद से मुक्त करवाया था. हिंदू धर्म में इसलिए, इस दिन का महत्व कई गुना बढ़ जाता है. आइए पढ़ते हैं छोटी दिवाली की पौराणिक कथा.
छोटी दिवाली की पौराणिक कथा
पूर्वकाल में नरकासुर नामक एक अत्यंत बलशाली एवं पराक्रमी राक्षस था. नरकासुर भूमि अर्थात् देवी पृथ्वी का पुत्र था. जिस समय भगवान विष्णु ने वराह अवतार धारण कर देवी पृथ्वी का उद्धार किया था, उसी समय भगवान वराह के स्पर्श से देवी पृथ्वी ने एक पुत्र को जन्म दिया था. भूमिपुत्र होने के कारण उसका नाम भौमासुर हुआ. यही भौमासुर कालान्तर में नरकासुर के नाम से विख्यात हुआ.
एक समय नरकासुर ने अपने बाहुबल से देवराज इन्द्र तथा समस्त देवताओं को युद्ध में पराजित कर दिया तथा देवमाता अदिति के दिव्य कर्ण कुण्डल भी छीन लिये. इसके अतिरिक्त उसने देवताओं के बहुमूल्य रत्न, इन्द्र का ऐरावत हाथी, उच्चैःश्रवा अश्व, कुबेर के मणि-माणिक्य आदि तथा पद्मनिधि नामक शंख भी हर लिए थे. नरकासुर आकाश में विचरण करता था तथा आकाश में ही भव्य नगर का निर्माण कर उसमें निवास करता था.
ये भी पढ़ें-Diwali Puja Samagri List 2026: दिवाली पूजा के लिए इन जरूरी चीजों की बना लें लिस्ट, यहां देखें सभी सामग्रियां
एक दिन सम्पूर्ण देवगण नरकासुर के आतङ्क से पीड़ित होकर देवराज इन्द्र के नेतृत्व में भगवान श्रीकृष्ण की शरण में गये. इन्द्रादि देवताओं ने भगवान श्रीकृष्ण को नरकासुर के अत्याचारों से अवगत कराया. श्रीकृष्ण ने भी नरकासुर की समस्त चेष्टाओं के विषय में सुनकर देवताओं को आश्वासन दिया तथा गरुड़देव का स्मरण किया.
भगवान श्रीकृष्ण के स्मरण करते ही सभी देवताओं के पूजनीय विनतानन्दन महाबली गरुड़ तत्क्षण भगवान के समक्ष करबद्ध प्रकट हो गए. भगवान कृष्ण देवी सत्यभामा के साथ गरुड़ पर आसीन हुए तथा नरकासुर के नगर में पहुंच गए.
जिस प्रकार आकाश में सूर्यदेव का सूर्यमण्डल देदीप्यमान होता है, उसी प्रकार नरकासुर का नगर भी दिव्य तेज से प्रकाशित हो रहा था. उस नगर में बहुमूल्य आभूषणों से अलङ्कृत अनेक राक्षस निवास करते थे. उस नगर की सुरक्षा-व्यवस्था को भेदना देवताओं के लिए भी कठिन था, क्योंकि उसमें सुरक्षा के अनेक आवरण थे.
जिस प्रकार सूर्यदेव अन्धकार को नष्ट कर देते हैं, उसी प्रकार भगवान श्रीकृष्ण ने सुदर्शन चक्र के द्वारा उन आवरणों को काट दिया. आवरण कट जाने पर समस्त राक्षस कुपित हो गये तथा शूल उठाकर सैकड़ों एवं सहस्रों की सङ्ख्या में एकत्र होकर युद्ध के लिये चल दिये. श्रीकृष्ण पर विजय प्राप्त करने हेतु निशाचर तोमर, भिन्दिपाल तथा पट्टिश आदि अस्त्र-शस्त्रों से भगवान पर प्रहार करने लगे.
भगवान श्रीकृष्ण ने भी शार्ङ्ग धनुष लेकर राक्षसों के अस्त्र-शस्त्रों को काट डाला तथा अग्नि के समान तेजस्वी बाणों से उन सभी का संहार आरम्भ कर दिया. समस्त राक्षस धराशायी हो गए. उन दानवों का संहार करके श्रीकृष्ण ने पांचजन्य नामक महान शंख द्वारा शंखनाद किया.
शंखनाद होते ही महापराक्रमी दैत्य नरकासुर दिव्य रथ पर आरूढ़ होकर भगवान से युद्ध करने के लिये उपस्थित हो गया. भगवान श्रीकृष्ण एवं नरकासुर के मध्य भयंकर घमासान युद्ध होने लगा. यह घोर युद्ध रोंगटे खड़े करने वाला था. वे दोनों घनघोर मेघों की भाँति एक-दूसरे पर बाणों की वर्षा कर रहे थे. युद्ध के मध्य में श्रीकृष्ण ने अर्द्धचन्द्राकार बाण के प्रयोग से नरकासुर का धनुष खण्डित कर दिया. तदुपरान्त भगवान ने उसके वक्षस्थल पर महान दिव्यास्त्र का प्रहार किया.
