PM मोदी का राजस्थान-गुजरात दौरा: 39,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की सौगात; देश के पहले बड़े सेमीकंडक्टर प्लांट का करेंगे उद्घाटन
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 28 फरवरी 2026 को राजस्थान और गुजरात के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे दोनों राज्यों को कुल 39,180 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उपहार देंगे। पीएम मोदी का यह दौरा महिला स्वास्थ्य, युवाओं के रोजगार और भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
राजस्थान में 16,680 करोड़ की परियोजनाओं का तोहफा
प्रधानमंत्री सुबह करीब 11:30 बजे राजस्थान के अजमेर पहुंचेंगे। यहा वे 16,680 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वे विशेष रूप से 14 साल की लड़कियों के लिए 'ह्यूमन पेपिलोमावायरस' (HPV) वैक्सीनेशन का राष्ट्रव्यापी अभियान लॉन्च करेंगे, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाना है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी का विस्तार
कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री जयपुर से बांदीकुई के बीच 4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे के 8-लेन सेक्शन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही जोधपुर में 4-लेन एलिवेटेड रोड का शिलान्यास भी किया जाएगा, जिससे राज्य के परिवहन नेटवर्क में बड़ा सुधार होगा।
युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र
रोजगार के मोर्चे पर भी यह दौरा बेहद खास है। प्रधानमंत्री राजस्थान के विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित 21,800 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इसके अतिरिक्त, वे पेयजल संकट को दूर करने के लिए नोनेरा और परवन अकवाड़ पेयजल परियोजनाओं की नींव भी रखेंगे।
गुजरात में सेमीकंडक्टर क्रांति का आगाज़
दोपहर करीब 3:45 बजे प्रधानमंत्री गुजरात के साणंद पहुंचेंगे, जहाँ वे 22,500 करोड़ रुपये की लागत वाली माइक्रोन कंपनी की सेमीकंडक्टर असेंबली, टेस्ट और पैकेजिंग (ATMP) फैसिटी का उद्घाटन करेंगे। यह भारत के सेमीकंडक्टर मिशन के तहत मंजूर पहला बड़ा प्रोजेक्ट है जो देश को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाएगा।
तमिलनाडु और पुडुचेरी का भी करेंगे दौरा
राजस्थान और गुजरात की यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री शनिवार रात करीब 9 बजे चेन्नई पहुंचेंगे। इसके बाद 1 मार्च 2026 को वे तमिलनाडु और पुडुचेरी के दौरे पर रहेंगे, जहा अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों की शुरुआत करेंगे।
IMD Weather Update : दिल्ली-NCR में सताएगी गर्मी; पहाड़ों पर बर्फबारी और दक्षिण-पूर्वोत्तर में बारिश का अलर्ट
नई दिल्ली : देश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा जहा उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने से गर्मी का अहसास होगा, वहीं पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी राज्यों और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। दिल्ली-NCR में आसमान साफ रहने के साथ तेज धूप खिलेगी, जबकि असम, मेघालय और केरल जैसे राज्यों में बादलों के बरसने का अनुमान है।
दिल्ली-NCR: दिन में चढ़ेगा पारा और चलेंगी तेज हवाएं
राजधानी दिल्ली और आसपास के शहरों में आज मौसम मुख्य रूप से शुष्क और साफ रहेगा। दिन के समय तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान 33°C तक पहुंच सकता है, जिससे गर्मी का प्रभाव बढ़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार, दिन के दौरान 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल सकती हैं, जो शाम के समय हल्की राहत देंगी।
पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज: हिमाचल में बारिश और बर्फबारी
एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में मौसम बदल गया है। हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत: इन राज्यों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में आज बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा दक्षिण भारत के केरल और माहे में भी कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। अन्य राज्यों जैसे पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।
राजस्थान और मध्य भारत: गर्मी की दस्तक
राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। जयपुर में आज का अधिकतम तापमान 31°C के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि कुछ मैदानी इलाकों में पारा 35°C को भी छू सकता है। उत्तर प्रदेश और बिहार में भी सुबह-शाम की हल्की ठंड अब पूरी तरह खत्म हो चुकी है और दोपहर में तेज धूप का सामना करना पड़ेगा।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi




















