बम की धमकी के बाद ‘जलसा’ की सुरक्षा बढ़ी:तबीयत खराब होने के बावजूद फैंस से मिलने पहुंचे अमिताभ बच्चन; पीछे खड़े नजर आए अभिषेक
मुंबई स्थित अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी के बाद सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इसके बावजूद बिग बी ने रविवार को अपनी सालों पुरानी परंपरा निभाते हुए घर के बाहर जमा फैंस का अभिवादन किया। इस दौरान बेटे अभिषेक बच्चन भी उनके साथ नजर आए। पुलिस की मौजूदगी और बैरिकेडिंग के बीच फैंस से उनकी मुलाकात चर्चा में रही। धमकी के बाद ‘जलसा’ के बाहर पुलिस का पहरा अमिताभ बच्चन हर रविवार अपने बंगले ‘जलसा’ के बाहर आकर फैंस का अभिवादन करते हैं। इस परंपरा को ‘संडे दर्शन’ कहा जाता है। 25 अक्टूबर को भी उन्होंने यह सिलसिला जारी रखा, लेकिन इस बार बंगले के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। हाल ही में अमिताभ बच्चन के बंगले को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी। रविवार को जलसा के बाहर बड़ी संख्या में फैंस अपने पसंदीदा अभिनेता की झलक पाने पहुंचे थे। पुलिसकर्मी बैरिकेड्स के पास तैनात रहे और भीड़ पर नजर रखते दिखाई दिए। पिता के पीछे खड़े नजर आए अभिषेक बच्चन इस बार संडे दर्शन के दौरान अमिताभ बच्चन के साथ बेटे अभिषेक बच्चन भी मौजूद रहे। अमिताभ घर के बाहर आकर फैंस का अभिवादन कर रहे थे, तब अभिषेक उनके पीछे खड़े नजर आए। आमतौर पर अमिताभ इस परंपरा के दौरान अकेले फैंस के सामने आते हैं। ऐसे में अभिषेक की मौजूदगी ने लोगों का ध्यान खींचा। सुरक्षा के बीच पिता के साथ उनकी तस्वीरें भी चर्चा में रहीं। तबीयत ठीक नहीं, डॉक्टरों ने आराम की सलाह दी थी अमिताभ बच्चन ने हाल ही में अपने ब्लॉग पर बताया था कि उन्हें आराम की जरूरत है। उन्होंने लिखा था कि डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिनों तक आराम करने और सेहत पर ध्यान देने की सलाह दी है। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर भी सेहत को लेकर अपडेट दिया था। बिग बी ने शरीर को ठीक होने के लिए और समय देने की बात कही थी। इसके बावजूद उन्होंने रविवार को फैंस से मिलने की परंपरा नहीं तोड़ी। अमिताभ बच्चन लंबे समय से यह परंपरा निभाते आ रहे हैं। हर रविवार उनके घर के बाहर फैंस की भीड़ जुटती है, जो उनकी झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करती है। मेयर के कार्यालय को भी मिला था धमकी भरा ईमेल रिपोर्ट्स के मुताबिक, 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय को धमकी भरा ईमेल मिला था। इसमें अमिताभ बच्चन के बंगले के अलावा गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट और कुछ स्कूलों को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। ईमेल में जुहू स्थित अमिताभ के बंगले ‘जलसा’ को 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच निशाना बनाने की बात कही गई थी। इसके बाद पुलिस ने संबंधित स्थानों की सुरक्षा जांच की। शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की गंभीरता की जांच कर रही है। ____________________ यह खबर भी पढ़ें.. अमिताभ बच्चन का बंगला उड़ाने की धमकी:दिलजीत दोसांझ को जान से मारने का मेल; 5 दिन पहले टाइगर श्रॉफ पर हुई थी फायरिंग अमिताभ बच्चन और पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ को शुक्रवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। मुंबई की मेयर रितु तावड़े को यह धमकी भरा ई-मेल भेजा गया।पूरी खबर पढ़ें..
