Delhi के Gaffar Market में लगी भीषण आग, 22 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
नयी दिल्ली, छह नवंबर दिल्ली के गफ्फार मार्केट में बृहस्पतिवार देर रात मोबाइल फोन के सामान की एक दुकान में भीषण आग लग गई, जिसके बाद दमकल की करीब 22 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आग चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में फैल गई और अब तक इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती तौर पर आग लगने की संभावित वजह बैटरियों का अत्यधिक गर्म होना या उन्हें जरूरत से ज्यादा चार्ज करना माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के सही कारण का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रात एक बजकर 28 मिनट पर पुरी प्लाजा में आग लगने की सूचना मिली थी, इसके बाद करोल बाग थाने में पीसीआर कॉल आई।
अधिकारी ने कहा, थाने में रात की ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यावसायिक इमारत की दुकान संख्या 13/21 में आग लगी देखी। इस इमारत में मोबाइल फोन के सामान का कारोबार करने वाली दुकानें हैं।
पुलिस के मुताबिक, आग सबसे पहले भूतल पर स्थित एक दुकान में लगी होने का संदेह है, जहां मोबाइल की बैटरियां रखी हुई थीं। इसके बाद आग चार मंजिला इमारत की ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। उनके अनुसार, आग बुझाने और आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल की करीब 20 से 25 गाड़ियां, सेंट्रलाइज्ड एक्सीडेंट एंड ट्रॉमा सर्विसेज (कैट्स) की तीन एंबुलेंस और पीसीआर की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।
उन्होंने बताया कि आग तेज होने पर दमकल की अतिरिक्त गाड़ियों को भी काम पर लगाया गया। पुलिस ने बताया कि कई घंटे तक आग बुझाने का अभियान चला, इसके बाद आग पर काबू पाया गया और उसे पूरी तरह बुझा दिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए दिल्ली अग्निशमन सेवा और विद्युत निरीक्षक से रिपोर्ट मांगी जाएगी।
उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम भी इमारत की जांच करेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वहां कोई अन्य ज्वलनशील सामग्री तो नहीं रखी गई थी। पुलिस ने बताया कि इन रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, साथ ही, मानव जीवन को किसी तरह के खतरे की आशंका को दूर करने के लिए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) से इमारत की संरचनात्मक सुरक्षा का आकलन या प्रमाणपत्र भी मांगा जाएगा। अधिकारी ने कहा, आग बुझा दी गई है और मौके पर स्थिति नियंत्रण में है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
झारखंड के खूंटी में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार 18-पहिया ट्रक ने 7 लोगों को रौंदा, 3 मासूमों सहित सातों लोगों की मौत
झारखंड के खूंटी जिले में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से तीन बच्चों और तीन महिलाओं समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह हादसा बृहस्पतिवार रात कर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर हुआ। हादसे में शामिल ट्रक 18 पहियों वाला था और तेज रफ्तार से आ रहा था। खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया, तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने लोगों को कुचल दिया, जिससे सात लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। उन्होंने बताया कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतकों में तीन महिलाएं, तीन बच्चे और एक पुरुष शामिल हैं।
मौके पर 6 लोगों ने तोड़ा दम, अस्पताल में 7वीं मौत
मामले की पुष्टि करते हुए खूंटी के पुलिस अधीक्षक (SP) ऋषभ गर्ग ने बताया कि तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने अचानक लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार और खौफनाक थी कि छह लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन की मदद से घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। इस प्रकार हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई।
मृतकों में 3 बच्चे और 3 महिलाएं शामिल
पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि इस वीभत्स दुर्घटना में जान गंवाने वाले सात लोगों में तीन महिलाएं, तीन बच्चे और एक पुरुष शामिल हैं। मासूम बच्चों और महिलाओं की असमय मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, घटना में घायल एक अन्य व्यक्ति का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर डॉक्टर निगरानी बनाए हुए हैं।
प्रशासनिक कार्रवाई और जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल 18-पहिया ट्रक से जुड़े पहलुओं और हादसे के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है, जिसके बाद पुलिस प्रशासन की ओर से यातायात सुरक्षा और गश्त को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
Read Latest National News in Hindi only on Prabhasakshi
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








