बलूचिस्तान में पांच नागरिकों के जबरन गायब किए जाने का आरोप
क्वेटा, 24 फरवरी (आईएएनएस)। बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर कम से कम पांच नागरिकों को जबरन गायब करने का आरोप लगा है। मानवाधिकार संगठनों ने मंगलवार को कहा कि प्रांत में जबरन गुमशुदगी और कथित न्यायेतर हत्याओं की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
बलूच नेशनल मूवमेंट के मानवाधिकार विभाग ‘पांक’ के अनुसार, 33 वर्षीय मजदूर गुलाम सरवर को 21 फरवरी को हब जिले के अब्दुल्ला बिजेंजो गोठ इलाके से पाकिस्तानी सेना और सैन्य खुफिया एजेंसियों द्वारा उठाया गया। इसी तरह 24 वर्षीय छात्र आमिर बलोच को 19 फरवरी को चागी जिले के किली कासुम खान क्षेत्र से हिरासत में लेकर कथित तौर पर गायब कर दिया गया।
संगठन ने बताया कि अवारान जिले के कुहादो जाहू क्षेत्र में 18 फरवरी को एक घर पर छापेमारी के दौरान दो भाइयों- सादुल्लाह और लाल जान को भी सेना ने उठाया।
एक अन्य मानवाधिकार संगठन ‘बलोच वॉइस फॉर जस्टिस’ (बीवीजे) ने कहा कि कराची स्थित नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ मॉडर्न लैंग्वेजेज के गवर्नेंस एंड पब्लिक पॉलिसी विभाग के स्नातक दानियाल नासिर को 16 फरवरी को जबरन गायब कर दिया गया। संगठन ने आरोप लगाया कि शिक्षित बलोच युवाओं को निशाना बनाया जा रहा है और उनके अधिकारों का हनन हो रहा है।
बीवीजे ने कहा कि जबरन गुमशुदगी कानून और मानव गरिमा का गंभीर उल्लंघन है। परिवारों को जवाब मिलना चाहिए और संबंधित व्यक्ति की तत्काल रिहाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
इस बीच, स्थानीय मीडिया के अनुसार, फुल आबाद इलाके के पास एक वाहन पर पाकिस्तानी बलों की गोलीबारी में दो महिलाओं की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया गया कि वाहन में सवार कुछ अफगान नागरिक ईरान जाने की कोशिश कर रहे थे। घटनास्थल पर मौजूद अन्य लोगों को भी हिरासत में लिए जाने की खबर है।
घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मानवाधिकार समूहों का आरोप है कि बलूचिस्तान में जबरन गुमशुदगी, अवैध हिरासत और कथित न्यायेतर हत्याओं की घटनाएं लगातार जारी हैं।
--आईएएनएस
डीएससी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
प्रधानमंत्री मोदी का दो दिवसीय इजरायल दौरा: डिफेंस, एआई समेत कई वैश्विक मुद्दों पर होगी अहम चर्चा
नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय राजकीय दौरे पर बुधवार को इजरायल पहुंचेंगे। इस यात्रा के दौरान देश-विदेश के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने इसकी जानकारी दी है। प्रधानमंत्री मोदी 25 और 26 फरवरी को इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू और राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे। यह प्रधानमंत्री का दूसरा इजरायल दौरा है।
इस दौरे के दौरान, पीएम मोदी और बेंजामिन नेतन्याहू भारत-इजरायल के बीच हुई रणनीतिक साझेदारी में हुई अहम तरक्की की समीक्षा करेंगे।
दोनों नेता विज्ञान और प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा और सुरक्षा, कृषि, जल प्रबंधन, व्यापार और अर्थव्यवस्था समेत पीपुल-टू-पीपुल सहयोग के अवसरों पर चर्चा करेंगे। दोनों नेताओं के बीच पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री की यह यात्रा दोनों देशों के बीच गहरी और लंबे समय से चली आ रही रणनीतिक साझेदारी की पुष्टि करेगी और साझा चुनौतियों की समीक्षा करने के साथ-साथ दो सशक्त लोकतंत्रों के बीच एक मजबूत साझेदारी के साझा विजन को पूरा करने की दिशा में प्रयासों को पुन: व्यवस्थित करने का अवसर प्रदान करेगी।
इजरायल भी प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत को तैयार है। पीएम नेतन्याहू पहले ही इस यात्रा को ऐतिहासिक करार दे चुके हैं। रविवार को साप्ताहिक कैबिनेट बैठक के दौरान दिए गए अपने वक्तव्य और आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा संदेशों में नेतन्याहू ने इस यात्रा को विशेष बताया।
नेतन्याहू ने कहा, बुधवार को मेरे दोस्त भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इजरायल पहुंचेंगे। मैं अपनी आंखों के सामने जो विजन देख रहा हूं, उसके हिसाब से हम मिडिल ईस्ट के आसपास या उसके अंदर गठबंधनों का एक पूरा सिस्टम बनाएंगे। ऐसे देशों का एक धुरी समूह, जो वास्तविकता, चुनौतियों और लक्ष्यों को एक नजरिए से देखते हैं और कट्टरपंथी धुरी का सामना करते हैं।
--आईएएनएस
केआर/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation




















