रेलवे में सुरक्षा बढ़ाने के लिए एआई सिस्टम और नई तकनीकें लागू की जा रहीं: अश्विनी वैष्णव
नई दिल्ली, 12 मार्च (आईएएनएस)। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद में बताया कि भारतीय रेल अपने पूरे नेटवर्क में सुरक्षा और कामकाज को बेहतर बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित निरीक्षण सिस्टम, ड्रोन निगरानी और कई नई तकनीकों का इस्तेमाल कर रहा है।
लोकसभा में लिखित जवाब में रेल मंत्री ने कहा कि रेलवे में तकनीकी सुधार एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है और कई नई प्रणालियों को शुरू किया गया है या पायलट प्रोजेक्ट के रूप में उनका परीक्षण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रेलवे में मशीन विजन इंस्पेक्शन सिस्टम (एमवीआईएस), व्हील इम्पैक्ट लोड डिटेक्टर (डब्ल्यूआईएलडी), ऑनलाइन मॉनिटरिंग ऑफ रोलिंग स्टॉक (ओएमआरएस), इंटीग्रेटेड ट्रैक मॉनिटरिंग सिस्टम्स (आईटीएमएस) और ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) जैसे सिस्टम लगाए जा रहे हैं।
मंत्री के अनुसार, एमवीआईएस एक एआई और मशीन लर्निंग पर आधारित सिस्टम है, जो चलती ट्रेन में लटके हुए, ढीले या गायब हिस्सों का पता लगाने में मदद करता है। इस सिस्टम की तीन यूनिट नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे में, दो डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड में और एक साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लगाई गई हैं। रेलवे ने डीएफसीसीआईएल के साथ समझौता भी किया है, जिसके तहत मालगाड़ियों के लिए नेटवर्क में चार और एमवीआईएस यूनिट लगाई जाएंगी।
मंत्री ने बताया कि रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड ऑर्गेनाइजेशन (आरडीएसओ) भी उद्योगों के साथ मिलकर इस तकनीक को और विकसित कर रहा है। उन्होंने कहा कि व्हील इम्पैक्ट लोड डिटेक्टर सिस्टम ट्रैक पर पहियों के असर को मापकर खराब पहियों की पहचान करता है और ऐसे 24 सिस्टम पूरे रेलवे नेटवर्क में लगाए जा चुके हैं।
वहीं ओएमआरएस सिस्टम ट्रेन के बेयरिंग और पहियों की स्थिति पर नजर रखता है और अब तक 25 ओएमआरएस सिस्टम लगाए जा चुके हैं, जिनमें एक सिरपुर कागजनगर में सिकंदराबाद डिवीजन के साउथ सेंट्रल रेलवे के तहत लगाया गया है। रेल पटरियों की जांच के लिए आईटीएमएस सिस्टम का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो मशीन लर्निंग और इमेज प्रोसेसिंग की मदद से रेल, स्लीपर और फास्टनिंग में खराबी का पता लगाता है।
इसके अलावा, रायपुर डिवीजन में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में ड्रोन के जरिए ओवरहेड उपकरणों की थर्मल इमेजिंग से निगरानी शुरू की गई है। आरडीएसओ त्रि-नेत्र नाम का एक सिस्टम भी विकसित कर रहा है, जिसमें ऑप्टिकल कैमरा, इंफ्रारेड कैमरा और रडार या लिडार जैसे उपकरण होंगे, ताकि कोहरे या खराब मौसम में लोको पायलट को ट्रेन चलाने में मदद मिल सके।
मंत्री ने यह भी बताया कि सरकार ने 26 फरवरी को नई रेल टेक पॉलिसी लागू की है, जिससे रेलवे में नई तकनीकों और नवाचार को तेजी से अपनाया जा सके।
--आईएएनएस
एएमटी/डीएससी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
पड़ोसियों से संबंध बेहतर करने में हमें विश्वास, यूएस बेस पर हमला नहीं करेंगे बंद: मोजतबा खामेनेई
नई दिल्ली, 12 मार्च। ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का पहला संदेश गुरुवार को सरकारी टेलीविजन पर पढ़कर सुनाया गया। इस संदेश में उनके तल्ख तेवर साफ दिखे। इसमें स्पष्ट कहा गया है कि अमेरिकी हवाई अड्डों पर हमला ईरान नहीं बंद करेगा, वहीं पड़ोसी देशों के साथ मित्रता भी बनाए रखेगा। अपनी सेना की हिम्मत को सलाम करते हुए, उन्होंने ईरान से कहा कि देश शहीदों के खून का बदला जरूर लेगा।
अपनी सेना की हिम्मत की प्रशंसा करते हुए खामेनेई ने कहा, देश की मिलिट्री का शुक्रिया जिसने ईरान को बंटने से रोका और जंग जैसे हालात के बीच किसी को खुद पर हावी नहीं होने दिया। उन्होंने कहा, “मैं उन बहादुर लड़ाकों को धन्यवाद देना चाहता हूं जो ऐसे समय में बहुत अच्छा काम कर रहे हैं जब हमारा देश दबाव में है और उस पर हमला हो रहा है।”
उन्होंने कहा कि ईरान जवाबी हमला जारी रखेगा। मोजतबा ने पड़ोसी देशों से रिश्ता बेहतर करने पर भी बल दिया। कहा, हमें अपने पड़ोसियों से संबंध बेहतर करने होंगे।
नए ईरानी सुप्रीम लीडर ने दावा किया कि यमन और इराक के हथियारबंद लड़ाके भी उनकी मदद को तैयार हैं। खामेनेई ने कहा कि यमन भी हमारे साथ है और इराक में हथियारबंद ग्रुप भी इस्लामिक क्रांति में मदद करने को तैयार हैं।
पहले संदेश में मोजतबा खामेनेई ने देश से एकजुट होने की अपील करते हुए दावा किया कि ईरान के दुश्मनों पर दबाव बनाने के लिए होर्मुज स्ट्रेट बंद रहेगा। ईरान पड़ोसियों से दोस्ती में विश्वास करता है और सिर्फ यूएस बेस को निशाने पर ले रहा है और ऐसा करना वो जारी रखेगा।
मित्र देशों को चेतावनी दी कि इलाके में सभी यूएस बेस तुरंत बंद कर दें, नहीं तो उन पर हमला किया जाएगा।
नियुक्ति की घोषणा के बाद से मुजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए। साइप्रस में ईरान के राजदूत अलीरेजा सालारियन ने बुधवार को गार्जियन अखबार से कहा था कि खामेनेई उसी हवाई हमले में घायल हुए थे, जिसमें उनके पिता और पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए थे।
--आईएएनएस
केआर/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation















