LPG Cylinder: गैस की टंकी को लेकर हो रही परेशानी, इन नंबरों पर करें शिकायत
LPG Cylinder: मिडिल ईस्ट में बढ़े तनाव के बीच देश के कई हिस्सों में एलपीजी गैस सिलेंडर की सप्लाई को लेकर लोगों के बीच चिंता बढ़ने लगी है. हालांकि सरकार की ओर से लगातार सप्लाई को लेकर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं. यही नहीं इसकी आपूर्ति को लेकर भी सरकार ने साफ कहा है कि किसी भी तरह से ये बाधित नहीं होगी. बावजूद इसके कई उपभोक्ताओं को डर है कि अंतरराष्ट्रीय हालात का असर कहीं रसोई गैस की उपलब्धता पर न पड़ जाए.
सरकार का कहना है कि देश में घरेलू रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी स्थिति में आम उपभोक्ताओं को परेशानी नहीं होने दी जाएगी. इसके बाद भी अगर आपको गैस सिलेंडर को लेकर कोई परेशानी आ रही है या फिर आपको लगता है कि बुकिंग के बाद भी टंकी घर नहीं आ रही है तो आप कुछ नंबरों पर अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं.
सरकार ने दी लोगों को भरोसा
अधिकारियों के मुताबिक, ऊर्जा आपूर्ति को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है. घरेलू गैस यानी एलपीजी को सबसे अधिक प्राथमिकता दी जा रही है ताकि लोगों की रोजमर्रा की जरूरतें प्रभावित न हों.
सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर जमा करने की कोशिश न करें. इससे सप्लाई व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है.
कई शहरों से देरी की शिकायतें
हालांकि सरकार के आश्वासन के बावजूद कुछ शहरों से शिकायतें सामने आई हैं कि गैस सिलेंडर की बुकिंग के बाद भी समय पर डिलीवरी नहीं हो रही है. कुछ उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ डीलर अतिरिक्त पैसे की मांग कर रहे हैं या डिलीवरी में अनावश्यक देरी कर रहे हैं.
ऐसे मामलों में उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे सीधे अपनी गैस कंपनी की हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समस्या का जल्द समाधान हो सके.
बुकिंग अवधि बढ़ाकर 25 दिन की गई
हाल ही में सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग अवधि को 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है. इसका मतलब है कि एक सिलेंडर लेने के बाद अगली बुकिंग के लिए उपभोक्ताओं को अब 25 दिन का इंतजार करना होगा.
इस बदलाव के बाद कुछ जगहों पर डिलीवरी में देरी की शिकायतें बढ़ी हैं, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि इसका उद्देश्य सप्लाई को बेहतर तरीके से संतुलित करना है.
डीलर की मनमानी पर तुरंत करें शिकायत
अगर गैस सिलेंडर बुक होने के बाद भी समय पर डिलीवरी नहीं मिलती है या डीलर ज्यादा पैसे मांगता है, तो उपभोक्ता सीधे गैस कंपनी से शिकायत कर सकते हैं.
Indane गैस के उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1800-2333-555 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा एलपीजी बुकिंग और शिकायत के लिए 7718955555 नंबर भी उपलब्ध है.
Bharatgas के ग्राहक 1800-22-4344 पर कॉल करके अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं. एलपीजी बुकिंग के लिए 7715012345 नंबर जारी किया गया है.
वहीं HP Gas के उपभोक्ता 1800-2333-555 टोल फ्री नंबर या 9493602222 (HP Anytime LPG) पर शिकायत कर सकते हैं.
जागरूक रहें, घबराने की जरूरत नहीं
विशेषज्ञों का कहना है कि देश में फिलहाल एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
अगर कहीं डिलीवरी से जुड़ी समस्या आती है, तो उपभोक्ताओं को घबराने की बजाय अपने अधिकारों का इस्तेमाल करना चाहिए और कंपनी की हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करनी चाहिए. इससे समस्या का समाधान जल्दी हो सकता है और डीलरों की मनमानी पर भी रोक लगाई जा सकती है.
