देश में 10, 20 और 50 रुपए के नोटों की कोई कमी नहीं : केंद्र
नई दिल्ली, 10 मार्च (आईएएनएस)। देश में करेंसी सर्कुलेशन में 10,20 और 50 रुपए के नोटों की कोई कमी नहीं है। यह जानकारी सरकार की ओर से मंगलवार को संसद में दी गई।
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने राज्य सभा में एक सवाल के जवाब में कहा कि आरबीआई के अनुसार, कम मूल्य के नोट परंपरागत रूप से एटीएम के माध्यम से नहीं दिए जाते रहे हैं।
उन्होंने सदन को सूचित किया, कम मूल्यवर्ग के नोटों को छोटे मूल्य के नोट वितरकों के माध्यम से वितरित करने के लिए एक पायलय प्रोजेक्ट शुरू किया गया है।
सरकार के अनुसार, चालू वित्त वर्ष (26 फरवरी तक) में केंद्रीय बैंक द्वारा 10 रुपए के 439.40 करोड़ नोट, 20 रुपए के 193.70 करोड़ नोट और 50 रुपए के 130.30 करोड़ नोटों की आपूर्ति की गई है।
पिछले वित्त वर्ष (वित्त वर्ष 2025) में 10 रुपए के 180 करोड़ नोट, 20 रुपए के 150 करोड़ नोट और 50 रुपए के 300 करोड़ नोटों की आपूर्ति की गई थी।
आरबीआई, एक सतत प्रक्रिया के तहत, विभिन्न मूल्यवर्ग के नोटों की आवश्यकता का आकलन करता है और सरकार को आवश्यक मूल्यवर्ग के नोटों के मिश्रण की सलाह देती है।
कम मूल्य के मुद्रा की मांग नोटों और सिक्कों के मिश्रण से पूरी की जाती है। इसके अलावा, डिजिटल भुगतान माध्यम कुल लेन-देन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जिनमें कम मूल्य के लेन-देन भी शामिल हैं।
एक अन्य प्रश्न का उत्तर देते हुए मंत्री जी ने कहा कि नेशनल पेमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 (31 दिसंबर, 2025 तक) में रुपे केसीसी कार्ड के माध्यम से कुल 3.72 लाख डिजिटल लेनदेन हुए हैं, जिनका मूल्य 111.17 करोड़ रुपए है।
केसीसी के तहत सभी पात्र किसानों को दी जाने वाली ऋण सीमा फसलों के वित्तपोषण के पैमाने, खेती योग्य क्षेत्र, फसल पैटर्न और संबंधित आवश्यकताओं के अनुसार निर्धारित की जाती है।
--आईएएनएस
एबीएस/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
ओडिशा होटल व रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने केंद्र सरकार से एलपीजी आपूर्ति बहाल करने का किया आग्रह
भुवनेश्वर, 10 मार्च (आईएएनएस)। ओडिशा होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन (एचआरएओ) ने होटलों व रेस्टोरेंटों को व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति बहाल करने के लिए केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है।
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को संबोधित पत्र में एचआरएओ ने कहा है कि एलपीजी आपूर्ति में हालिया रुकावट और प्रतिबंधों के कारण आतिथ्य उद्योग के संचालन में गंभीर बाधाएं आई हैं। होटल और रेस्टोरेंट अपने दैनिक रसोई कार्यों के लिए व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति पर अत्यधिक निर्भर हैं। अचानक एलपीजी गैस की आपूर्ति कम होने से कई रेस्टोरेंट और होटल में भोजन तैयार करने में दिक्कत आ रही है।
एसोसिएशन ने कहा कि एलपीजी की लगातार कमी से होटल बंद हो सकते हैं, बुकिंग रद्द हो सकती हैं और पर्यटकों को असुविधा हो सकती है, जिससे भारत के पर्यटन प्रोत्साहन प्रयासों को नुकसान पहुंच सकता है। होटल व रेस्टोरेंट रोजगार, राज्य राजस्व व खाद्य आपूर्ति श्रृंखला और परिवहन जैसे संबद्ध उद्योगों में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
एचआरएओ के अध्यक्ष डॉ. जेके मोहंती ने संकट के व्यापक आर्थिक प्रभावों पर जोर देते हुए कहा कि हजारों कर्मचारियों और विक्रेताओं की आजीविका खतरे में है। उन्होंने आग्रह किया कि मंत्रालय के समय पर हस्तक्षेप से परिचालन में आने वाली बाधाओं को रोकने और यह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र पर्यटकों को सुचारू रूप से सेवाएं प्रदान करता रहेगा।
पत्र की प्रतियां केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिदा, मुख्य सचिव अनु गर्ग और एफएचआरएआई व होटल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्षों को भी भेजी गईं। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि सरकार की त्वरित कार्रवाई से आतिथ्य क्षेत्र की सुरक्षा होगी और वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में भारत की प्रतिष्ठा बनी रहेगी।
--आईएएनएस
ओपी/पीयूष
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation





















