रात में ब्रश करना जरूरी, लापरवाही आपके दिल के लिए भी हो सकती है घातक
नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। रात को बिस्तर पर जाने से पहले लोग ब्रश नहीं करने को अक्सर हलके में लेते हैं, लेकिन यह लापरवाही सिर्फ दांतों में कैविटी तक सीमित नहीं रहती, बल्कि धीरे-धीरे पूरे शरीर पर असर डाल सकती है। खासकर दिल की सेहत पर इसका प्रभाव बुरा पड़ता है।
आयुर्वेद और विज्ञान, दोनों ही इस बात को मानते हैं कि मुंह की सफाई ही शरीर की सेहत को बनाए रखती है। दिनभर खाने-पीने के बाद दांतों और मसूड़ों के बीच खाना फंसा रह जाता है। अगर रात में ब्रश नहीं किया जाए, तो ये बैक्टीरिया तेजी से बढ़ते हैं और प्लाक बनाते हैं। प्लाक सिर्फ दांत खराब नहीं करता, बल्कि मसूड़ों में सूजन भी पैदा करता है। यही सूजन आगे चलकर शरीर के अंदर फैल सकती है।
वैज्ञानिकों के अनुसार, मुंह में हानिकारक बैक्टीरिया पनपने के बाद ये खून के जरिए दूसरे हिस्सों तक पहुंच जाते हैं और सूजन पैदा करते हैं। लंबे समय तक बनी रहने वाली सूजन दिल की नसों यानी ब्लड वेसल्स को नुकसान पहुंचा सकती है। इससे नसों की अंदरूनी परत कमजोर होती है और उनमें चर्बी जमने लगती है। यही स्थिति आगे चलकर हार्ट अटैक या हार्ट फेलियर का खतरा बढ़ा सकती है।
आयुर्वेद में सुबह के साथ-साथ रात में भी दांत साफ करने की सलाह दी जाती है, ताकि दिनभर जमा हुई गंदगी शरीर के अंदर न जाए।
कई शोधों में यह देखा गया है कि जो लोग नियमित रूप से रात में ब्रश करते हैं और समय-समय पर दांतों की सफाई कराते हैं, उनमें मसूड़ों की बीमारी कम होती है। मसूड़ों की बीमारी कम होने का मतलब है कि शरीर में सूजन का स्तर भी कम रहता है। कम सूजन का सीधा फायदा दिल को मिलता है।
--आईएएनएस
पीके/वीसी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
सोना में तेजी बरकरार; चांदी 1,100 रुपए से अधिक सस्ती हुई
मुंबई, 24 फरवरी (आईएएनएस)। सोने और चांदी में मंगलवार को मिलाजुला कारोबार हुआ। एक तरफ सोने में तेजी देखी गई और दूसरी तरफ चांदी की कीमत में गिरावट दर्ज की गई है।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत 1,021 रुपए बढ़कर 1,59,241 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो कि सोमवार को 1,58,220 रुपए प्रति 10 ग्राम थी। 22 कैरेट सोने का दाम 1,44,930 रुपए प्रति 10 ग्राम से बढ़कर 1,45,865 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है।
18 कैरेट सोने की कीमत 1,18,665 रुपए प्रति 10 ग्राम से बढ़कर 1,19,431 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है।
सोने की अपेक्षा चांदी की कीमतों में गिरावट देखी गई। चांदी का दाम 1,163 रुपए कम होकर 2,62,912 रुपए प्रति किलो हो गया है, जो कि पहले 2,64,075 रुपए प्रति किलो था।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने और चांदी दोनों में गिरावट देखने को मिली है। खबर लिखे जाने तक सोने के 2 अप्रैल 2026 के कॉन्ट्रैक्ट का दाम 0.97 प्रतिशत कम होकर 1,60,037 रुपए हो गया है। चांदी के 05 मार्च 2026 के कॉन्ट्रैक्ट का दाम 2.01 प्रतिशत कम होकर 2,59,999 रुपए हो गया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने और चांदी में मिलाजुला कारोबार हो रहा है। सोना 0.96 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 5,175 डॉलर प्रति औंस और चांदी 1.07 प्रतिशत की तेजी के साथ 87.49 डॉलर प्रति औंस पर थी।
एलकेपी सिक्योरिटीज के जतिन त्रिवेदी ने कहा कि एमसीएक्स पर सोने ने कमजोरी के साथ एक रेंज में कारोबार किया। वहीं, कॉमेक्स पर सोने को 5,175 डॉलर प्रति औंस की रुकावट का सामना करना पड़ा।
उन्होंने बताया कि सोने के लिए सपोर्ट 1,58,000 रुपए और रुकावट का स्तर 1,62,500 रुपए के आसपास है। वैश्विक अस्थिरता के कारण सोने में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
--आईएएनएस
एबीएस/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation






















