Responsive Scrollable Menu

US Midterm Elections में Republican Party की हार पर Donald Trump ने झाड़ा पल्ला

वाशिंगटन, पांच नवंबर (एपी) अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी पूरी ताकत झोंकते हुए धुआंधार चुनावी सभाएं कीं और समर्थकों से यहां तक अपील की कि वे उन्हें ही उम्मीदवार मानकर मतदान करें, लेकिन इसके बावजूद उनकी रिपब्लिकन पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा। अब ट्रंप इस हार से अपना पल्ला झाड़ने और यह साबित करने में जुटे हैं कि इसके लिए वह जिम्मेदार नहीं हैं। रिपब्लिकन पार्टी की इस करारी शिकस्त के बाद अमेरिकी संसद (कांग्रेस) में डेमोक्रेटिक पार्टी का दबदबा कायम हो गया है।

डेमोक्रेट्स ने सीनेट में भी उन कई सीट पर जीत दर्ज की है, जिन्हें कभी रिपब्लिकन पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता था। उन्होंने साउथ कैरोलाइना और कंसास में भी जीत हासिल की, जहां 1932 के बाद से कोई डेमोक्रेटिक सीनेटर नहीं चुना गया था। वहीं, टेक्सास में तीन दशक से अधिक समय से राज्यस्तरीय चुनावों में लगातार हार का सामना कर रहे डेमोक्रेट्स ने इस बार वहां भी जीत दर्ज की।

चुनाव परिणामों की पूरी तस्वीर सामने आने से पहले ही ट्रंप ने अपने कदम पीछे खींचने शुरू कर दिए थे। चुनावी रात वह सामान्य दिनों की तुलना में कुछ अधिक विनम्र दिखाई दिए। उन्होंने डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर काम करने और चुनाव परिणामों को स्वीकार करने की बात कही।

हालांकि, इसके बावजूद वह हार की जिम्मेदारी लेने से बचते नजर आए। ट्रंप ने ‘फॉक्स न्यूज’ से कहा, ‘‘मैं इसे अपनी हार नहीं मानना चाहता। मैं खुद चुनाव मैदान में नहीं था।’’ उन्होंने दावा किया कि मतदाताओं को चुनाव लड़ रहे ‘‘उम्मीदवार पसंद नहीं आए।’’ हालांकि, ‘द एपी वोटर पोल’ के आंकड़े संकेत देते हैं कि ट्रंप खुद रिपब्लिकन उम्मीदवारों के लिए बड़ी कमजोरी साबित हुए।

देशभर में केवल 10 में से चार मतदाताओं (40 प्रतिशत) ने राष्ट्रपति के रूप में उनके कामकाज को सराहा। ओहायो, आयोवा, मेन और नॉर्थ कैरोलाइना जैसे राज्यों में रिपब्लिकन उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा। इन राज्यों में ज्यादातर मतदाताओं का मानना था कि रिपब्लिकन पार्टी के सीनेट उम्मीदवार इस अलोकप्रिय राष्ट्रपति का ‘‘जरूरत से ज्यादा समर्थन’’ कर रहे हैं।

इसके बावजूद राष्ट्रपति ने अपने सोशल मीडिया मंच पर दावा किया कि अगर वह खुद चुनाव लड़ रहे होते, तो ‘‘हम भारी बहुमत से जीतते!’’ छोटे-बड़े मामलों में अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने का ट्रंप का पुराना इतिहास रहा है। खासकर चुनावी हार के मामले में उनका रवैया ऐसा ही रहा है। अपने पहले कार्यकाल के दौरान 2018 के चुनाव में जब रिपब्लिकन पार्टी प्रतिनिधि सभा में हार गई थी, तब भी उन्होंने अपनी ही पार्टी के पराजित उम्मीदवारों पर हार का ठीकरा फोड़ा था।

यूटा की तत्कालीन सांसद मिया लव ने ट्रंप से दूरी बनाने की कोशिश की थी। इस पर राष्ट्रपति ने कहा था, ‘‘मिया लव ने मुझे कोई तवज्जो नहीं दी और फिर वह हार गईं। बहुत बुरा हुआ।’’ उन्होंने चुनाव हारने वाले उन उम्मीदवारों का भी मजाक उड़ाया था, जिन्होंने खुलकर उनका समर्थन नहीं किया था।

