भुवनेश्वर 4 साल बाद कल T20i खेल सकते हैं:अर्शदीप की चोट के कारण टीम में शामिल, कल बेंगलुरु में वेस्टइंडीज से मैच
तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार वेस्टइंडीज के खिलाफ शनिवार को बेंगलुरु में होने वाले पांचवें टी-20 मैच में खेल सकते हैं। अर्शदीप सिंह को कंधे में चोट लग गई है। इस वजह से भुवी को स्क्वॉड में शामिल किया गया है। भारत-वेस्टइंडीज सीरीज अभी 2-2 की बराबरी पर है। 36 साल के भुवनेश्ववर को 22 अक्टूबर से शुरू हो रहे न्यूजीलैंड दौरे के लिए टी-20 टीम में चुना गया था। लेकिन, अर्शदीप की चोट की वजह से अभी ही उनकी वापसी हो गई है। भुवनेश्वर ने आखिरी इंटरनेशनल मैच 2022 में खेला था। अर्शदीप चौथे मैच में चोटिल हुए थे अर्शदीप को बुधवार को हैदराबाद में खेले गए चौथे टी-20 के दौरान गेंदबाजी वाले कंधे पर चोट लगी थी। उनकी चोट को देखते हुए भुवनेश्वर को टीम में जगह दी गई है। अर्शदीप आखिरी मुकाबले में खेलेंगे या नहीं, इसका फैसला मैच से पहले उनकी रिकवरी के आधार पर लिया जाएगा। अगर अर्शदीप फिट नहीं होते हैं तो भुवी को मौका मिलेगा। सीरीज में भारत के टॉप विकेट टेकर हैं अर्शदीप अर्शदीप सिंह इस में भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 4 मैचों में 5 विकेट झटके हैं। उन्होंने तीसरे मुकाबले में 44 रन देकर 3 विकेट झटके थे। भुवनेश्वर को 4 साल बाद टीम इंडिया में जगह भुवनेश्वर कुमार ने अपना आखिरी टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला 22 नवंबर 2022 को न्यूजीलैंड के खिलाफ नेपियर में खेला था। उस मैच में भुवनेश्वर ने 4 ओवर में 35 रन दिए। उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला था। इसके बाद से वे टीम इंडिया से बाहर हैं। IPL में 226 विकेट लिए भुवनेश्वर कुमार ने IPL में 206 मैच खेले हैं। इनमें उन्होंने 7.71 की इकोनॉमी से रन खर्च करते हुए 226 विकेट लिए हैं। उन्होंने 2 पर्पल कैप भी जीता है। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए 2016 और 2017 में यह कारनामा किया था। वे लगातार IPL में पर्पल कैप जीतने वाले लीग के इकलौते गेंदबाज भी हैं। 5वें टी-20 के लिए भारतीय टीम श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, मयंक यादव, नमन धीर और भुवनेश्वर कुमार। -------------------------- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… चहल बोले- तलाक के बाद शराब की लत लगी भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल ने शराब की लत, तलाक और पैनिक अटैक पर बात की। उन्होंने आकाश चोपड़ा के पॉडकास्ट में बताया कि धनश्री वर्मा से तलाक के बाद उनकी शराब की लत हद से ज्यादा बढ़ गई थी। वे 26 दिन रिहैब सेंटर में रहे थे। पूरी खबर…
चहल बोले- तलाक के बाद शराब की लत लगी:पैनिक अटैक से चेहरा टेढ़ा हो जाता था, बोलना मुश्किल था; 26 दिन रिहैब सेंटर में रहा
भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल ने शराब की लत, तलाक और पैनिक अटैक पर बात की। उन्होंने आकाश चोपड़ा के पॉडकास्ट में बताया कि धनश्री वर्मा से तलाक के बाद उनकी शराब की लत हद से ज्यादा बढ़ गई थी। वे 26 दिन रिहैब सेंटर में रहे थे। 36 साल के चहल ने बताया कि पैनिक अटैक के दौरान उनका चेहरा सिकुड़कर टेढ़ा हो जाता था। इससे बोलना भी मुश्किल होता था। चहल 3 साल से टीम इंडिया से बाहर हैं। उन्होंने पिछला टी-20 इंटरनेशनल मैच अगस्त 2023 में खेला था। उन्होंने 15 दिन पहले फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास लिया था। पैनिक अटैक में होंठ कसकर एक तरफ खिंच जाते थे- चहल चहल ने पैनिक अटैक के बारे में बताया, ‘एंग्जायटी में दिल की धड़कन तेज हो जाती है और मेरा चेहरा सिकुड़ जाता था।’ उन्होंने कहा, ‘मैं बोल भी नहीं पाता था। मेरा होंठ कसकर एक तरफ खिंच जाता था। चहल ने कहा कि इससे लोग समझ जाते थे कि उनके साथ कुछ गलत है। उन्हें डर था कि सोशल मीडिया पर लोग कई तरह की बातें करेंगे। चहल ने कहा, ‘मैंने सोचा कि IPL पर ध्यान देते हैं।’ तलाक के बाद मानसिक स्थिति बिगड़ी- चहल चोपड़ा ने पूछा कि शराब पीना कैसे और क्यों शुरू हुआ। चहल ने कहा, ‘शुरुआत में मैं युवा था। पार्टियां होती थीं। मैंने 2011 में अपना पहला IPL खेला था।’ एबी डिविलियर्स ने एक बार उनसे कहा था, 'जिंदगी में संतुलन जरूरी है।' चहल ने कहा कि यह बात सुनने में आसान है, लेकिन अपनाना आसान नहीं होता। चहल ने कहा, ‘तलाक के बाद चीजें हद से ज्यादा बढ़ गई थीं। मेरी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।’ उन्होंने कहा, ‘मुझे एहसास हुआ कि अगर मैं इसी रास्ते पर चलता रहा, तो जिस चीज से मुझे सबसे ज्यादा प्यार है, उस क्रिकेट को बर्बाद कर दूंगा।’ चहल ने कहा- कठिन समय में दोस्त और परिवार हमेशा साथ रहा आकाश चोपड़ा ने चहल से पूछा कि निजी जिंदगी की परेशानियों के दौरान उनके साथ कौन था। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में भावनात्मक चोट, पेशेवर जिंदगी के संकट से अलग होती है। चहल ने जवाब दिया, ‘मेरे सबसे अच्छे दोस्त और परिवार मेरे साथ थे।’ शराब छोड़ने पर चहल ने कहा, ‘पिछले साल काउंटी क्रिकेट के बाद मैंने शराब छोड़ने का फैसला किया। बात हद से ज्यादा बढ़ गई थी।’ उन्होंने कहा, ‘मैंने रिहैब सेंटर में दाखिला लिया और 26 दिन वहां रहा। अब मुझे पता है कि इसे कैसे संभालना है।’ चहल के मुताबिक, इस फैसले से उनकी निजी जिंदगी में बड़ा बदलाव आया। उनकी समझ बढ़ी और भावनाएं संतुलित हुईं। उन्होंने कहा, ''पिछले IPL में मेरा शरीर फिर 30 साल का महसूस हो रहा था। मैं जिम कर रहा था, फील्डिंग ड्रिल कर रहा था और ठीक से ट्रेनिंग कर रहा था।' 18 करोड़ में पंजाब किंग्स से जुड़ने पर खुद को साबित किया परेशानी धीरे-धीरे कम होने पर चहल ने इसे पीछे छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने कहा, ‘पंजाब किंग्स के साथ मेरे पहले साल में टीम ने मेरे लिए 18 करोड़ रुपए दिए। मुझे लगा कि उन्होंने मुझ पर इतने पैसे के साथ भरोसा किया है, इसलिए मैं उन्हें निराश नहीं कर सकता।’ उन्होंने KKR के खिलाफ मैच का जिक्र किया। चहल ने कहा कि 111 रन के लक्ष्य का बचाव करते हुए उन्हें लगा कि उन्हें आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभानी होगी। चहल को 2025 सीजन से पहले चुना गया था। IPL 2025 में उन्होंने 16 विकेट लिए, जबकि 2026 में 12 विकेट लिए। चहल ने 15 दिन पहले फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्याय लिया था ------------------------------------------------------------
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 






