Haryana में Srinagar जा रही बस पर हमला, चालक से दुर्व्यवहार का आरोप; दो हिरासत में
श्रीनगर जा रही एक लग्जरी स्लीपर बस के चालक ने आरोप लगाया कि हरियाणा में रात के भोजन के लिए एक ढाबे पर रुकने के दौरान उसे ‘आतंकवादी’ कहा गया। चालक ने आरोप लगाया कि इस दौरान विवाद बढ़ गया और बस पर हमला किया गया, जिसमें दो लोग घायल हो गए। यह घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात हुई।
उसने दावा किया कि कुरुक्षेत्र के पास बस पर कथित तौर पर पथराव किया गया, जिससे उसकी खिड़कियों के शीशे टूट गए। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि उनके कार्यालय ने यह मामला हरियाणा सरकार के समक्ष उठाया है, जिस पर हरियाणा सरकार ने कानून के अनुसार त्वरित और सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। पुलिस के अनुसार, हरियाणा के करनाल जिले में विवाद के बाद बस पर कथित तौर पर पथराव करने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
इस घटना में बस का एक यात्री और ढाबे का एक कर्मचारी घायल हो गए। रामबन पहुंचने पर ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में बस चालक वकार चौधरी ने बताया कि घटना नीलोखेड़ी में एक होटल के बाहर हुई, जहां उसने 35 यात्रियों को लेकर श्रीनगर जा रही बस को रात के भोजन के लिए रोका था। बस चालक ने कहा, ‘‘बस श्रीनगर-दिल्ली मार्ग पर चलती है।
मैंने रात के भोजन के लिए बस एक होटल में खड़ी की थी। उस समय मैंने देखा कि पार्किंग में पहले से कुछ लोग मौजूद थे। उनमें से एक ने शुरुआत में दूर से ही मुझे चिल्लाकर बस हटाने के लिए कहा।’’ बस चालक वकार चौधरी ने आरोप लगाया, “वह मेरे पास आया और मुझे ‘आतंकवादी’ कहने लगा।
उसने फिर से बस हटाने को कहा। इसके बाद उसने बस की नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की और फिर चाबी से खिड़की के शीशे पर वार कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वह बस के अंदर घुस आया और मेरे साथ मारपीट करने लगा।
वह कह रहा था कि वे जम्मू-कश्मीर के पंजीकरण नंबर वाले वाहनों को इस मार्ग पर चलने नहीं देंगे।” चौधरी ने आरोप लगाया कि घटना के समय आधे से अधिक यात्री बस से उतर चुके थे, जबकि छह-सात यात्री अब भी बस के अंदर मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया, “उस व्यक्ति ने यात्रियों के सामने मुझे गालियां दीं और बस से बाहर खींचने की कोशिश की। होटल के कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया और मेरी सुरक्षा के लिए मुझे अंदर ले गए।
इस बीच, उस व्यक्ति ने कुछ अन्य लोगों को बुलाया, जो मोटरसाइकिलों पर वहां पहुंचे। इस घटना में तीन-चार लोग शामिल थे और उन्होंने बस में तोड़फोड़ की।” चौधरी ने बताया कि हमले में दो यात्री भी घायल हो गए। पुलिस से सहयोग नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए चौधरी ने कहा कि ऐसी घटनाओं के कारण कश्मीर के परिवहन कारोबारियों को उत्पीड़न, डर एवं धमकी का सामना करना पड़ता है।
Baramati Airport के पास कारोबारी Rana Suryavanshi पर हमला, गुलदस्ता देने के बहाने आए थे हमलावर
पुणे जिले में रविवार शाम बारामती हवाई अड्डे के पास दो लोगों ने एक कारोबारी पर कथित तौर पर हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना शाम करीब साढ़े सात बजे हुई जब कारोबारी राणा सूर्यवंशी निजी काम से बारामती आए थे और उनके साथ उनका निजी सुरक्षा गार्ड भी था।
उप-मंडल पुलिस अधिकारी चैतन्य कदम ने बताया कि स्कूटर पर सवार होकर आए दो लोगों ने खुद को सूर्यवंशी का प्रशंसक बताया। उन्होंने बताया कि दोनों ने गुलदस्ता देने के बहाने कारोबारी पर हमला कर दिया। अधिकारी ने बताया कि हमले में सूर्यवंशी घायल हो गए।
उन्हें इलाज के लिए पुणे स्थित रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया। कदम ने बताया कि घटना के दौरान गोली चलने की खबरों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है। अस्पताल के अनुसार, सूर्यवंशी को निगरानी में रखा गया है और चिकित्सकों की एक टीम उनकी स्थिति पर करीबी नजर रख रही है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता और बारामती की सांसद सुप्रिया सुले ने इस घटना को “बेहद चौंकाने वाला” बताया और राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। सुले ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाले गृह विभाग को इस घटना का तत्काल संज्ञान लेना चाहिए, हमलावरों को गिरफ्तार करना चाहिए और नागरिकों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। रविवार शाम राज्य में किसी हाई-प्रोफाइल व्यक्ति पर हमले की यह दूसरी घटना थी।
इससे पहले, मुंबई के जुहू इलाके में बंदूकधारियों ने बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की थी। हालांकि, अभिनेता को कोई चोट नहीं आयी लेकिन उनका कार चालक और एक ऑटो रिक्शा चालक घायल हो गए।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









