Odisha सरकार ने शुरू की Medical PG Exam पेपर लीक की जांच, MKCG पहुंची टीम
ब्रह्मपुर (ओडिशा), पांच अगस्त ओडिशा सरकार की ओर से गठित तीन सदस्यीय समिति ने बुधवार को राज्य में चिकित्सा स्नातकोत्तर (पीजी) परीक्षा के प्रश्नपत्र के कथित तौर पर लीक होने के मामले की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। समिति के सदस्यों अतिरिक्त सचिव बिजय कुमार दाश, विशेष सचिव (चिकित्सा सेवा) बिजय कुमार मिश्रा और चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण के संयुक्त निदेशक अनिल कुमार साहू समेत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अधिकारियों ने ब्रह्मपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का दौरा किया।
आरोप है कि परीक्षा के दौरान यहीं से प्रश्नपत्र कथित तौर पर लीक हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि समिति ने कथित अनियमितता को लेकर डीन-सह-प्राचार्य हरि कृष्ण दलई और अधीक्षक सुदीपा दाश समेत वरिष्ठ प्रोफेसरों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि समिति ने संकाय सदस्यों से बातचीत और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर प्रश्नपत्र के प्रसार के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की।
इकत्तीस जुलाई को गठित समिति से दो हफ़्ते के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों के साथ हुई बातचीत का ब्योरा नहीं बताया।
Mehbooba Mufti पर राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान का आरोप, Jammu में पुलिस शिकायत दर्ज
जम्मू, पांच अगस्त श्रीनगर में एक दिन पहले विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने के लिए पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए बुधवार को जम्मू में पुलिस शिकायत दर्ज कराई गई। एक अधिकारी ने बताया कि पक्का डंगा थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ और सामाजिक कार्यकर्ता नीरज शर्मा ने पुलिस से कार्रवाई शुरू करने की मांग की है, जिसमें प्राथमिकी दर्ज करना भी शामिल है। पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती मंगलवार रात श्रीनगर में पीडीपी कार्यालय के बाहर केंद्र सरकार द्वारा अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35ए को निरस्त कर जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा हटाए जाने के विरोध में आयोजित धरने के दौरान कथित रूप से राष्ट्रीय ध्वज को उल्टा पकड़ी हुई नजर आई थीं।
शर्मा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि घटना के वीडियो और तस्वीरों में महबूबा राष्ट्रीय ध्वज को इस तरह पकड़े हुए दिखाई दे रही हैं, जिसमें केसरिया पट्टी नीचे की ओर है। उन्होंने शिकायत में कहा, इससे न केवल राष्ट्रीय ध्वज का अपमान हुआ है, बल्कि देश के सभी राष्ट्रवादी लोगों की भावनाओं को भी गहरी ठेस पहुंची है। शिकायत में पुलिस से मामले की जांच कर कानून के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने और प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया गया है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi







