घर में जरूर लगाए ये तीन पौधे, त्वचा और पेट संबंधी रोगों से मिलेगा छुटकारा
नई दिल्ली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। घर और आस-पास के क्षेत्र को खूबसूरत बनाने के लिए हम अक्सर फूल वाले पौधे लगाते हैं।
कुछ पौधे घर की सुंदरता को बढ़ाने का काम करते हैं, जबकि कुछ पौधे औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं। आज हम आपको ऐसे तीन पौधों की जानकारी देंगे, जिनके पत्ते सेहत के लिए खजाना हैं और जिन्हें घर में लगाना भी आसान है। इस लिस्ट में मदार का पौधा, नीम का पौधा, और बेहया का पौधा शामिल है। नीम के पौधे को आंगन में लगा सकते हैं, या फिर उसके पत्तों को घर में स्टोर करके भी रख सकते हैं।
मदार, नीम, और बेहया तीनों का जिक्र आयुर्वेद में किया गया है, और उनका उपयोग शरीर के कई रोगों से लड़ने में किया जाता है। पहले बात करते हैं नीम के पौधे या उसके पत्तों की। नीम का पौधा ऐसा पौधा है जिसकी टहनी, फल, छाल, और पत्ते सभी गुणों से भरपूर होते हैं, लेकिन आज हम सिर्फ पत्तों के बारे में बात करेंगे। नीम के पत्तों के सेवन से पेट में पनप रहे खराब बैक्टीरिया का नाश होता है और रक्त शुद्ध भी होता है। नीम के पत्तों का लेप या पानी में डालकर स्नान करने के भी बहुत सारे फायदे हैं। त्वचा से संबंधित रोगों में पत्तों का लेप लाभकारी साबित होता है।
दूसरे नंबर पर है मदार का पौधा। मदार के पौधे को घर में लगा सकते हैं, लेकिन यह आमतौर पर आसानी से आस-पास उपलब्ध होता है। मदार के पत्ते गुणों से भरपूर होते हैं और सूजन से लेकर दर्द तक को कम करने का काम करते हैं। अगर जोड़ों में दर्द की समस्या है, तो मदार के पत्ते पर सरसों का तेल लगाकर हल्का सेंक लें और प्रभावित जगह पर लगाएं। पत्ते में दर्द को सोखने की क्षमता दवा से अधिक होती है।
तीसरा और आखिरी पौधा है बेहया का पौधा। बेहया एक बारहमासी पौधा है, जिसे आराम से छत पर गमले में लगाया जा सकता है। इसके फूल से लेकर पत्ते तक गुणकारी होते हैं। बेहया के पत्ते का इस्तेमाल जोड़ों के दर्द, सूजन, और चर्म रोगों में प्रमुखता से किया जाता है। दाद और खुजली में बेहया के पत्ते का लेप प्रभावी तरीके से काम करता है, हालांकि इसके सेवन से बचना चाहिए।
--आईएएनएस
पीएस/एएस
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
'लाइफ कंट्रोल सेंटर' है पैंक्रियास, अनदेखा करना होगा सेहत के साथ खिलवाड़
नई दिल्ली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। वैसे तो शरीर का हर अंग महत्वपूर्ण होता है, लेकिन कुछ अंग ऐसे होते हैं जो साइलेंट वॉरियर की तरह काम करते हैं।
ऐसा ही एक बेहद जरूरी अंग है पैंक्रियास, जिसके बारे में बहुत कम लोग ही बात करते हैं। बाकी अंगों की तरह पैंक्रियास की देखभाल करना भी बहुत जरूरी है क्योंकि इसकी समस्या पाचन और ऊर्जा को सीधे तौर पर प्रभावित करती है।
पैंक्रियास को “लाइफ कंट्रोल सेंटर” भी कह सकते हैं क्योंकि यह अकेला अंग ऊर्जा, पाचन और शुगर तीनों को नियंत्रित करने में मदद करता है। जैसे ही इसकी कार्यप्रणाली कमजोर पड़ती है, तब डायबिटीज, पाचन खराब, कमजोरी और सूजन जैसी समस्याएं शुरू हो जाती हैं। यह हमारे शरीर में दो मुख्य काम करता है। पहला पाचन को सही रखना और दूसरा शुगर को कंट्रोल करना।
पैंक्रियास भोजन को पचाने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और पेट में ऐसे हॉर्मोन या एंजाइम बनाता है, जो प्रोटीन को तोड़ने, फैट को पचाने और कार्बोहाइड्रेट को ऊर्जा में बदलने में मदद करते हैं। इन तीन स्टेप्स के बाद ही पेट में पाचन की प्रक्रिया सही तरीके से हो पाती है और शरीर को पूरी ऊर्जा और पोषण मिलता है। वहीं अगर पाचन प्रक्रिया में किसी तरह की कोई गड़बड़ी है तो गैस, अपच और कब्ज की शिकायत होने लगती है।
पैंक्रियास शुगर को कंट्रोल करने में भी सहायक है। यह अंग इंसुलिन और ग्लूकागन नाम के दो हॉर्मोन बनाता है। इंसुलिन रक्त में शुगर की मात्रा को नियंत्रित करता है और ग्लूकागन शुगर को बढ़ाता है। अगर यह दोनों असंतुलित है तो मधुमेह की बीमारी होना तय है।
अब सवाल है कि पैंक्रियास की देखभाल कैसे करें। पैंक्रियास को स्वस्थ रखने के लिए हल्का और संतुलित भोजन करना चाहिए। इसके लिए आहार में दाल, सब्जी, और मोटा अनाज शामिल करें। इसके अलावा, तला-भुना और अत्यधिक मीठा खाने से परहेज करें। जीवनशैली को दुरुस्त बनाए रखने के लिए रोजाना योग करें। सुबह की शुरुआत अनुलोम-विलोम और कपालभाति से करें। इससे पैंक्रियास में रक्त का संचार अधिक होगा और हॉर्मोन संतुलित तरीके से बनेंगे।
--आईएएनएस
पीएस/एएस
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation























