मोदी ने पवार से कहा-सुप्रिया तैयार हैं, साथ देश संभालेंगे:पवार बोले- आप साथ, तो देश की चिंता नहीं; पहले NCP के विलय की अटकलें आई थीं
पीएम मोदी ने बुधवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद NCP (SP) प्रमुख शरद पवार से फोन पर बात की। इस दौरान उन्होंने पवार से कहा कि सुप्रिया अब तैयार हैं। सुप्रिया और हम मिलकर देश संभालेंगे। आप आराम कीजिए। ये जानकारी पवार के करीबी विट्ठल मनियार ने मीडिया से बात करते हुए दी। विट्ठल के मुताबिक पवार ने जवाब दिया, “मैं आराम कर रहा हूं। जब आप सभी साथ हैं, तो मुझे देश की कोई चिंता नहीं है।” हालांकि, शरद पवार और पीएम ने इस बातचीत की पुष्टि नहीं की है। पवार को खांसी और सांस लेने पर सीने में दर्द की शिकायत के बाद 2 नवंबर को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। दरअसल, रविवार को NCP के कई बड़े नेता डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ पवार के बिना गृह मंत्री शाह से मिले थे। इसके बाद कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में पार्टी के दोनों धड़ों के विलय की खबर आई थी। हालांकि, पार्टी ने इन्हें खारिज कर दिया। अमित शाह से मुलाकात के बाद बढ़ी विलय चर्चा इसी दौरान, दिवंगत अजित पवार के NCP के वरिष्ठ नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। कुछ मीडिया रिपोट्स ने दावा किया था की नेताओं ने सुनेत्रा पवार और उनके बेटे, राज्यसभा सांसद पार्थ पवार के एकतरफा फैसलों को लेकर चिंता जताई थी। हालांकि, NCP ने सोमवार को मुंबई में हुई कोर कमेटी की बैठक के बाद सार्वजनिक तौर पर विलय की संभावना खारिज कर दी। महाराष्ट्र NCP अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा, “हम सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में मिलकर काम करेंगे। NCP (शरदचंद्र पवार) के साथ विलय की संभावना खारिज कर दी गई है।” मोदी-पवार के निजी रिश्ते मजबूत मोदी और पवार के बीच रिश्ते निजी तौर पर बेहद सौहार्दपूर्ण और आदरपूर्ण हैं। हालांकि चुनावी राजनीति के मंच पर दोनों एक-दूसरे पर तीखे हमले करने से नहीं चूकते। पीएम मोदी ने 2015 में बारामती के दौरे के दौरान सार्वजनिक रूप से शरद पवार के लंबे राजनीतिक अनुभव की प्रशंसा की थी। उन्होंने कहा था कि पवार ने राजनीति के शुरुआती दिनों में उनका हाथ पकड़कर चलना सिखाया था। राजनीतिक मतभेदों के बावजूद मोदी सरकार ने 2017 में शरद पवार को देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से नवाजा था। शरद पवार देश के उन चुनिंदा विपक्षी नेताओं में गिने जाते हैं, जिनका प्रधानमंत्री से सीधा संपर्क है। वे राष्ट्रीय मुद्दों या महाराष्ट्र के प्रशासनिक संकटों पर अक्सर पीएम मोदी से वन-टू-वन मुलाकात करते हैं। शरद पवार ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती अब शरद पवार को आगे की जांच के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी बेटी और पार्टी सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी। करीब 4 घंटे पहले ही उन्हें शरद पवार को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक से छुट्टी दे दी गई थी। सीने में सांस लेने के दौरान होने वाले दर्द (प्ल्यूरिटिक पेन) की शिकायत के बाद उन्हें दो दिनों तक डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया था। अब आगे की चिकित्सकीय जांच के लिए उन्हें मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ------------------ ये खबर भी पढ़ें… शरद पवार अस्पताल में भर्ती, सीने में दर्द की शिकायत: हालत स्थिर, लेकिन हॉस्पिटल में ही रहेंगे; 85 साल के नेता कैंसर सर्वाइवर हैं NCP (SP) प्रमुख शरद पवार को सोमवार को पुणे के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें सांस लेने पर बढ़ने वाले सीने के दर्द की शिकायत थी। 85 साल के पवार को खांसी होने के बाद पुणे के प्राइवेट हॉस्पिटल रूबी हॉल क्लिनिक लाया गया। उनकी बेटी, बारामती सांसद और NCP (SP) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने यह जानकारी दी। सुले के मुताबिक, पवार के मेडिकल टेस्ट चल रहे हैं। उनके स्वास्थ्य से जुड़े सभी पैरामीटर स्थिर हैं। पढ़ें पूरी खबर…
TMC विधायक के ऑफिस से ₹1.02 करोड़ जब्त:CM बोले- यह तो बड़े भ्रष्टाचार का छोटा हिस्सा; ममता-अभिषेक ने राज्य का सारा पैसा हड़प लिया
बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर में तृणमूल कांग्रेस (TMC) कार्यालय से पुलिस ने 1.02 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद की है। ये ऑफिस बागी TMC विधायक शमीम अहमद का बताया जा रहा है। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी ने राज्य का सारा राजस्व हड़प लिया था। यह तो बड़े भ्रष्टाचार का छोटा हिस्सा है। TMC ने कहा है कि पुलिस ने निगरानी में रखे गए कार्यालय में जानबूझकर झूठे सबूत प्लांट किए हैं। अधिकारी ने कहा- यह उनकी रोज की कमाई सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह पैसा उनके(ममता-अभिषेक) लिए यह कुछ भी नहीं है। यह उनकी रोज की कमाई थी। डायमंड हार्बर के एडिशनल SP अभिषेक मजूमदार ने कहा कि यह छापा अभिषेक बनर्जी के गिरफ्तार सहयोगी सुमित रॉय से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पड़ा। रॉय कथित वित्तीय गड़बड़ी के मामले में पुलिस हिरासत में है। अभिषेक बनर्जी पर भ्रष्टाचार के 3 बड़े आरोप 1. कोयला तस्करी घोटाला: पश्चिम बंगाल की खदानों से अवैध रूप से कोयला निकालकर बेचने वाले माफियाओं से करोड़ों रुपये का कमीशन (रिश्वत) लेने का आरोप। 2. शिक्षक भर्ती (SSC) घोटाला: बंगाल के सरकारी स्कूलों में योग्य उम्मीदवारों की जगह पैसे लेकर अयोग्य लोगों को नौकरी देने वाले रैकेट से जुड़े होने और पैसा लेने का आरोप। 3. गौ-तस्करी मामला: बांग्लादेश सीमा पर गायों की अवैध तस्करी करने वाले गिरोहों को राजनीतिक संरक्षण देने और उस काले धन का हिस्सा लेने का आरोप। ------------------------------------- यह खबर भी पढ़ें… अभिषेक बनर्जी से ED की पूछताछ:कैश फॉर जॉब स्कैम में रिश्वत लेने का आरोप; फर्जी साइन मामले में CID ने कल पूछताछ की थी टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी कोलकाता में ईडी ऑफिस पहुंचे। ईडी अभिषेक से कैश-फॉर-स्कूल-जॉब स्कैम में पूछताछ की। पूरी खबर पढ़ें…
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 