यह भी पढ़ें - LPG Cylinder की नहीं कोई किल्लत, सरकार ने बताया बुकिंग के कितने घंटे में आपके घर पहुंच जाएगी टंकी
भारत के लिए दो और एलएनजी कार्गो रवाना, खाड़ी देशों के बाहर से बढ़ा गैस आयात
नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस की सप्लाई बढ़ाने के उद्देश्य से दो और लिक्विफाइड नेचुरल गैस (एलएनजी) कार्गो भारत की ओर आ रहे हैं। एक वरिष्ठ केंद्रीय सरकारी अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मिडिल ईस्ट में ईरान से जुड़े युद्ध के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की तेल और गैस कंपनियों ने खाड़ी क्षेत्र के बाहर से गैस आयात बढ़ा दिया है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने राष्ट्रीय राजधानी में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कच्चे तेल की सप्लाई पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि फिलहाल जितना कच्चा तेल आ रहा है, वह सामान्य तौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य से आने वाले तेल से भी ज्यादा है।
उन्होंने कहा कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने अलग-अलग देशों से कच्चे तेल के कई कार्गो सुरक्षित कर लिए हैं। पहले जहां करीब 55 प्रतिशत कच्चा तेल होर्मुज मार्ग से आता था, अब करीब 75 प्रतिशत तेल अन्य मार्गों से आ रहा है।
मिडिल ईस्ट संकट के कारण एलएनजी सिलेंडर की घबराहट में बुकिंग बढ़ने पर उन्होंने कहा कि घरेलू एलपीजी की सामान्य डिलीवरी अवधि अभी भी लगभग 2.5 दिन ही है, इसलिए ग्राहकों को जल्दबाजी में सिलेंडर बुक करने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार मिडिल ईस्ट संकट के बीच ऊर्जा आपूर्ति पर लगातार नजर रख रही है और जरूरी कदम उठा रही है।
अधिकारी ने बताया कि वैकल्पिक रास्तों से गैस और तेल की खरीद की जा रही है ताकि सप्लाई सुरक्षित बनी रहे। भारत अपनी जरूरत का करीब 60 प्रतिशत एलपीजी आयात करता है।
उन्होंने बताया कि घरेलू एलपीजी उत्पादन में 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, और सरकार के कदमों के बाद इसका अधिक हिस्सा घरेलू उपभोक्ताओं को दिया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि देश की रिफाइनरियां फिलहाल अपनी अधिकतम क्षमता पर काम कर रही हैं, और कुछ रिफाइनरियां तो 100 प्रतिशत से भी ज्यादा क्षमता पर चल रही हैं।
देश में कुल गैस खपत 189 एमएमएससीएमडी (मिलियन मेट्रिक स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर प्रति दिन) है। इसमें से 97.5 एमएमएससीएमडी गैस देश में ही उत्पादित होती है, जबकि बाकी आयात की जाती है।
उन्होंने बताया कि ईरान युद्ध के कारण उत्पन्न फोर्स मेज्योर स्थिति के चलते लगभग 47.4 एमएमएससीएमडी गैस सप्लाई प्रभावित हुई है।
प्राकृतिक गैस की कमी को लेकर चिंता तब बढ़ी जब कतर ने ईरान के हमलों के कारण उत्पादन अस्थायी रूप से रोक दिया। कतर भारत को एलएनजी की सप्लाई करने वाला सबसे बड़ा देश है।
इस बीच पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाया कि घरेलू रसोई के लिए एलपीजी की कोई कमी नहीं है।
केंद्र सरकार ने मंगलवार को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत आदेश जारी कर घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस, एलपीजी और वाहनों के लिए सीएनजी की निर्बाध आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है।
सरकार के आकलन के अनुसार, मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए एलएनजी शिपमेंट प्रभावित हुए हैं और कुछ सप्लायर्स ने फोर्स मेज्योर का हवाला दिया है। ऐसे में गैस सप्लाई को प्राथमिक क्षेत्रों की ओर मोड़ा जा सकता है।
आदेश में कहा गया है कि घरेलू पाइप्ड गैस, ट्रांसपोर्ट के लिए सीएनजी, एलपीजी उत्पादन, पाइपलाइन कंप्रेसर ईंधन और अन्य जरूरी आवश्यकताओं के लिए गैस की सप्लाई को प्राथमिकता दी जाएगी। इसे प्राथमिकता सेक्टर-1 के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।
इसके अलावा, केंद्र सरकार ने रिफाइनरियों और पेट्रोकेमिकल यूनिट्स को एलपीजी उत्पादन अधिकतम करने और जरूरी हाइड्रोकार्बन संसाधनों को एलपीजी उत्पादन के लिए इस्तेमाल करने का निर्देश भी दिया है।
--आईएएनएस
डीबीपी/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation















