Hyderabad के कॉलेज में डांडिया उत्सव के दौरान सजावटी गेट गिरने से छात्रा की जान गई
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में शनिवार को डांडिया कार्यक्रम के दौरान रोशनी के लिए लगाए गए एक सजावटी द्वार के गिरने से इंजीनियरिंग की एक छात्रा की मौत हो गई जबकि 14 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, हवा के कारण सजावटी द्वार गिर गया, जिससे छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।
उसे पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना में 14 अन्य लोगों को भी चोटें आईं, लेकिन उनकी हालत खतरे से बाहर है। मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने छात्रा की मौत और अन्य लोगों के घायल होने पर दुख व्यक्त किया।
सरकार की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।
Durga Puja पर कानून-व्यवस्था संभालने के लिए Bihar Police ने उतारे हजारों जवान
बिहार पुलिस ने दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य के सभी जिलों में अतिरिक्त बल तैनात किए हैं। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। तैनाती में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) की 34 कंपनियां, दंगा नियंत्रण बल की 12 कंपनियां, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 11 कंपनियां, 16,624 बुनियादी प्रशिक्षण प्राप्त सिपाही, 5,100 होमगार्ड और अन्य कर्मी शामिल हैं।
बयान के अनुसार, इस साल राज्य में करीब 16,800 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित किए जाने की उम्मीद है, जबकि 2025 में यह संख्या 15,550 थी। पुलिस ने संवेदनशील स्थानों, प्रतिमा विसर्जन मार्गों और नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था की है। जरूरत के अनुसार गोताखोर और बचाव दल भी तैनात किए गए हैं।
सीसीटीवी निगरानी, 24 घंटे गश्त और सोशल मीडिया पर नजर बढ़ाई गई है। पुलिस ने डीजे पर प्रतिबंध लगाया है और पूजा समितियों को निर्देश दिया है कि लाउडस्पीकर निर्धारित ध्वनि सीमा में चलें तथा रात 10 बजे के बाद बंद कर दिए जाएं। उसने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








