"मुझे मेरा बच्चा चाहिए..." काजल राघवानी बनना चाहती हैं बिन ब्याही मां, बोलीं- शादी नहीं करनी मुझे, कोई इंटरेस्ट नहीं
Kajal Raghwani Wishes to Become an Unwed Mother: भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस काजल राघवानी इन दिनों अपने एक रियलिटी शो को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं. वह हाल ही में रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' (Rise And Fall 2) का हिस्सा बनी हैं, जहां उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ और अतीत के कई ऐसे चौंकाने वाले खुलासे किए हैं, जिन्होंने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.
शो के दौरान 35 साल की काजल ने अपनी साथी कंटेस्टेंट सोनम मलिक के साथ खुलकर बातचीत की. इस दौरान उन्होंने अपनी शादी के फैसलों और मां बनने की इच्छा पर खुलकर बात की, जिससे उनके फैंस भी हैरान रह गए हैं. आइए जानें, काजल राघवानी ने शादी और बच्चों को लेकर क्या कहा?
काजल को शादी में नहीं है कोई दिलचस्पी
शो में बातचीत के दौरान काजल राघवानी ने अपनी जिंदगी को लेकर अपने नजरिए पर बात की. उन्होंने कहा कि उन्हें जिंदगी में शादी करने में कोई दिलचस्पी नहीं है, लेकिन वह मां बनने के अहसास को जरूर जीना चाहती हैं. काजल के मुताबिक, वह खुद बच्चे को जन्म देना चाहती हैं और मदरहुड के उस खूबसूरत अहसास को महसूस करना चाहती हैं.
काजल ने बताया कि उन्होंने अपनी मां से भी इस बारे में बात की है और वह इस अनुभव को अपने लिए पाना चाहती हैं. काजल के इन बयानों से यह साफ है कि वो मां तो बनना चाहती हैं, लेकिन वो शादी करना जरूरी नहीं मानतीं.
अतीत को याद कर छलका काजल का दर्द
काजल ने अपने पुराने रिश्ते में मिले धोखे और दर्द का भी खुलकर जिक्र किया. एक्ट्रेस ने बताया कि जिस शख्स से वह बेइंतहा प्यार करती थी, उसी ने उन्हें हर तरह से परेशान किया. एक्ट्रेस ने बताया कि उनके एक्स पार्टनर ने उनके साथ मारपीट तक की.
काजल ने कहा कि उन्होंने अभी तक उस इंसान का नाम नहीं लिया है और न ही कभी लेंगी, क्योंकि लोग पहले ही उसके बारे में सब कुछ जानते हैं और अपनी राय बना चुके हैं, इसलिए उन्हें किसी को नाम बताने की जरूरत महसूस नहीं होती. उस दौर को याद करते हुए एक्ट्रेस ने बताया कि उन्हें कई बार बुरी तरह मारा-पीटा गया था, जिससे उनके दिल और दिमाग पर गहरा असर पड़ा.
जमीन पर पटका और बालों को खींचा
अपने साथ हुई मारपीट के खौफनाक मंजर को याद करते हुए काजल काफी इमोशनल हो गईं. उन्होंने बताया कि वह शख्स उन्हें बेरहमी से जमीन पर पटक देता था और लात-घूंसों से मारता था. काजल ने बताया कि उस मारपीट के दौरान उनके स्कैल्प पर बहुत बुरा असर पड़ा क्योंकि वह शख्स उनके बाल पकड़कर इतनी जोर से खींचता था कि बाल टूटकर उनके हाथों में आ जाते थे. जब हमला रुकने के बाद उन्होंने अपने बालों को छुआ, तो वह पूरी तरह कांप उठी थीं क्योंकि उनके हाथ में बालों का गुच्छा आ गया था. काजल के अनुसार, शरीर पर लगने वाली चोटों ने उन्हें उतना दर्द नहीं दिया जितना उनके टूटे हुए बालों ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया था.
भरोसा टूटने का छलका दर्द
इन दर्द भरे दिनों को देखने के बाद काजल के मन में प्यार और रिश्तों को लेकर एक डर सा बैठ गया है. उन्होंने कहा कि इस तरह के टॉर्चर और धोखे को झेलने के बाद अब वह किसी पर भी आसानी से भरोसा नहीं कर पाती हैं.
उन्होंने अपनी जिंदगी में बहुत उतार-चढ़ाव और स्ट्रगल देखे हैं, जिसका असर आज भी उनके फैसलों पर साफ झलकता है. इन सभी खुलासों के बाद से सोशल मीडिया और इंडस्ट्री में काजल राघवानी की पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और उनके फैंस उनके मजबूत हौसले की तारीफ कर रहे हैं.
भोजपुरी में काजल राघवानी का शानदार सफर
काजल राघवानी ने अपनी कड़ी मेहनत और बेहतरीन एक्टिंग के दम पर भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में एक बहुत बड़ा मुकाम हासिल किया है. उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है और दर्शकों के दिलों में अपनी एक खास जगह बनाई है. भोजपुरी सिनेमा में उनकी जोड़ी एक्टर खेसारी लाल यादव के साथ काफी ज्यादा पॉपुलर रही है, जिसे दर्शकों ने हमेशा खूब पसंद किया है.
यह भी देखें- काजल राघवानी की कार पर भीड़ ने किया हमला, लोगों ने चलाए ईट-पत्थर, वजह आई सामने
अभिजीत दीपके ने बताया 24 घंटे जेल में रहकर कैसा लगा, शाहरुख खान का पोस्टर किया शेयर
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने एक बॉन्ड पर साइन करवाने के बाद रिहा कर दिया। बाहर आने के बाद दीपके ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर शाहरुख खान की एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि जेल से बाहर आने के बाद ऐसा लगता है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation
Hindustan












