यूएई में भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी, सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह
नई दिल्ली, 5 मार्च (आईएएनएस)। मिडिल ईस्ट में लगातार छठे दिन भारी तनावपूर्ण माहौल बरकरार है। तनाव के बीच तमाम देशों की सरकार और दूतावास की तरफ से लगातार एडवाइजरी जारी की जा रही है। अबू धाबी में भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी की है। दूसरी तरफ ओमान की सरकार ने लोगों को आश्वासन दिया है कि वह लगातार सभी देशों की सरकार के साथ संपर्क में हैं।
इसके अलावा ईरान के अराक यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंस में फंसे भारतीय छात्रों ने भारत सरकार से उन्हें निकालने की अपील की है। ओमान के वर्तमान विदेश मंत्री सैय्यद बद्र बिन हमद अल बुसैदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, गल्फ से घर वापस आने की उम्मीद कर रहे सभी लोगों के लिए, ओमान सरकार आपकी सरकारों और इंटरनेशनल एयरलाइंस के साथ मिलकर आपको घर वापस लाने के लिए विमान की व्यवस्था की जा रही है। हमारा मतलब है हर कोई, चाहे आपके पास कोई भी पासपोर्ट हो, सभी देशों के नागरिकों को सुरक्षा का मानवाधिकार है। लोग मायने रखते हैं, चलो अब जंग रोकते हैं।
वहीं, अबू धाबी में भारतीय दूतावास ने लिखा, संयुक्त अरब अमीरात और क्षेत्र में मौजूदा स्थिति को देखते हुए, यूएई में वर्तमान में सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे सतर्क रहें। यूएई अधिकारियों के सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करें और समय-समय पर जारी आधिकारिक सलाह का भी पालन करें। असाधारण परिस्थितियों को देखते हुए, हवाई क्षेत्र और नियमित निर्धारित उड़ान संचालन अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है।
भारतीय दूतावास ने आगे कहा कि हालांकि, भारतीय और यूएई एयरलाइंस ने यूएई अधिकारियों के साथ समन्वय में, संबंधित अधिकारियों के संचालन और सुरक्षा अनुमोदन के अधीन, भारत में कई गंतव्यों के लिए सीमित गैर-निर्धारित उड़ान संचालन शुरू किया है। फंसे हुए भारतीय नागरिक अपनी संबंधित एयरलाइनों से संपर्क करके इन उड़ानों का लाभ उठा सकते हैं।
जिन लोगों की वीजा अवधि समाप्ति हो चुकी है, उनके लिए दूतावास ने कहा, 28 फरवरी के बाद फंसे हुए लोगों और जिनके वीजा की अवधि समाप्त हो गई है, उनके लिए यूएई संघीय पहचान, नागरिकता, सीमा शुल्क और बंदरगाह प्राधिकरण (आईसीपी) ने आगंतुकों (पर्यटक/विजिट वीजा) और अन्य लोगों के लिए ओवरस्टे जुर्माना में छूट की घोषणा की है, जो इन असाधारण परिस्थितियों के कारण प्रस्थान करने में असमर्थ हैं।
अबूधाबी में भारतीय दूतावास और दुबई में कॉन्सुलेट और उनकी आउटसोर्स पासपोर्ट, कॉन्सुलर और वीजा सर्विस नॉर्मल तरीके से काम कर रही हैं।
--आईएएनएस
केके/पीयूष
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
भारतीय शेयर बाजार हरे निशान में बंद, सेंसेक्स 899 अंक उछला
मुंबई, 5 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय शेयर बाजार गुरुवार के कारोबारी सत्र में हरे निशान में बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 899.71 अंक या 1.14 प्रतिशत की तेजी के साथ 80,015.90 और निफ्टी 285.40 अंक या 1.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,765.90 पर बंद हुआ।
बाजार में तेजी भरने का काम डिफेंस शेयरों ने किया। सूचकांकों में निफ्टी इंडिया डिफेंस 2.55 प्रतिशत की तेजी के साथ टॉप गेनर था। इसके बाद निफ्टी मेटल (2.29 प्रतिशत), निफ्टी पीएसई (2.22 प्रतिशत), निफ्टी इन्फ्रा (2.21 प्रतिशत), निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स (2.10 प्रतिशत), निफ्टी कमोडिटीज (2.05 प्रतिशत) और निफ्टी एनर्जी (1.92 प्रतिशत) की बढ़त के साथ बंद हुआ।
केवल निफ्टी आईटी इंडेक्स ही 0.59 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ।
लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 867.40 अंक या 1.52 प्रतिशत की तेजी के साथ 57,792.55 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 257.30 अंक या 1.58 प्रतिशत की मजबूती के साथ 16,538.80 पर था।
सेंसेक्स पैक में अदाणी पोर्ट्स, एलएंडटी, एनटीपीसी, बीईएल, इंडिगो, एमएंडएम, पावर ग्रिड, मारुति सुजुकी, टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, सन फार्मा, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी बैंक, टाइटन, ट्रेंट, एशियन पेंट्स और भारती एयरटेल गेनर्स थे। टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, एचयूएल, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, इन्फोसिस, इटरनल, टीसीएस, आईटीसी और एक्सिस बैंक लूजर्स थे।
बाजार के जानकारों के मुताबिक, शेयर बाजार में तेजी की वजह निचले स्तरों पर निवेशकों की वैल्यू आधारित खरीदारी है। निवेशकों ने मेटल, सरकारी शेयरों और इन्फ्रा से जुड़े शेयरों में जमकर खरीदारी की है। इसके अलावा, वैश्विक बाजारों में बड़ी तेजी के घरेलू बाजार भावना में सुधार हुआ है।
इसके अतिरिक्त, बाजार में खरीदारी की वजह इंडिया विक्स में गिरावट को माना जा रहा है, जो कि सत्र में 15.56 प्रतिशत गिरकर 17.85 पर बंद हुआ।
इंडिया विक्स बाजार में स्थिरता को दिखाता है, इसमें गिरावट को बाजार के लिए सकारात्मक माना जाता है।
--आईएएनएस
एबीएस/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation



