दिव्यास्त्र के प्रहार से उस दैत्य का हृदय विदीर्ण हो गया तथा वह घायल होकर भूमि पर गिर पड़ा. उस समय देवी भूमि ने भगवान से अपने पुत्र का उद्धार करने की प्रार्थना की. देवी भूमि की प्रार्थना स्वीकार कर भगवान श्रीकृष्ण उस राक्षस के समीप गये तथा बोले - "हे पुत्र! तुम कोई वर मांगो."
यह सुनकर राक्षस ने गरुड़ पर विराजमान भगवान श्रीकृष्ण से कहा- "हे सम्पूर्ण भूतों के स्वामी श्रीकृष्ण! मुझे वरदान की कोई आवश्यकता नहीं. तथापि लोककल्याण एवं परहित के लिये आपसे एक उत्तम वर की याचना करता हूं. हे मधुसूदन! जो मनुष्य मेरी मृत्यु के दिन मांगलिक स्नान करें, उन्हें कभी नरक की प्राप्ति न हो."
"एवमस्तु" कहकर भगवान ने नरकासुर को इच्छित वर प्रदान कर दिया. नरकासुर ने ब्रह्मा एवं शिव आदि देवताओं द्वारा पूजित भगवान के श्रीचरणों के दर्शन करते हुये अपने प्राणों का परित्याग कर दिया तथा उसे श्रीहरि के सारूप्य मोक्ष की प्राप्ति हुई. तदनंतर समस्त देवगण एवं ऋषिगण प्रसन्न होकर पुष्पवर्षा एवं स्तुतिगान करने लगे.
तदुपरान्त भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर के भव्य नगर में प्रवेश किया तथा देवताओं से बलपूर्वक लूटी हुई समस्त वस्तुएं उन्हें पुनः लौटा दीं. देवमाता अदिति के दोनों कुण्डल, उच्चैःश्रवा अश्व, ऐरावत हाथी तथा दीप्तिमान मणिमय पर्वत आदि सभी वस्तुयें भगवान ने इन्द्र को प्रदान कर दीं.
बलशाली नरकासुर ने समस्त राजाओं को परास्त कर विभिन्न राष्ट्रों से सोलह हजार कन्याओं का अपहरण किया था. वे सभी कन्यायें उसके अंतपुर में बंदी बनी हुई थीं. उन सभी ने भगवान श्रीकृष्ण को अपने पति के रूप में स्वीकार कर लिया. अनंत रूप धारण करने वाले भगवान गोविन्द ने एक ही लग्न में उन सभी का पाणिग्रहण किया.
नरकासुर के सभी पुत्र भी देवी पृथ्वी की सहायता से भगवान के शरणागत हो गये. श्रीकृष्ण ने देवी पृथ्वी के वचनों का सम्मान करते हुये उन सभी पुत्रों को नरकासुर के राज्य का अधिकारी बना दिया. तदुपरान्त उन सभी स्त्रियों को इन्द्र के विमान पर आरूढ़ कर देवदूतों के साथ द्वारका में भेज दिया.
तदुपरान्त भगवान श्रीकृष्ण देवी सत्यभामा के साथ गरुड़ पर आरूढ़ होकर देवमाता अदिति के दर्शन करने हेतु स्वर्गलोक को प्रस्थान कर गये. इस प्रकार पद्मपुराण में वर्णित नरकासुर-वध प्रसंग सम्पूर्ण होता है. इस प्रसंग का पाठ एवं श्रवण नरक चतुर्दशी के अवसर पर किया जाता है.
ये भी पढ़ें- Diwali 2026: दिवाली पूजा की थाली कैसे सजाएं? जानें किन चीजों को शामिल करना है जरूरी
अमेरिका में हिरासत में लिया गया लॉरेंस बिश्नोई का करीबी हैरी बॉक्सर, बॉलीवुड सितारों को धमकी देने का आरोप
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक कुख्यात और अहम सदस्य, हैरी बॉक्सर को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है. जानकारी के मुताबिक वह इस गैंग में तीसरे नंबर का सबसे बड़ा कमांडर है. उसे भारत लाने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी. लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हैरी बॉक्सर, अमेरिका में बैठकर ही गैंग की गतिविधियों को अंजाम दे रहा था. उसने फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना की जिम्मेदारी भी ली थी. इस घटना के बाद, उसने सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो मैसेज के जरिए बॉलीवुड से जुड़े लोगों को धमकियां दी थीं. हैरी बॉक्सर से पहले, एक और गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को भी अमेरिकी अधिकारियों ने गिरफ्तार किया था.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation









