Uttarakhand Weather Alert: गंगोत्री में भारी बर्फबारी, चक्रवाती तूफान अर्नब का असर
Uttarakhand Weather Alert: उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. चक्रवाती तूफान अर्नब (Cyclone Arnab) का असर पहाड़ी इलाकों में देखने को मिल रहा है. गुरुवार यानी 29 अक्टूबर को गंगोत्री धाम में सीजन की पहली भारी बर्फबारी हुई, जिससे पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक गया. वहीं, केदारनाथ और बद्रीनाथ की ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी हुई, जबकि निचले इलाकों में बारिश से ठंड बढ़ गई है. मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर को नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली में भारी बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. अधिक जानकारी के लिए देखें पूरा वीडियो-
Explainer: अनंत सिंह की विधायकी कैसे जा सकती है? पार्टी से निष्कासन, दल-बदल कानून और जेल के नियम समझिए
Explainer: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह के सामने एक के बाद एक दो कानूनी और राजनीतिक चुनौतियां खड़ी हो गई हैं. पहले जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में छह साल के लिए निष्कासित कर दिया. इसके बाद 30 अक्टूबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने दुलारचंद यादव हत्याकांड में पटना हाईकोर्ट से मिली उनकी जमानत रद्द कर दी और उन्हें 1 दिसंर तक सरेंडर करने का निर्देश दिया. अदालत ने बिहार पुलिस को मामले की जांच चार महीने में पूरी करने को भी कहा है.
इस घटनाक्रम के बीच एक अहम सवाल उठ रहा है क्या किसी विधायक या सांसद को पार्टी से निकालने पर उसकी विधायकी या सांसदी भी खत्म हो जाती है? क्या पार्टी अध्यक्ष खुद किसी जनप्रतिनिधि की सदन की सदस्यता छीन सकता है? और अगर विधायक जेल चला जाए तो क्या उसकी कुर्सी अपने आप चली जाती है?
इन सवालों के जवाब के लिए पार्टी की सदस्यता, सदन की सदस्यता और दल-बदल विरोधी कानून के बीच का अंतर समझना जरूरी है.
पार्टी से निष्कासन और विधायकी दो अलग-अलग चीजें
किसी राजनीतिक दल से निष्कासित होने का मतलब यह नहीं है कि विधायक या सांसद की सदन की सदस्यता भी खत्म हो गई. दोनों की कानूनी व्यवस्था अलग है.
राजनीतिक पार्टी अपने संविधान और अनुशासनात्मक नियमों के तहत किसी सदस्य को निलंबित या निष्कासित कर सकती है. लेकिन विधानसभा या लोकसभा की सदस्यता संविधान, जनप्रतिनिधित्व अधिनियम और सदन के नियमों से तय होती है.
इसलिए पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष हो या प्रदेश अध्यक्ष, वह अपने आदेश से किसी विधायक की विधायकी या सांसद की सांसदी खत्म नहीं कर सकता. हालांकि, निष्कासन के बाद संबंधित जनप्रतिनिधि का व्यवहार दल-बदल कानून के दायरे में आ सकता है. यानी पार्टी से निकाले जाने के बाद भी सदस्यता बची रह सकती है, लेकिन कुछ परिस्थितियों में अयोग्यता की कार्यवाही शुरू हो सकती है.
दल-बदल विरोधी कानून क्या कहता है?
भारतीय संविधान की दसवीं अनुसूची यानी दल-बदल विरोधी कानून के तहत किसी विधायक या सांसद की सदस्यता कुछ खास परिस्थितियों में खत्म हो सकती है. यह कानून 1985 में 52वें संविधान संशोधन के जरिए लागू किया गया था.
इसके तहत किसी राजनीतिक दल के टिकट पर चुना गया जनप्रतिनिधि अयोग्य घोषित हो सकता है, अगर वह...
- स्वेच्छा से अपनी मूल राजनीतिक पार्टी की सदस्यता छोड़ दे.
- सदन में पार्टी के निर्देश यानी व्हिप के खिलाफ मतदान करे या मतदान से अनुपस्थित रहे और पार्टी 15 दिनों के भीतर उसके इस आचरण को माफ न करे.
यहां ध्यान देने वाली बात है कि पार्टी से इस्तीफा देना ही सदस्यता छोड़ने का महज तरीका नहीं है. सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसलों में साफ तौर पर कहा है कि जनप्रतिनिधि के आचरण से भी यह साबित हो सकता है कि उसने स्वेच्छा से पार्टी छोड़ दी है.
पार्टी से निकाले जाने के बाद भी विधायक उसी दल का सदस्य क्यों?
इस सवाल पर सुप्रीम कोर्ट का 1996 का जी. विश्वनाथन बनाम तमिलनाडु विधानसभा अध्यक्ष का फैसला बेहत महत्वपूर्ण है.
इस मामले में कोर्ट ने साफ किया था कि किसी विधायक को उसकी पार्टी से निकाल देने के बाजवूद दल-बदल कानून के उद्देश्य से वह उसी पार्टी का सदस्य माना जाता रहेगा, जिसके टिकट पर वह चुनाव जीतकर आया था.
यानी पार्टी उसे निष्कासित करके यह नहीं कह सकती कि अब उसका उस दल से कोई संबंध नहीं है और वह पूरी तरह स्वतंत्र विधायक हो गया है. लेकिन अगर निष्कासित विधायक इसके बाद किसी दूसरी पार्टी में शामिल हो जाता है तो इसे मूल पार्टी की सदस्यता स्वेच्छा से छोड़ना माना जा सकता है.
