रतलाम में दर्दनाक हादसा: जावरा-उज्जैन मार्ग पर टैंकर के पहिए के नीचे लेटने से युवक की मौत, सीसीटीवी आया सामने
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से एक बहुत ही हैरान कर देने वाली और दर्दनाक खबर सामने आ रही है। जिले के जावरा-उज्जैन मार्ग पर मंगलवार सुबह एक युवक की टैंकर से कुचलकर मौत हो गई। यह पूरी घटना चापाखेड़ा फंटे के पास बने भारत पेट्रोल पंप के बिल्कुल सामने हुई जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
दो घंटे बाद सड़क किनारे दिखा शव
इस खौफनाक हादसे के करीब दो घंटे बाद आने-जाने वाले लोगों की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने जांच पड़ताल करके मृतक की पहचान की गई वह ग्राम गुर्जरबरड़िया का रहने वाला था। घटना का यह सीसीटीवी फुटेज देर रात सोशल मीडिया पर भी सामने आया।
पहले टैंकर के पास खड़ा रहा
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि सड़क किनारे दो टैंकर खड़े हुए हैं। मृतक मांगीलाल पहले उन्हीं में से एक टैंकर के पास चुपचाप खड़ा दिखाई देता है। कुछ ही पलों में वह चलते हुए टैंकर के क्लीनर साइड वाले पहियों के बीच जाकर लेट जाता है। महज 6 सेकंड के अंदर ही टैंकर आगे बढ़ जाता है और उसे कुचलते हुए निकल जाता है।
शव ले जाने के लिए वाहन नहीं मिलने पर परिजनों ने किया चक्काजाम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बड़ावदा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जब परिजनों को इस बात का पता चला, तो वे भी वहां पहुंच गए। अस्पताल से शव को पोस्टमार्टम के लिए जावरा ले जाने के लिए जब कोई वाहन नहीं मिला, तो परिजन और ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने नाराजगी जताते हुए सड़क पर कुछ देर के लिए जाम लगा दिया।
पुलिस की समझाइश के बाद खुली एम्बुलेंस
हंगामा बढ़ने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाया और शांत कराया। इसके बाद एमपीआरडीसी की एंबुलेंस बुलाई गई, जिसके जरिए शव को जावरा सरकारी अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। बड़ावदा थाना प्रभारी संतोष चौरसिया का कहना है कि पुलिस इस पहलू की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर युवक टैंकर के नीचे क्यों लेटा था।
खंडवा में बारिश ने रावण दहन पर फेरा पानी, तेज हवा से टूटा पुतला, कहीं कीचड़ से आयोजन रद्द
विजयादशमी के दिन मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर देखने को मिला। अचानक से हुई इस बारिश ने रावण दहन के कार्यक्रमों को अस्त व्यस्त कर दिया है। कहीं रावण का पुतला जलने से पहले ही गीला हो गया। तो कहीं जल्दी-जल्दी दहन किया गया। खंडवा में सिर्फ दो हो जगहों पर पुतले जलाए जा सके।
मंगलवार को हुई बारिश ने दशहरे के आयोजन में बाधा खड़ी कर दी। रावण दहन के पांच प्रमुख स्थान थे जिनमें से केवल दो जगह ही दहन हो सका। स्टेडियम ग्राउंड में बनाया गया 51 फीट का पुतला बारिश और तेज हवा की वजह से टूट कर बिखर गया। यहां मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया।
बिखरा रावण का पुतला
स्टेडियम ग्राउंड में दशहरा के लिए 51 फीट का पुतला तैयार किया गया था। तेज बारिश और हवा की वजह से वह अलग-अलग हिस्सों में टूट कर बिखर गया। इस वजह से आयोजक रावण का पुतला तो नहीं जला सके। लेकिन यहां मेघनाथ और कुंभकरण का पुतला जलाया गया।
एसएन कॉलेज ग्राउंड का कार्यक्रम रद्द
यहां पर यह बारिश की वजह से मैदान में काफी सारा कीचड़ जमा हो गया था। रावण का पुतला भी भीग गया था। इस वजह से दहन का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। दूसरी तरफ शहर के रामनगर में 35 फीट का रावण तैयार किया गया था। बारिश के कारण ये पूरी तरह से भीग गया लेकिन प्रशासन के दबाव में आयोजकों को दहन करना पड़ा। रात 10 बजे 5 मिनट के अंदर यह पूरी तरह से जलकर खत्म हो गया।
आज होगा रावण दहन
शहर के नवचंडी मैदान में आज 81 फीट के रावण का दहन किया जाने वाला है। बाबा गंगाराम की अगुवाई में यहां दहन का कार्यक्रम रखा गया है। एसएन कॉलेज ग्राउंड में बीते दिन रद्द किया गया आयोजन भी आज किया जाएगा। बता दें कि बीते दिन शहर में 1 घंटे तक बारिश हुई। इतनी ही देर में सड़कें पानी से भरी हुई दिखाई दीं। कई जगह जलभराव भी देखने को मिला।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News








