भोपाल में दशहरे का भव्य आयोजन, कोलार में 105 फीट ऊंचे रावण का दहन, सीएम मोहन यादव समेत कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में असत्य पर सत्य की जीत के पर्व दशहरे को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। आज यानि मंगलवार की रात को राजधानी में कई स्थानों पर बड़े स्तर पर रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किये गये हैं। वहीं, कोलार स्थित बंजारी दशहरा मैदान में दशहरे का विशेष आयोजन किया गया है।
बता दें कि कोलार में इस साल 105 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। इस आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे। साथ ही, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, सांसद आयोजन में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी और महापौर मालती राय भी शामिल होंगे। इसके अलावा, कार्यक्रम में भजन गायक सुनील लोधी की प्रस्तुति के साथ मुंबई के रूट्स : नादात्म बैंड की संगीतमय प्रस्तुति होगी।
ड्रोन से पुष्पवर्षा और डिजिटल आतिशबाजी बनेगी आकर्षण
बता दें कि रावण दहन के दौरान कहीं भगवान श्रीराम पर ड्रोन से पुष्पवर्षा और डिजिटल आतिशबाजी होगी। तो कहीं लेजर शो, राम-रावण युद्ध और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। रावण दहन कार्यक्रमों को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं की विशेष तैयारियां की हैं।
जानकारी अनुसार, रावण दहन से पहले और उसके दौरान जयपुर तथा तमिलनाडु के शिवाकाशी से आए आतिशबाज आतिशबाजी का प्रदर्शन करेंगे। रंग-बिरंगी रोशनी और आतिशबाजी के बीच रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। इस अवसर पर समाज और कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं को श्रद्धेय विजेश लूनावत जी युवा पुरस्कार से सम्मानित भी किया जाएगा।
जंबूरी मैदान में 101 फीट, कोलार में 105 फीट रावण का दहन
जानकारी अनुसार, राजधानी भोपाल में 18 स्थानों पर रावण दहन के बड़े कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। जंबूरी मैदान में 101 फीट, कोलार में 105 फीट और कलियासोत में 90 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। इसके अलावा टीटी नगर और बिट्टन मार्केट में भी भव्य आयोजन आयोजित किये गये हैं।
इन स्थानों पर होंगे बड़े कार्यक्रम
भोपाल में बैरागढ़, गांधीनगर, कोहेफिजा, छोला, हाउसिंग बोर्ड, अशोका गार्डन, जंबूरी मैदान, अयोध्या नगर, भेल, एमवीएम कॉलेज, विठ्ठल मार्केट, लहारपुरा, पांच नंबर बस स्टॉप, ओल्ड कैंपियन, टीटी नगर, कोलार, शाहपुरा और कलियासोत एडवेंचर ग्राउंड सहित कई स्थानों पर रावण दहन के बड़े कार्यक्रम आयोजित किये गये हैं।
दशहरा 2026: नीमच पुलिस लाइन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ शस्त्र पूजन, अधिकारियों ने लिया जनसुरक्षा का संकल्प
विजयादशमी के पावन पर्व पर नीमच पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अस्त्र-शस्त्रों और पुलिस वाहनों की पूरे विधि-विधान से पूजा की गई। इस आयोजन के जरिए पुलिस प्रशासन ने सिर्फ परंपरा का निर्वहन ही नहीं किया, बल्कि जिले में जनसुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने का कड़ा संदेश भी दिया।
अधर्म पर धर्म की जीत और कानून के राज का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने स्पष्ट किया कि पुलिस और प्रशासन एक ऐसे सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, जहां हमेशा अधर्म पर धर्म की जीत हो। अधिकारियों ने शस्त्र पूजन को पुलिस की शक्ति और कानून का राज स्थापित रखने के दृढ़ संकल्प का प्रतीक बताया। उनका साफ संदेश था कि समाज में शांति, सुख और समृद्धि बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनप्रतिनिधियों और पुलिस बल की रही मौजूदगी
इस आयोजन में जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा और नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद रहे। साथ ही पुलिस विभाग के तमाम अधिकारी और कर्मचारी भी इस पूजन का हिस्सा बने। हवन और मंत्रोच्चार के बाद कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य लोगों ने नीमच जिले में शांति, भाईचारे, राष्ट्रीय एकता और खुशहाली की प्रार्थना की।
कमलेश सारड़ा की रिपोर्ट
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News