इनमें फ्लोरिडा के कार्लोस कुर्बेलो, कोलोराडो के माइक कॉफमैन, वर्जीनिया की बारबरा कॉमस्टॉक और इलिनॉय के पीटर रोस्कम शामिल थे। तब उन्होंने तंज कसते हुए वही बात कही थी, जिसे वह आठ साल बाद भी दोहराने वाले थे-‘‘इन चुनाव में मैं उम्मीदवार ही नहीं था।’’ अब एक बार फिर ट्रंप चुनावी हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि उन्होंने खुद मतदाताओं से कहा था कि वे ‘‘यह मानकर मतदान करें कि उम्मीदवार मैं ही हूं।’’ एक सितंबर के बाद से ट्रंप की 39 चुनावी सभाओं और भाषणों के एसोसिएटेड प्रेस (एपी) के विश्लेषण से पता चलता है कि उन्होंने 30 सभाओं में इस अपील का जिक्र किया था। कुछ भाषणों में उन्होंने यह बात एक से अधिक बार दोहराई।

इस तरह कम से कम 40 मौकों पर उन्होंने मतदाताओं से उन्हें ही उम्मीदवार मानकर वोट देने की अपील की थी। आमतौर पर चुनाव में झटका लगने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति प्रशासन आत्ममंथन करते हैं और राष्ट्रपति सार्वजनिक रूप से हार की कुछ न कुछ जिम्मेदारी स्वीकार करते हैं। वर्ष 2010 के चुनाव में जब रिपब्लिकन पार्टी ने संसद में बड़ी जीत हासिल की थी, तब तत्कालीन डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपनी पार्टी की हार को ‘‘करारी शिकस्त’’ करार दिया था।

इसी तरह, 2006 के चुनाव में जब डेमोक्रेट्स ने जीत दर्ज की थी, तब तत्कालीन रिपब्लिकन राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने इसे ‘‘जोरदार झटका’’ बताया था। लेकिन राष्ट्रपति पद की स्थापित परंपराओं को तोड़ने के लिए पहचाने जाने वाले ट्रंप ने इस बार मतदान से काफी पहले ही हार का दोष अपने सिर न आने देने की रणनीति बना ली थी। उन्होंने अगस्त में ‘पंचबोल न्यूज’ से कहा था कि मतदाता रिपब्लिकन नेताओं से नाराज हैं, ‘‘लेकिन वे मुझसे नाराज नहीं हैं।’’ पिछले महीने ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच पर लिखा था कि यदि टेक्सास के रिपब्लिकन सीनेट उम्मीदवार केन पैक्सटन चुनाव हारते हैं तो इसके लिए ‘‘जॉन कॉर्निन और कार्ल रोव जैसे कमजोर और अप्रभावी राजनीतिक मोहरे’’ जिम्मेदार होंगे।

पैक्सटन को इस चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा है। ट्रंप ने पार्टी के प्राइमरी चुनाव में मौजूदा सीनेटर जॉन कॉर्निन के बजाय विवादित छवि वाले पैक्सटन का समर्थन करने का जोखिम उठाया था। कॉर्निन 2002 से सीनेट के सदस्य थे और उन्हें अधिक सुरक्षित उम्मीदवार माना जा रहा था।

इसके अलावा, ट्रंप के सहयोगी एवं टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट भी चुनाव हार गए। इस पर ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यदि एबॉट ‘‘अपने राजनीतिक जीवन के आखिरी छह महीनों में ‘रीनो’ (नाम के रिपब्लिकन) नहीं बने होते, तो वह नहीं हारते।’’ इसके जरिए उन्होंने संकेत दिया कि गवर्नर अपने कट्टर रूढ़िवादी रुख से पीछे हट गए थे। हालांकि, मंगलवार को चुनाव परिणाम आने के बाद ट्रंप ने चुनावी धांधली का आरोप नहीं लगाया, जैसा कि वह पिछली हार के बाद करते आए थे।

वर्ष 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में हार के बाद ट्रंप ने झूठा दावा किया था कि उनके विरोधियों ने चुनाव में गड़बड़ी की है। हालांकि, उनके पक्ष में कराई गई मतगणना की दोबारा जांच, लेखा-परीक्षण और दायर दर्जनों याचिकाओं के बावजूद उनके दावों की पुष्टि नहीं हुई थी। इन सभी प्रक्रियाओं के बाद डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बाइडन की जीत की पुष्टि हुई थी।

यहां तक कि ट्रंप के अपने अटॉर्नी जनरल ने भी कहा था कि बड़े पैमाने पर मतदाता धोखाधड़ी का कोई सबूत नहीं मिला है।

Continue reading on the app

Republican सांसद Thomas Massie ने Pete Hegseth से मांगा इस्तीफा, Impeachment की दी चेतावनी

रिपब्लिकन कांग्रेसमैन थॉमस मैसी ने पीट हेगसेथ से इस्तीफा देने को कहा है। उन्होंने वादा किया है कि अगर हेगसेथ ऐसा करते हैं, तो वे महाभियोग (इम्पीचमेंट) की प्रक्रिया को दोबारा शुरू नहीं करेंगे। ईरान युद्ध को लेकर बढ़ते गुस्से के बीच, मिडटर्म चुनावों में डेमोक्रेट्स द्वारा कांग्रेस के दोनों सदनों पर नियंत्रण हासिल कर लेने के बाद, युद्ध सचिव (सेक्रेटरी ऑफ वॉर) पर दबाव बढ़ गया है। अमेरिकी राजनीति में एक विवादास्पद हस्ती माने जाने वाले हेगसेथ के, अपनी ही रिपब्लिकन पार्टी के भीतर भी कई विरोधी बन गए हैं। मैसी ने युद्ध के बड़े समर्थक हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव पेश किया। मैसी ने आरोप लगाया कि हेगसेथ ने कांग्रेस की मंजूरी के बिना ईरान के खिलाफ जंग छेड़कर अपने पद का दुरुपयोग किया है। बुधवार को एक्स एक पोस्ट में मैसी ने कहा कि एक ही स्थिति है जिसमें मैं महाभियोग का प्रस्ताव दोबारा पेश नहीं करूंगा: अगर हेगसेथ इस्तीफा दे दें।

इसे भी पढ़ें: ईरान युद्ध और तेल की कीमतों पर Donald Trump का बड़ा बयान: मध्यावधि चुनाव में हार स्वीकारी, कहा- 'जरूरत पड़ी तो फिर उठाऊंगा वही कदम'


सीएनएन ने रिपब्लिकन पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के हवाले से बताया है कि मैसी का इरादा महाभियोग की कोशिश पर 'हाउस' (सदन) में मतदान कराने का है, जो संघीय सांसदों के अगले सत्र में लौटने पर होगा। इसमें यह भी कहा गया है कि सांसदों को उम्मीद है कि यह प्रस्ताव सदन से सफलतापूर्वक पारित हो जाएगा। तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने मध्यावधि चुनावों के अगले दिन रक्षा सचिव डोनाल्ड रम्सफेल्ड को उनके पद से हटा दिया था। उस समय इराक युद्ध को लेकर असंतोष के बीच डेमोक्रेट्स ने कांग्रेस पर अपना नियंत्रण हासिल कर लिया था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को हेगसेथ का समर्थन करते हुए कहा कि वह बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। इससे पहले ट्रंप ने हेगसेथ को युद्ध का चैंपियन बताया था। ट्रंप का यह समर्थन ऐसे समय में आया है जब उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने सवाल उठाया है कि क्या ईरान युद्ध वास्तव में उचित था। वेंस ने कहा कि इस युद्ध की वजह से रिपब्लिकनों को कांग्रेस पर से अपना नियंत्रण खोना पड़ा।

इसे भी पढ़ें: ईरान युद्ध और तेल की कीमतों पर Donald Trump का बड़ा बयान: मध्यावधि चुनाव में हार स्वीकारी, कहा- 'जरूरत पड़ी तो फिर उठाऊंगा वही कदम'

रक्षा विभाग ने कहा कि हेगसेथ ट्रंप के कार्यकाल के अंत तक पेंटागन का नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। रिपब्लिकन अमेरिकी सीनेटर थॉम टिलिस ने सीबीएस न्यूज़ से कहा कि हेगसेथ को जल्द ही मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। टिलिस ने आगे कहा कि सांसदों के साथ हेगसेथ के खराब रिश्तों की वजह से, कांग्रेस में 1.5 ट्रिलियन डॉलर के रक्षा खर्च पैकेज को पास कराने की ट्रंप प्रशासन की कोशिशों को नुकसान पहुंच रहा है।

Continue reading on the app

  Sports

Video: ऑकलैंड में शानदार पारी खेलने के बाद विराट कोहली का वेलिंगटन में हुआ स्वागत, फैंस ने दी बधाई

ऑकलैंड में शानदार पारी खेलने के बाद विराट कोहली का वेलिंगटन में हुआ स्वागत, फैंस ने दी बधाई Thu, 5 Nov 2026 13:39:11 +0530

  Videos
See all

BJP Ghaziabad Padyatra Live: गाजियाबाद में CMY Yogi की पदयात्रा, बीजेपी कार्यकर्ताओं का जमावड़ा #tmktech #vivo #v29pro
2026-11-05T08:10:15+00:00

Amit Shah BJP Padyatra: Rahul Gandhi पर अमित शाह का बड़ा बयान | Top News | Aaj Tak #tmktech #vivo #v29pro
2026-11-05T08:14:22+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers