Cyclone Arnab से Andhra Pradesh में 6 मौतें, सीएम चंद्रबाबू नायडू ने किया हवाई सर्वेक्षण
आंध्र प्रदेश के तेनाली मंडल में दीवार गिरने से 11 वर्षीय लड़के की मौत हो गई और इसके साथ ही अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना बुधवार रात करीब नौ बजे हुई।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्यभर में मौसम लगभग ठीक है और अवरुद्ध सड़कों तथा क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों में से करीब 90 प्रतिशत को बहाल कर दिया गया है। जैन ने कहा कि बहाली का काम बृहस्पतिवार को भी जारी रहेगा। इस बीच, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने चक्रवाती तूफान से तबाह हुए कुछ जिलों में बड़े भूभाग और खेतों का हवाई सर्वेक्षण किया।
एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कृष्णा, पश्चिम गोदावरी और डॉ. बी आर आंबेडकर कोनसीमा जिलों का सर्वेक्षण किया। नायडू ने नवनिर्मित राजधानी अमरावती से हेलीकॉप्टर के जरिए कोनसीमा जिले के कट्रेनिकोना मंडल स्थित चेयेरू गांव तक दौरा किया। वहीं, मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को बताया कि बुधवार को बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से दक्षिण अंडमान सागर और उसके आसपास के क्षेत्र में नया कम दबाव का क्षेत्र बना है।
विभाग ने कहा कि इसके गहरे होकर अवदाब में बदलने और नवंबर के पहले सप्ताह में आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कम दबाव का क्षेत्र बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे बना और पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे तक उसी क्षेत्र में बना रहा। इस बीच, भारतीय तटरक्षक बल ने बृहस्पतिवार को बंगाल की खाड़ी में आंध्र प्रदेश तट के पास फंसे मार्शल द्वीपसमूह के ध्वज वाले मालवाहक जहाज ‘सिग्मा पर्ल’ के चालक दल के 13 सदस्यों को बचाया।
चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के कारण खराब मौसम के बीच जहाज फंस गया था। एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, डॉ. बी आर आंबेडकर कोनसीमा जिले के समुद्र तटीय गांव अंतरवेदी के पास तटरक्षक बल का बचाव अभियान जारी है।
Kal Ka Mausam: देश के 24 राज्यों में भारी बारिश की आशंका, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
Kal Ka Mausam: देश के विभिन्न हिस्सों में 30 अक्टूबर को बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की उम्मीद है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान की मानें तो दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा सहित 24 राज्यों में मौसम खराब हो सकता है. मौसम विभाग ने इन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, ओले और आंधी की आशंका जताई है.
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा कल का मौसम
दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के कुछ हिस्सों में 30 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ ओले गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. IMD के अनुसार, दिल्ली और आसपास के इलाकों में 29 और 30 अक्टूबर को आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है. कुछ स्थानों पर हवा के झोंके 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.
उत्तर प्रदेश और बिहार में कैसा रहेगा कल का मौसम
उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 30 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना है. बिहार में भी कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. दोनों राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है.
बिहार में बारिश का असर कई जिलों में देखने को मिल सकता है. लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव, सड़कों पर फिसलन और यातायात में परेशानी पैदा हो सकती है. किसानों को भी खेतों में खड़ी फसलों को संभावित नुकसान को देखते हुए स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी जाती है.
झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कैसा रहेगा कल का मौसम
झारखंड में 29 और 30 अक्टूबर को कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. चक्रवात ‘अर्नब’ के कमजोर होकर कम दबाव वाले मौसमी सिस्टम में बदलने के बाद भी पूर्वी और मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है. मौसम की स्थिति के कारण कमजोर निर्माण, कच्चे मकानों, पेड़ों और बिजली की लाइनों को नुकसान पहुंचने का जोखिम हो सकता है.
पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर में कैसा रहेगा कल का मौसम
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. ओडिशा में भी बारिश जारी रह सकती है. असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में बारिश तथा गरज-चमक देखने को मिल सकती है. अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में भी भारी बारिश की आशंका है.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi
News Nation










