याद वाशेम में मैंने पीएम मोदी को पत्नी सारा के रिश्तेदारों के नाम दिखाए: नेतन्याहू
तेल अवीव, 26 फरवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू की एक तस्वीर कौतुहल का विषय बनी थी। आखिर पीएम मोदी के भाई समान सच्चे मित्र उन्हें क्या दिखा रहे थे और भारत के प्रधानमंत्री क्या गौर से देख रहे थे? इसका खुलासा खुद नेतन्याहू ने एक्स पोस्ट के जरिए किया है।
उन्होंने बताया कि वो अपने मित्र को मृतकों की लिस्ट में लिखे अपनी पत्नी सारा नेतन्याहू के रिश्तेदारों का नाम दिखा रहे थे। उन्होंने एक्स पर कुछ तस्वीरों के साथ लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मैं आज याद वाशेम गए। हॉल ऑफ नेम्स में, मैंने उन्हें अपनी पत्नी सारा के उन रिश्तेदारों के नाम दिखाए जिनकी होलोकॉस्ट में हत्या कर दी गई थी।
पीएम मोदी के एक कार्य को अविस्मरणीय बताते हुए उन्होंने आगे कहा, फिर हमने एक मेमोरियल सेरेमनी की, जहां प्रधानमंत्री मोदी ने पीड़ितों की याद में माल्यार्पण किया और सम्मान स्वरूप एक पत्थर रखा। हम कभी नहीं भूलेंगे।
याद वाशेम हिटलर के नाजी शासन में मारे गए 60 लाख यहूदियों की याद में बनाया गया है।
इस दौरे के दौरान कई ऐसे पल आए जो भारत-इजरायल के संबंधों को नया आकार देते दिखे। ये समझौतों और एमओयू से इतर इंसानी रिश्तों की अहमियत समझाते पल थे। एक बार नहीं बल्कि अनेकों बार नेतन्याहू पीएम मोदी को ग्रेट लीडर, सच्चा-अच्छा दोस्त, और उससे बढ़कर भाई कहते दिखे। दुनिया के दो बड़े नेताओं ने आम शख्स की तरह हंसी मजाक किया और भावुक कर देने वाले क्षणों को भी समेटा।
नेसेट में पीएम का ऐतिहासिक संबोधन भी यादगार रहा। दुनिया के पहले ऐसे शख्स रहे जिन्हें स्पीकर ऑफ द नेसेट सम्मान से नवाजा गया।
दो दिवसीय राजकीय दौरे के आखिरी दिन पीएम मोदी होलोकॉस्ट मेमोरियल भी गए और राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग के साथ एक पेड़ मां के नाम पहल के तहत ओक का पेड़ भी लगाया।
--आईएएनएस
केआर/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
सेबी का ब्रोकर्स, पोर्टफोलियो मैनेजर्स और म्यूचुअल फंड्स को सख्त निर्देश, सोशल मीडिया पर पंजीकरण की स्पष्ट जानकारी दें
मुंबई, 26 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (एसईबीआई) ने गुरुवार को सभी विनियमित सभी संस्थाओं को निर्देश दिया कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिभूति बाजार से संबंधित सामग्री पोस्ट करते समय अपना पंजीकृत नाम और पंजीकरण संख्या स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें।
यह नया नियम 1 मई से लागू होगा। यह निर्देश स्टॉक ब्रोकरों, पोर्टफोलियो प्रबंधकों, म्यूचुअल फंडों और वितरकों जैसे अन्य मध्यस्थों और एजेंटों पर लागू होगा।
सेबी ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य निवेशकों को पंजीकृत और विनियमित संस्थाओं द्वारा साझा की गई सामग्री को आसानी से पहचानने और सोशल मीडिया पर अपंजीकृत या अनियमित संस्थाओं द्वारा पोस्ट की गई सामग्री से अलग करने में मदद करना है।
सर्कुलर के अनुसार, यह नियम प्रतिभूति बाजार से संबंधित वीडियो, लिखित पोस्ट और अन्य सामग्री सहित सभी प्रकार की सामग्री पर लागू होगा।
यह नियम यूट्यूब, टेलीग्राम, इंस्टाग्रास, फेसबुक, व्हाट्सएप, एक्स, लिंक्डइन, रेडइट और थ्रेड्स के साथ अन्य सभी प्लेटफॉर्म पर लागू होगा।
सेबी ने कहा है कि विनियमित संस्थाओं और उनके एजेंटों को अपने सोशल मीडिया हैंडल के होम पेज पर अपना पंजीकृत नाम और पंजीकरण संख्या प्रमुखता से प्रदर्शित करनी होगी। उन्हें शेयर बाजार से संबंधित प्रत्येक वीडियो या पोस्ट की शुरुआत में भी इन विवरणों का उल्लेख करना होगा।
नियामक ने बताया कि हाल के वर्षों में, उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग करके समन्वित शेयर हेरफेर और पंप-एंड-डंप योजनाओं को चलाने वाली कई संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई की है।
बाजार के जानकारों का मानना है कि विनियमित सामग्री की स्पष्ट पहचान से निवेशकों को बेहतर निर्णय लेने और भ्रामक जानकारी से बचने में मदद मिलेगी।
सेबी ने आगे स्पष्ट किया कि एकाधिक पंजीकरण रखने वाली संस्थाओं को अपने सोशल मीडिया होम पेज पर एक वेब लिंक प्रदान करना होगा जो उपयोगकर्ताओं को उनके सभी एसईबीआई-पंजीकृत नामों और पंजीकरण संख्याओं की सूची वाले पेज पर ले जाए। इसके अलावा, उन्हें यह स्पष्ट रूप से बताना होगा कि सामग्री किस विशिष्ट पंजीकरण के तहत प्रकाशित की जा रही है।
--आईएएनएस
एबीएस/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation



















