पायरेटेड कंटेंट को लेकर केंद्र ने टेलीग्राम को भेजा नोटिस; 3,100 से ज्यादा चैनलों को किया चिन्हित
नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने बुधवार को मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम को नोटिस जारी कर प्लेटफॉर्म से पायरेटेड (कॉपीराइट का उल्लंघन करने वाला) कंटेंट हटाने के लिए कहा है।
यह कदम कई ओटीटी प्लेटफॉर्म्स की शिकायत के बाद उठाया गया है, जिनका आरोप है कि उनकी फिल्मों और वेब सीरीज को बड़े पैमाने पर टेलीग्राम पर अवैध रूप से साझा किया जा रहा है।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय (एमआईबी) ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत टेलीग्राम को नोटिस जारी किया है और प्लेटफॉर्म को पायरेसी के खिलाफ कार्रवाई करने और अवैध कंटेंट हटाने का निर्देश दिया है।
यह कार्रवाई तब की गई जब जियो सिनेमा और अमेजन प्राइम वीडियो जैसे ओटीटी प्लेटफॉर्म्स ने शिकायत की कि उनका कॉपीराइट वाला कंटेंट बिना अनुमति के टेलीग्राम पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है।
शिकायतों की जांच के बाद अधिकारियों ने 3,142 टेलीग्राम चैनलों की पहचान की, जो कथित तौर पर फिल्में, वेब सीरीज और अन्य कॉपीराइट सामग्री की पायरेटेड कॉपी साझा कर रहे थे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, टेलीग्राम की कुछ सुविधाओं, जैसे बड़ी फाइल शेयरिंग की सीमा और यूजर्स की पहचान छिपाने की सुविधा का कुछ लोगों ने गलत इस्तेमाल किया और बड़े पैमाने पर पायरेटेड कंटेंट शेयर किया।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब कुछ दिन पहले ही मंत्रालय ने अश्लील कंटेंट स्ट्रीम करने के आरोप में पांच ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर प्रतिबंध लगाया था, जिनमें मूडएक्सवीआईपी, कोयल प्लेप्रो, डिजी मूवीप्लेक्स, फील और जुगनू शामिल हैं।
इससे पहले जुलाई 2025 में भी केंद्र सरकार ने 25 ओटीटी प्लेटफॉर्म्स की वेबसाइट और ऐप्स को ब्लॉक करने का आदेश दिया था, जिन पर आरोप था कि वे अश्लील, अभद्र या पोर्नोग्राफिक कंटेंट स्ट्रीम कर रहे थे।
इन प्लेटफॉर्म्स में एएलटीटी, उल्लू, बिग शॉट्स ऐप, देसीफ्लिक्स, बूमेक्स, नवरसा लाइट, गुलाब ऐप, कंगन ऐप, बुल ऐप, जलवा ऐप, शोहिट, वाओ एंटरटेनमेंट, लुक एंटरटेनमेंट, हिटप्राइम, फेनियो, शोएक्स, सोल टॉकीज, अड्डा टीवी, हॉटएक्स वीआईपी, हुलचुल ऐप, मूडएक्स, निऑनएक्स वीआईपी, फ्यूगी, मोजफ्लिक्स और ट्रिफ्लिक्स शामिल थे।
सूचना प्रौद्योगिकी (इंटरमीडियरी गाइडलाइंस एंड डिजिटल मीडिया एथिक्स कोड) नियम, 2021 के तहत ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स को अश्लील, पोर्नोग्राफिक, गोपनीयता का उल्लंघन करने वाले, लैंगिक आधार पर अपमानजनक, नस्लीय या जातीय रूप से आपत्तिजनक या हिंसा और नफरत को बढ़ावा देने वाले कंटेंट को होस्ट या प्रकाशित करने की अनुमति नहीं है।
सरकार की यह नई कार्रवाई ऑनलाइन पायरेसी पर अंकुश लगाने और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर आपत्तिजनक कंटेंट को नियंत्रित करने के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है।
--आईएएनएस
डीबीपी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
फ्रांस में दूसरा परमाणु ऊर्जा शिखर सम्मेलन आयोजित, चांग क्वोछिंग ने दिया भाषण
बीजिंग, 11 मार्च (आईएएनएस)। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के विशेष दूत के रूप में, उप प्रधानमंत्री चांग क्वोछिंग ने 10 मार्च को फ्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित दूसरे परमाणु ऊर्जा शिखर सम्मेलन में भाग लिया और मुख्य भाषण दिया।
चांग क्वोछिंग ने अपने संबोधन में कहा कि चीन हमेशा से राष्ट्रपति शी चिनफिंग द्वारा प्रस्तावित तर्कसंगत, समन्वित और प्रगतिशील परमाणु सुरक्षा अवधारणा का पालन करता रहा है, और ठोस कार्यों के माध्यम से विश्व स्तर पर परमाणु ऊर्जा के विकास को बढ़ावा देने में सकारात्मक योगदान दे रहा है।
चीनी उपप्रधानमंत्री के अनुसार, चीन सभी पक्षों के साथ मिलकर, संयुक्त रूप से वैश्विक विकास पहल, वैश्विक सुरक्षा पहल, वैश्विक सभ्यता पहल और वैश्विक शासन पहल को लागू करना चाहता है। साथ ही, हाथ मिलाकर परमाणु ऊर्जा में नवाचार-संचालित विकास, सुरक्षा आधारभूत संरचना निर्माण, औद्योगिक सहयोग और पारस्परिक लाभ वाले सहयोग को बढ़ावा देना चाहता है, ताकि परमाणु ऊर्जा का उपयोग सभी देशों के विकास और समृद्धि के लिए बेहतर तरीके से किया जा सके, स्वच्छ, सुंदर और टिकाऊ दुनिया के निर्माण तथा मानव जाति के साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण में नया योगदान दिया जा सके।
गौरतलब है कि दूसरा परमाणु ऊर्जा शिखर सम्मेलन 9 से 12 मार्च तक फ्रांस में आयोजित किया जा रहा है। यह परमाणु ऊर्जा के विकास पर केंद्रित एक उच्च स्तरीय अंतर-सरकारी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन है। 30 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्षों, सरकार प्रमुखों या उच्च स्तरीय प्रतिनिधियों के साथ-साथ संबंधित अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों ने इस शिखर सम्मेलन में भाग लिया और संयुक्त रूप से सुरक्षित और किफायती परमाणु ऊर्जा को सभी के लिए सुलभ बनाएं शीर्षक से एक संयुक्त बयान जारी किया।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
डीकेपी/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation




















