Closing Bell: आईटी शेयरों की बिकवाली से टूटा बाजार, सेंसेक्स 550 अंक गिरा; निफ्टी 25800 के पास बंद
Closing Bell: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को जोरदार गिरावट देखने को मिली। आईटी शेयरों में भारी बिकवाली और कमजोर ग्लोबल संकेतों के चलते सेंसेक्स 558.72 अंक यानी 0.66% गिरकर 83674.92 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 146.65 अंक यानी 0.57% लुढ़ककर 25807.20 के स्तर पर आ गया। पूरे दिन बाजार दबाव में रहा और ज्यादातर सेक्टर लाल निशान में बंद हुए।
निफ्टी-50 में टेक महिंद्रा, इंफोसिस और विप्रो सबसे बड़े गिरने वाले शेयर रहे, जिनमें करीब 5% तक की कमजोरी देखने को मिली। दूसरी तरफ बजाज फाइनेंस और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया जैसे कुछ शेयरों में 2% तक की बढ़त भी दर्ज की गई। मार्केट ब्रेड्थ भी कमजोर रही। करीब 1468 शेयरों में तेजी रही जबकि 2011 शेयर गिरावट में बंद हुए और 175 शेयर बिना बदलाव के रहे।
बाजार की गिरावट की सबसे बड़ी वजह आईटी शेयरों की तेज बिकवाली रही। जनवरी के अमेरिकी जॉब डेटा उम्मीद से बेहतर आने के बाद फेडरल रिजर्व द्वारा जल्द ब्याज दर कटौती की संभावना कम हो गई। इसके चलते वॉल स्ट्रीट में आईटी शेयर टूटे और उसका असर भारतीय आईटी कंपनियों पर भी पड़ा। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े बदलावों को लेकर निवेशकों की चिंता भी बढ़ी है। निफ्टी आईटी इंडेक्स 4 फीसदी से ज्यादा गिरकर दिन का सबसे कमजोर सेक्टर रहा।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह गिरावट सिर्फ भावनात्मक प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि आईटी सेक्टर के सामने खड़ी असली चुनौतियों का संकेत भी है। रिपोर्ट्स के अनुसार एआई ऑटोमेशन से भारतीय आईटी कंपनियों के लेबर-आधारित मॉडल पर असर पड़ सकता। साल 2025 में 12.6 फीसदी गिरने के बाद 2026 में भी आईटी इंडेक्स करीब 11% टूट चुका है।
इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने भी बाजार की चिंता बढ़ाई। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के कारण ब्रेंट क्रूड 0.46% बढ़कर 69.72 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। भारत जैसे बड़े आयातक देश के लिए महंगा तेल महंगाई और व्यापार घाटे का खतरा बढ़ाता है।
ग्लोबल मार्केट से भी संकेत कमजोर रहे। हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स गिरावट में था, जबकि अमेरिकी बाजार भी पिछले सत्र में लाल निशान में बंद हुए थे। कुल मिलाकर निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया और बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ।
(प्रियंका कुमारी)
Income Tax Rules: पैन कार्ड से जुड़े नियमों में 1 अप्रैल से होगा बड़ा बदलाव, कार से लेकर घर खरीद तक पर होगा असर
Income Tax Rules: आयकर विभाग ने ड्राफ्ट इनकम टैक्स रूल्स 2026 जारी किए हैं, जिनमें पैन कार्ड से जुड़े कई अहम बदलाव प्रस्तावित किए गए। ये नियम इनकम टैक्स एक्ट 2025 के अनुरूप हैं और फिलहाल पब्लिक कंसल्टेशन के लिए जारी किए गए हैं। नए प्रस्तावों में कई लेनदेन की सीमा बढ़ाई गई है जबकि कुछ मामलों में रिपोर्टिंग नियम सख्त किए गए हैं।
सबसे बड़ा बदलाव कार खरीद में है। अभी सभी गाड़ियों (दोपहिया को छोड़कर) पर पैन कार्ड जरूरी होता है लेकिन नए ड्राफ्ट में 5 लाख रुपये से ज्यादा के वाहन खरीद पर ही पैन कार्ड अनिवार्य होगा। इसमें महंगी मोटरसाइकिल भी शामिल होंगी, जबकि ट्रैक्टर को बाहर रखा गया। इससे छोटे खरीदारों को राहत मिलेगी और हाई-वैल्यू ट्रांजैक्शन पर निगरानी बढ़ेगी।
होटल और रेस्टोरेंट में कैश पेमेंट की सीमा भी बदली गई। अभी एक बार में 50 हजार रुपये से ज्यादा कैश देने पर पैन कार्ड देना होता है, जिसे बढ़ाकर 1 लाख रुपये करने का प्रस्ताव है। इसका मकसद छोटे खर्चों पर कम कागजी प्रक्रिया और बड़े खर्चों पर ज्यादा निगरानी रखना है।
लाइफ इंश्योरेंस में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता। पहले सालाना 50 हजार रुपये से ज्यादा प्रीमियम पर पैन जरूरी था लेकिन अब अकाउंट शुरू करते समय ही पैन देना होगा। यानी शुरुआत में ही ग्राहक की पहचान मजबूत करने पर जोर रहेगा।
प्रॉपर्टी खरीद-बिक्री में भी राहत मिल सकती। अभी 10 लाख रुपये से ज्यादा के सौदों पर पैन कार्ड जरूरी है, जिसे बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने का प्रस्ताव। इससे छोटे प्रॉपर्टी सौदों में कागजी बोझ कम होगा जबकि बड़े सौदों पर निगरानी बनी रहेगी। हालांकि, कैश निकासी के नियम सख्त हो सकते। अभी साल में 20 लाख रुपये से ज्यादा कैश निकालने पर रिपोर्टिंग होती है, जिसे घटाकर 10 लाख रुपये करने का प्रस्ताव। इसका मकसद टैक्स चोरी पर लगाम लगाना और पारदर्शिता बढ़ाना है।
टैक्स एक्सपर्ट चांदनी आनंदन के मुताबिक, नए नियम हाई-वैल्यू ट्रांजैक्शन की निगरानी मजबूत करेंगे और छोटे लेनदेन पर राहत देंगे। वहीं कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि ज्यादा ढील से टैक्स बेस को नुकसान हो सकता। बेंगलुरु में पिछले वर्षों में कई अनरिपोर्टेड प्रॉपर्टी सौदे सामने आने के बाद कुछ लोग पुराने नियम बरकरार रखने की मांग भी कर रहे हैं।
(प्रियंका कुमारी)
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi



