IPL ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में होगा:इसी दिन भारत और श्रीलंका मैच; 15 नवंबर तक टीमें तय करेंगी किसे रखना है
IPL के 2027 सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में होगी। इससे पहले सभी 10 टीमों को 15 नवंबर तक बताना होगा कि वे अपने मौजूदा खिलाड़ियों में से किन्हें अपने साथ बनाए रखना चाहती हैं। 16 दिसंबर को ही भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा वनडे बेंगलुरु में खेला जाना है। श्रीलंका की टीम 13 दिसंबर से भारत के दौरे पर रहेगी। इसमें 3 वनडे और 3 टी-20 खेले जाएंगे। तीन साल बाद भारत में क्यों हो रही नीलामी? पिछली तीन नीलामियां भारत से बाहर हुई थीं। 2024 में दुबई, 2025 के लिए सऊदी अरब के जेद्दा और 2026 में अबू धाबी में ऑक्शन हुआ था। नीलामी में हर टीम के मालिकों और अधिकारियों के अलावा कोचिंग स्टाफ शामिल होता है। इतने लोगों के लिए विदेश यात्रा, होटल, परिवहन और दूसरे इंतजाम करना खर्चीला होने के साथ-साथ जटिल भी होता है। इसीलिए इस बार का ऑक्शन भारत में हो रहा है। 15 नवंबर की डेडलाइन के बाद क्या होगा? खिलाड़ियों को बनाए रखने की समय-सीमा खत्म होने के बाद IPL सभी फ्रेंचाइजियों को नीलामी में उपलब्ध खिलाड़ियों की लिस्ट भेजेगा। टीमें इस सूची में से उन खिलाड़ियों को चुनेंगी जिन पर वे बोली लगाना चाहती हैं। इसके बाद अंतिम सूची तैयार होगी और नीलामी से पहले खिलाड़ियों के अलग-अलग सेटों में आने का क्रम भी बताया जाएगा। इस प्रक्रिया का मतलब है कि नीलामी के दिन ही टीमें पहली बार खिलाड़ियों के नाम नहीं देखेंगी। वे पहले से अपनी जरूरतों का आकलन करेंगी। जैसे किसी टीम को तेज गेंदबाज चाहिए, किसी को बीच के ओवरों में विकेट लेने वाला स्पिनर और किसी को दबाव में तेजी से रन बनाने वाला बल्लेबाज। इसके बाद तय बजट के हिसाब से खिलाड़ियों पर बोली लगाई जाएगी। इसीलिए BCCI ने ऑक्शन और रिटेंशन के बीच में एक महीने का गैप रखा है। मिनी ऑक्शन और मेगा ऑक्शन में क्या फर्क है? IPL में खिलाड़ियों की नीलामी दो तरह से होती है। मिनी ऑक्शन में टीमें अपने मौजूदा खिलाड़ियों के बड़े हिस्से को बनाए रख सकती हैं और खाली जगहों को भरने के लिए नए खिलाड़ियों को खरीदती हैं। मेगा ऑक्शन में टीमों को बड़े पैमाने पर बदलने का अवसर मिलता है और फ्रेंचाइजियों को अपनी टीम फिर से तैयार करनी पड़ सकती है। IPL 2027 मिनी ऑक्शन होगा। मिनी ऑक्शन में किन खिलाड़ियों पर लग सकती है बड़ी बोली? 1. कैमरन ग्रीन- ₹25.20 करोड़ कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2026 की नीलामी में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन पर ₹25.20 करोड़ खर्च किए थे। उनसे बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी योगदान की उम्मीद थी। 2026 सीजन में उन्होंने 14 मैचों में 322 रन बनाए और 7 विकेट लिए। उनका प्रदर्शन उपयोगी रहा, लेकिन इतने बड़े निवेश के हिसाब से टीम यह आकलन कर सकती है कि उन्हें बनाए रखना कितना फायदेमंद होगा। 2. मथीशा पथिराना- ₹18 करोड़ श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को कोलकाता ने ₹18 करोड़ में खरीदा था। हालांकि चोट की वजह से वे पूरा सीजन नहीं खेल सके थे। ऐसे में KKR उन्हें रिलीज कर सकती है। 3. प्रशांत वीर- ₹14.20 करोड़ चेन्नई सुपर किंग्स ने अनकैप्ड ऑलराउंडर प्रशांत वीर पर 2026 की नीलामी में ₹14.20 करोड़ खर्च किए थे। अनकैप्ड का मतलब ऐसे खिलाड़ी से है जिसने अभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला हो। वीर ने IPL 2026 में 6 मैच खेले और 90 रन बनाए। इतनी बड़ी रकम खर्च करने के बाद टीम उनके योगदान की समीक्षा कर सकती है। ट्रेड विंडो में अब तक सिर्फ दो सौदे नीलामी से पहले खिलाड़ियों की अदला-बदली के लिए ट्रेड विंडो भी खुली रहती है। इस दौरान दो फ्रेंचाइजियां आपसी सहमति से अपने खिलाड़ियों का ट्रांसफर कर सकती हैं। 2026 सीजन खत्म होने के बाद अब तक दो ट्रेड सामने आए हैं। जून में लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने कप्तान ऋषभ पंत को दिल्ली कैपिटल्स के साथ ट्रेड किया और बदले में स्पिनर कुलदीप यादव को लिया। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने तेज गेंदबाज टी. नटराजन को सनराइजर्स हैदराबाद भेजा और बदले में लेग स्पिनर जीशान अंसारी को लिया। IPL के नियमों के मुताबिक ट्रेड विंडो एक सीजन खत्म होने के एक महीने बाद खुलती है। यह नीलामी से एक सप्ताह पहले तक चलती है और फिर अगले सीजन की शुरुआत से एक महीने पहले तक दोबारा जारी रह सकती है। IPL 2027 कब शुरू होगा? BCCI ने IPL 2027 सीजन की तारीखों को अभी अंतिम रूप नहीं दिया है। 2024 में बोर्ड ने अगले तीन सीजन के लिए 14 मार्च से 30 मई तक का संभावित आयोजन समय तय किया था। हालांकि, सितंबर 2026 में BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने संकेत दिया था कि अगला सीजन मार्च के आखिरी हिस्से में शुरू हो सकता है। इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर भी नजर नीलामी की तैयारी के साथ एक और सवाल चर्चा में है। क्या IPL में इम्पैक्ट प्लेयर नियम जारी रहेगा? इस नियम के तहत टीम मैच के दौरान एक खिलाड़ी की जगह दूसरे खिलाड़ी को मैदान पर उतार सकती है। BCCI ने फ्रेंचाइजियों से इस नियम पर लिखित प्रतिक्रिया मांगी थी। कई टीमें इसे हटाने के पक्ष में हैं, जबकि कुछ का कहना है कि उन्होंने इसी नियम को ध्यान में रखकर अपनी टीम तैयार की है। इसलिए इसे तुरंत हटाने या जारी रखने पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 










