मध्य पूर्व में जारी युद्ध के बीच सीबीएसई का बड़ा फैसला, 7 देशों में 2 मार्च की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित
नई दिल्ली, 1 मार्च (आईएएनएस)। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध को देखते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने मध्य पूर्व के कई देशों में 2 मार्च को आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। यह फैसला क्षेत्र में बढ़ते तनाव और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
सीबीएसई की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में स्थित सीबीएसई संबद्ध स्कूलों में कक्षा 10वीं और 12वीं की 2 मार्च को निर्धारित परीक्षाएं फिलहाल टाल दी गई हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान परिस्थितियों में परीक्षा आयोजित करना छात्रों और स्टाफ के लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है।
बोर्ड ने यह भी बताया कि 3 मार्च को एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई है, जिसमें 5 मार्च से आगे आयोजित होने वाली परीक्षाओं को लेकर स्थिति की समीक्षा की जाएगी। बैठक के बाद आगे की परीक्षाओं के संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
सीबीएसई ने कहा है कि स्थगित परीक्षाओं की संशोधित तिथियां जल्द ही घोषित की जाएंगी। छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे अपने-अपने स्कूलों के संपर्क में रहें और आधिकारिक वेबसाइट या स्कूल प्रशासन से ही अपडेट प्राप्त करें। किसी भी प्रकार की अफवाह या अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करने की भी अपील की गई है।
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण कई देशों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ऐसे हालात में परीक्षाओं का संचालन चुनौतीपूर्ण माना जा रहा था। इसी को देखते हुए बोर्ड ने एहतियातन यह निर्णय लिया है।
सीबीएसई ने दोहराया है कि छात्रों के शैक्षणिक हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी और नई तिथियां तय करते समय परीक्षा कार्यक्रम को संतुलित रखा जाएगा ताकि विद्यार्थियों की तैयारी पर नकारात्मक प्रभाव न पड़े। फिलहाल छात्र अगली सूचना का इंतजार कर रहे हैं, जबकि बोर्ड स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
बता दें कि इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर हमला किया है। इजरायल और अमेरिकी आर्मी ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों में मिसाइलें दागी हैं। ईरान में राष्ट्रपति भवन को निशाना बनाया गया। इस हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई की भी मौत हो गई है।
--आईएएनएस
एसएके/एबीएम
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
इजरायल के हाइफा पोर्ट पर परिचालन सामान्य, सभी कर्मचारी सुरक्षित : अदाणी पोर्ट्स
अहमदाबाद, 1 मार्च (आईएएनएस)। अदाणी पोर्ट्स और स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) ने रविवार को कहा कि रीजन में तनावपूर्ण स्थिति के बीच इजरायल में मौजूद उसके हाइफा पोर्ट पर परिचालन सामान्य बना हुआ है और सभी कर्मचारी सुरक्षित है।
एपीएसईजेड की ओर से जारी बयान में कहा गया कि हाइफा पोर्ट कंपनी ने पुष्टि की है कि उसके सभी कर्मचारी और पोर्ट की संपत्तियां एवं इन्फ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह से सुरक्षित है, साथ ही परिचालन बिना किसी रुकावट के सामान्य बना हुआ है।
कंपनी ने आगे कहा कि वह स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और इजरायल के परिवहन एवं सड़क सुरक्षा मंत्रालय के साथ समन्वय कर रहा है। साथ ही, अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार कार्य कर रहा है।
एपीएसईजेड ने आगे कहा कि वह अपने कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और परिचालन की निरंतरता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
कंपनी ने इस बात पर जोर दिया कि पोर्ट का सुचारू संचालन इजरायल की आपूर्ति श्रृंखला और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए महत्वपूर्ण है।
कंपनी ने कहा, हम अपने कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और परिचालन की निरंतरता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि इजरायल की आपूर्ति श्रृंखला और अंतरराष्ट्रीय व्यापार में स्थिरता बनी रहे।
यह बयान इस बात का आश्वासन देता है कि बुनियादी ढांचे को कोई नुकसान नहीं हुआ है और अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों और इजरायल की जवाबी कार्रवाई के बाद जारी तनाव के बावजूद हाइफा पोर्ट पर व्यावसायिक गतिविधियां सामान्य रूप से चल रही हैं।
एपीएसईजेड भारत की सबसे बड़ी और दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती हुई इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट यूटिलिटी कंपनी है। कंपनी भारत और दुनिया में कुल 19 पोर्ट्स और टर्मिनल्स का संचालन कर सकती है, जिसमें से 15 भारत में और 4 विदेशों (ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, इजरायल और तंजानिया) में हैं।
--आईएएनएस
एबीएस/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation














.jpg)