ऐसी स्थिति में उसकी सदस्यता जा सकती है.इसका मतलब है कि अनंत सिंह को जेडीयू से निकाला जाना अपने आप में उनकी विधायकी खत्म करने के लिए पर्याप्त नहीं है. लेकिन उनके खिलाफ पार्टी ने जो शिकायत दी है, उसमें उनके आचरण को दल-बदल कानून के तहत अयोग्यता का आधार बताया गया है.
अनंत सिंह के मामले में विधानसभा अध्यक्ष की क्या भूमिका है?
24 अक्टूबर 2026 को जेडीयू ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था. पार्टी का आरोप था कि अनंत सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के MLC चुनाव में JDU उम्मीदवार नीरज कुमार के बजाय जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया.
इसके बाद 26 अक्टूबर को जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को अनंत सिंह की सदस्यता समाप्त करने की मांग वाला पत्र सौंपा. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इसके साथ करीब 10 पन्नों के दस्तावेज और वीडियो फुटेज भी दिए गए थे.
संविधान की दसवीं अनुसूची के पैरा 6 के तहत दल-बदल से जुड़े मामलों में विधानसभा अध्यक्ष को फैसला करने का अधिकार है. यानी जेडीयू की मांग से अनंत सिंह की सदस्यता खत्म नहीं हो जाती. विधानसभा अध्यक्ष को शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों पर विचार करके तय करना होगा कि क्या उनके खिलाफ अयोग्यता का आधार बनता है.
यहां एक कानूनी पेच भी है. MLC चुनाव विधानसभा के अंदर होने वाला मतदान नहीं है. इसलिए वहां पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार करने को सीधे विधानसभआ में व्हिप तोड़ने के बराबर नहीं माना जा सकता. हालांकि, JDU इसे अनंत सिंह के आचरण के जरिए पार्टी से स्वेच्छा से दूरी बनाने का संकेत बता सकती है. इस दलील को स्वीकार करना है या नहीं, इसका फैसला संबंधित संवैधानिक प्रक्रिया में होगा.
जेल जाने से विधायकी खत्म होती है या नहीं?
किसी विधायक या सांसद को गिरफ्तार कर जेल भेज देने भर से उसकी सदस्यता समाप्त नहीं होती. कानून में आरोपी होने और दोषी ठहराए जाने के बीच अंतर है.
अगर किसी जनप्रतिनिधि को किसी मामले में गिरफ्तार किया गया है और मुकदम अभी अदालत में चल रहा है तो केवल गिरफ्तारी या न्यायिक हिरासत के आधार पर उसकी सदस्यता नहीं जाती.
इस मामले में जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 8 महत्वपूर्ण है. इसकी धारा 8(3) के मुताबिक, किसी अपराध में दोषी ठहराए जाने पर अगर जनप्रतनिधि को कम से कम दो साल की जेल की सजा मिलती है तो वह दोषसिद्धि की तारीख से अयोग्य हो जाता है.
यह अयोग्यता रिहाई के बाद भी छह साल तक जारी रहती है. कुछ खास अपराधों के लिए धारा 8(1) और 8(2) में अलग प्रावधान हैं.
2013 में सुप्रीम कोर्ट ने लिली थॉमस बनाम भारत संघ मामले में यह भी साफ किया था कि दोषी ठहराए गए सांसदों और विधायकों को अयोग्यता से बचाने वाला पुराना विशेष प्रावधान असंवैधानिक है. हालांकि, अपील के दौरान अदालत अगर दोषिसिद्धि पर ही रोक लगा देती है तो अयोग्यता का प्रभाव नहीं रहता. सिर्फ सजा निलंबित होना और दोषसिद्धि पर रोक लगना अलग-अलग बातें हैं.
दुलारचंद यादव हत्याकांड में अनंत सिंह के पास क्या विकल्प हैं?
30 अक्टूब 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने दुलारचंद यादव हत्याकांड में अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट से मिली जनानत रद्द कर दी और उन्हें 1 दिसंबर तक सरेंडर करने का निर्देश दिया. अदालत ने बिहार पुलिस को चार महीने में जांच पूरी करने का आदेश भी दिया है.
लेकिन जमानत रद्द होने का अर्थ दोषी ठहराया जाना नहीं है. इस मामले में अभी आरोपों की जांच और मुकदमे की प्रक्रिया बाकी है. इसलिए सिर्फ इस आधार पर उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म नहीं होगी.
अनंत सिंह के सामने फिलहाल दो अलग-अलग कानूनी मोर्चे
पहला- दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक सरेंडर करना औऱ मामले में अपना पक्ष रखना.
दूसरा- JDU की ओर से विधानसभा अध्यक्ष के सामने दायर की गई अयोग्यता की मांग का जवाब देना.
आखिर कब जा सकती है विधायक या सांसद की कुर्सी?
किसी जनप्रतिनिधि की सदस्यता खत्म होने के प्रमुख आधारों में दल-बदल कानून के तहत अयोग्य ठहराया जाना, जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत दोषसिद्धि और कुछ अन्य संवैधानिक या कानूनी अयोग्यताएं शामिल हैं.
इसलिए अनंत सिंह के मामले में तीन बातों को अलग-अलग समझना जरूरी है JDU से निष्कासन, दल-बदल कानून के तहत विधानसभा अध्यक्ष के सामने चलने वाली प्रक्रिया और दुलारचंद यादव हत्याकांड में आपराधिक मुकदमा.
कुल मिलाकर, पार्टी किसी विधायक को निकाल सकती है, लेकिन उसकी विधायकी खुद खत्म नहीं कर सकती. जेल जाने से भी कुर्सी अपने आप नहीं जाती. सदस्यता पर असर तभी पड़ेगा जब संविधान और कानून में तय अयोग्यता की शर्तें पूरी हों और संबंधित सक्षम प्राधिकारी या अदालत उस पर फैसला करे.
यह भी पढ़ें -
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation









