Noida में ऑनलाइन गेम के चक्कर में अकाउंटेंट ने कंपनी के 50 लाख रुपये गंवाए
नोएडा स्थित एक कंपनी के अकाउंटेंट ने ऑनलाइन गेम खेल कर मोटी रकम कमाने के लालच में कथित तौर पर कंपनी के खाते से 50 लाख रुपये साइबर अपराधियों के खाते में हस्तांतरित कर दिए। कंपनी के मालिक की शिकायत पर पुलिस ने अकाउंटेंट के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध) प्रीति यादव ने बताया कि टुकडिया लखमन ने शनिवार रात साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, सेक्टर 80 स्थित उनकी कंपनी कॉरपोरेट उपहार और ‘हाउसकीपिंग’ का काम करती है। कंपनी के दोनों बैंक खातों की देखरेख के लिए पीयूष मिश्रा को अकाउंटेंट नियुक्त किया गया था। शिकायत के मुताबिक, पीयूष को ऑनलाइन गेम खेलकर अधिक लाभ कमाने का प्रस्ताव मिला था।
इस प्रस्ताव को स्वीकार करने के बाद उसने एक सितंबर 2025 से एक अक्टूबर 2026 के बीच गेमिंग ऐप में रकम लगाने के लिए कंपनी के दोनों बैंक खातों से 50 लाख रुपये हस्तांतरित कर दिए। कंपनी के मालिक ने अकाउंटेंट पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि साइबर अपराध के एक अन्य मामले में सेक्टर 78 निवासी मनीषा शर्मा ने शनिवार रात शिकायत दर्ज कराई अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनसे ऑनलाइन शेयर बाजार में निवेश के नाम पर संपर्क किया और अलग-अलग मौकों पर विभिन्न बैंक खातों में कुल छह लाख 50 हजार रुपये हस्तांतरित करवा लिए। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, अपर पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा) मनीषा सिंह ने बताया कि साइबर अपराधियों को म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने उपलब्ध कराने के आरोप में साइबर अपराध थाना पुलिस ने 21 वर्षीय मोम्मद समीर नामक युवक को गिरफ्तार किया है।
म्यूल खाते ऐसे बैंक खाते होते हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम के लेनदेन के लिए किया जाता है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में आरोपी के तीन अन्य साथियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, बिहार, हरियाणा, केरल, दिल्ली, गुजरात, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, झारखंड और कर्नाटक समेत 13 राज्यों में 33 से अधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Mayawati ने Akash Anand को सौंपी रैलियों की कमान, ससुर की वापसी की संभावना पूरी तरह खारिज
बसपा प्रमुख मायावती ने रविवार को कहा कि उनके भतीजे आकाश आनंद परिपक्वता दिखाते हुए पार्टी को परिवार से ऊपर प्राथमिकता दे रहे हैं और बहुजन समाज को उनसे काफी उम्मीदे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में आनंद कई कार्यक्रमों की घोषणा करते हुए यह बात कही। मायावती ने स्पष्ट किया कि आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को अब किसी भी परिस्थिति में पार्टी में वापस नहीं लिया जाएगा।
मायावती ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद आनंद पार्टी और आंदोलन के कार्यों को परिवार तथा रिश्ते-नातों से ऊपर प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आनंद अब काफी सूझबूझ और परिपक्वता के साथ पार्टी के कामकाज में जुट गए हैं और बहुजन समाज के लोगों को उनसे काफी अपेक्षाएं हैं। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख के अनुसार, आनंद 28 अक्टूबर को बुलंदशहर, दो नवंबर को सहारनपुर, 20 नवंबर को अयोध्या, 22 नवंबर को आगरा और 29 नवंबर को कानपुर नगर में पार्टी की ओर से आयोजित जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
मायावती ने पोस्ट में कहा कि आनंद इसके अलावा 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर पंजाब में बसपा द्वारा आयोजित विचार संगोष्ठी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि वह छह दिसंबर को डॉक्टर भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में आयोजित विचार संगोष्ठी को भी संबोधित करेंगे। मायावती ने कहा कि आनंद के पार्टी और आंदोलन के कार्यों में पूरी सक्रियता से जुटने से यह साबित होता है कि पिछले दिनों पार्टी में जो अप्रिय घटनाक्रम हुए, उनके लिए आनंद की तुलना में उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ ज्यादा जिम्मेदार थे।
उन्होंने कहा कि इसी वजह से सिद्धार्थ को पार्टी से बाहर किया गया और उन्हें राजनीति से संन्यास लेने की सलाह दी गई। बसपा प्रमुख ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि कुछ स्वार्थी तत्व विभिन्न हथकंडे अपनाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने और आनंद को सौंपे गए कार्यक्रमों को पूरी मेहनत से सफल बनाने की अपील की।
मायावती ने सिद्धार्थ की पार्टी में संभावित वापसी को लेकर जारी अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि ऐसी अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिद्धार्थ को अब किसी भी स्थिति में और किसी भी कीमत पर पार्टी में वापस नहीं लिया जाएगा। मायावती ने कहा कि आकाश के छोटे भाई ईशान आनंद भी बसपा के दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में सहयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि लंदन से वकालत की पढ़ाई पूरी कर चुके ईशान, उनके दिशा-निर्देशन में विशेष रूप से पार्टी के चुनाव संबंधी कार्यों और अन्य दस्तावेजी प्रक्रियाओं में मदद करेंगे।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









