चुनाव आयोग को ममता बनर्जी ने बांग्लादेश चुनाव का दिया उदाहरण, भाजपा ने की सीएम की आलोचना
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हाल ही में बांग्लादेश में संपन्न हुए संसदीय चुनावों को शांतिपूर्ण बताते हुए भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में जहां हिंसा की आशंका जताई जा रही थी, वहां चुनाव बेहद शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए, जबकि भारत में चुनाव आयोग "धमकी भरी संस्कृति" अपनाकर लोकतंत्र को कुचल रहा है.
ममता बनर्जी ने कहा कि देखिए बांग्लादेश ने कितने शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराए," जिससे विवाद खड़ा हो गया है. नबन्ना में मीडिया से बातचीत के दौरान ममता बनर्जी ने कहा कि देखिए बांग्लादेश ने कितने शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराए. सबको लग रहा था कि हिंसा होगी, लेकिन सब कुछ शांतिपूर्ण हुआ."
उन्होंने चुनाव आयोग को "तुगलकी आयोग" करार देते हुए आरोप लगाया कि यह एक राजनीतिक दल के इशारे पर काम कर रहा है और बंगाल को निशाना बनाया जा रहा है. विशेष रूप से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और कुछ अधिकारियों के निलंबन पर उन्होंने सवाल उठाए.
ममता ने कहा कि सात अधिकारियों को निलंबित किया गया है, लेकिन उनका अपराध क्या है? अगर कोई गलती हुई भी तो राज्य सरकार को सूचित क्यों नहीं किया गया? उन्हें बचाव का मौका नहीं दिया गया. ये अधिकारी दिन-रात मेहनत करते हैं, मैं उन्हें जानती हूं. सरकार उन्हें सपोर्ट करेगी, वे बर्खास्त नहीं होंगे."
इस बयान पर भाजपा ने तीव्र प्रतिक्रिया दी है. आसनसोल की भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने कहा, "ममता बनर्जी बंगाल की सीमावर्ती सीटों पर जमात की जीत देखकर खुश हैं. बांग्लादेश चुनाव परिणामों से वे उत्साहित हैं क्योंकि वे जमात की दूसरी टीम का नेतृत्व कर रही हैं." उन्होंने "तुगलकी आयोग" वाले बयान पर भी कटाक्ष किया और कहा कि अगर ममता असंतुष्ट हैं तो अदालत जा सकती हैं, लेकिन भारतीय चुनाव आयोग के खिलाफ ऐसे शब्दों का समर्थन नहीं किया जा सकता.
भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि एसआईआर एक ऐसी प्रक्रिया है जो नियमित अंतराल पर पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है. तृणमूल अपनी हार को छिपाने के लिए घुसपैठियों का समर्थन कर रही है."
बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री को PM मोदी ने किया इनवाइट, ओम बिरला ने सौंपा निमंत्रण पत्र
बांग्लादेश में मंगलवार को एक नए युग की शुरुआत हुई है. बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने सत्ता संभाल ली है और तारिक रहमान नए प्रधानमंत्री बने हैं. भारत ने इस ऐतिहासिक क्षण में अपने इस पड़ोसी देश के प्रति मजबूत समर्थन जताया है.
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने ढाका में तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से एक व्यक्तिगत बधाई पत्र सौंपा.
ओम बिरला ने सौंपा पीएम मोदी का निमंत्रण पत्र
इस पत्र में पीएम मोदी ने तारिक रहमान को बधाई देते हुए उन्हें भारत की आधिकारिक यात्रा के लिए औपचारिक न्यौता दिया है. शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद एक सौजन्य मुलाकात में ओम बिरला ने तारिक रहमान को पत्र सौंपा.
बांग्लादेश के नये प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात के बाद लोकसभा स्पीकर बिरला ने सोशल मीडिया पर लिखा कि, 'मैंने रहमान को पीएम मोदी का एक व्यक्तिगत पत्र सौंपा है जिसमें उन्होंने पीएम बनने पर बधाई दी है और भारत आने के लिए आमंत्रित किया है.
मैं भारत की जनता की तरफ से उन्हें बधाई देता हूं और यह प्रतिबद्धता फिर से जताते हैं कि इन दोनों पड़ोसी देशों के बीच संबंधों को मजबूत बनाएंगे.'
पीएम मोदी की रहमान को दूसरा पत्र
यह पीएम मोदी की तरफ से तारिक रहमान को भेजा गया दूसरा व्यक्तिगत पत्र हैं. इसके पहले जब तारिक रहमान की मां व बांग्लादेश की पूर्व पीएम खालिदा जिया की मौत हुई थी तब उन्हें पत्र भेजा था.
पिछले हफ्ते बीएनपी को जब आम चुनाव में जीत हासिल हुई थी, उसी दिन पीएम मोदी ने रहमान से टेलीफोन पर बात की थी और बधाई दी थी.
उसी दिन पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि, 'वह तारिक रहमान के साथ मिलकर दोनों देशों के बहुआयामी संबंधों को मजबूत करने और साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं.'
इस न्यौते को विशेष महत्व दिया जा रहा है क्योंकि यह राजनीतिक परिवर्तन के बाद भारत-बांग्लादेश संबंधों में निरंतरता और नए सिरे से शुरुआत का संकेत है.
भारत-बांग्लादेश संबंधों में नई शुरुआत का संकेत
ओम बिरला ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि वे ढाका में नए सरकार के शपथ ग्रहण में भारत का प्रतिनिधित्व करने पर गौरवान्वित हैं.
उन्होंने कहा कि भारत बांग्लादेश के लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी राष्ट्र निर्माण के प्रयासों में समर्थन के लिए तैयार है. समारोह में मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, भूटान के प्रधानमंत्री और अन्य क्षेत्रीय नेता भी शामिल हुए.
नई दिल्ली में बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हमीदुल्लाह ने एक्स पर पोस्ट किया कि, 'दोनों नेताओं ने भारत व बांग्लादेश की जनता की भलाई के लिए और आम जनों पर केंद्रित सहयोग के एजेंडे पर काम करने को लेकर प्रतिबद्धता जताई है.' ओम बिरला के साथ विदेश सचिव विक्रम मिसरी भी ढाका गये हैं.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation


















