नईदिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन की शादी और सगाई की चर्चाओं ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। पटना में उनके दादा अनुराग पांडेय ने मीडिया से बातचीत में पोते के निजी जीवन और उनके रिश्तों को लेकर बड़ी जानकारी साझा की है।
उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि ईशान किशन जयपुर की मशहूर मॉडल और पूर्व मिस इंडिया फाइनलिस्ट अदिति हुंडिया के साथ अपने रिश्ते को आगे ले जाने के लिए तैयार हैं। परिवार ने इस रिश्ते पर अपनी स्वीकृति की मुहर लगा दी है।
दादा ने कहा- ईशान की पसंद ही हमारी पसंद
ईशान किशन के दादा अनुराग पांडेय ने बताया कि उनका परिवार बहुत ही खुले विचारों का है। उन्होंने कहा, "ईशान जिसे भी पसंद करेगा, हम उसका स्वागत करेंगे। हमारे लिए उसकी खुशी सबसे ऊपर है।
उन्होंने यह भी जिक्र किया कि ईशान के बड़े भाई राज किशन ने भी अपनी पसंद से शादी की थी और परिवार ने उसे सहर्ष स्वीकार किया था। ऐसे में अब ईशान और अदिति के रिश्ते को भी दादा और पूरे परिवार की ओर से हरी झंडी मिल चुकी है।
कौन हैं अदिति हुंडिया?
अदिति हुंडिया राजस्थान के जयपुर की रहने वाली हैं और ग्लैमर की दुनिया का एक बड़ा नाम हैं। वह साल 2017 में फेमिना मिस इंडिया की फाइनलिस्ट रह चुकी हैं और 2018 में मिस सुपरनैशनल इंडिया का खिताब भी जीत चुकी हैं।
ईशान और अदिति को अक्सर एक-दूसरे की सोशल मीडिया पोस्ट पर कमेंट करते और कई मौकों पर साथ देखा जाता रहा है। अदिति को अक्सर आईपीएल मैचों के दौरान ईशान किशन और मुंबई इंडियंस को सपोर्ट करते हुए स्टैंड्स में देखा जाता है।
प्यार पर ईशान की चुप्पी और दादा का खुलासा
दादा अनुराग पांडेय ने एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया कि जब अदिति ने ईशान की तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, तब उन्होंने ईशान से इस बारे में पूछा था।
उस समय ईशान ने चुप्पी साध ली थी और सिर्फ मुस्कुरा दिए थे। अब जबकि दादा ने खुद आगे आकर इस पर बात की है, तो माना जा रहा है कि सगाई की आधिकारिक घोषणा जल्द ही हो सकती है।
17 फरवरी की चर्चा और भविष्य की योजनाएं
सोशल मीडिया पर यह भी चर्चाएं हैं कि 17 फरवरी के आसपास परिवार में किसी बड़े आयोजन की तैयारी हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वर्तमान में ईशान किशन अपने क्रिकेटिंग करियर और आगामी टूर्नामेंट्स पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, लेकिन दादा के इस बयान के बाद उनके फैंस के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है। माना जा रहा है कि यह स्टार क्रिकेटर बहुत जल्द जयपुर के दामाद बनने वाले हैं।