महिलाओं को बिना ब्याज मिलेगा 1 लाख रुपये का कर्ज, यूपी सरकार की योजना का कैसे उठाएं लाभ?
उत्तर प्रदेश में ग्रामीण महिलाओं को अपना कारोबार शुरू करने और पहले से चल रहे छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मदद देने के लिए महिला उद्यमी क्रेडिट योजना की पहल की गई है. इस योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी महिलाओं को एक लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त कर्ज देने का प्रावधान है. इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए प्रोत्साहित करना है.
क्या है महिला उद्यमी क्रेडिट योजना?
उत्तर प्रदेश सरकार की इस योजना का मकसद ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमियों को आर्थिक सहायता देना है. इसके जरिए महिलाएं अपना छोटा कारोबार शुरू कर सकती हैं या पहले से चल रहे व्यवसाय को बढ़ा सकती हैं. योजना से जुड़ी पहल का लाभ राज्य के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी करीब एक करोड़ महिलाओं तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है. इस योजना के तहत महिलाओं को ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था है, ताकि उन्हें कारोबार के लिए महंगे ब्याज पर कर्ज लेने की जरूरत कम पड़े. सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करना है.
तीन चरणों में मिलेगा एक लाख रुपये तक का कर्ज
महिला उद्यमी क्रेडिट योजना के तहत आर्थिक सहायता तीन चरणों में देने की व्यवस्था बताई गई है. इसका उद्देश्य कारोबार की जरूरत के हिसाब से महिलाओं को धीरे-धीरे वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है.
पहली किस्त: 20,000 रुपये
दूसरी किस्त: 30,000 रुपये
तीसरी किस्त: 50,000 रुपये
इस तरह पात्र महिलाओं को कुल एक लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त कर्ज मिल सकता है. अगली किस्त पाने के लिए पहले मिले कर्ज के भुगतान और योजना की शर्तों का पालन करना जरूरी होगा.
किन कामों के लिए ले सकती हैं कर्ज?
इस योजना का इस्तेमाल छोटे कारोबार को शुरू करने या उसका विस्तार करने के लिए किया जा सकता है. उदाहरण के तौर पर महिलाएं इस राशि से सिलाई का काम, हस्तशिल्प, अचार बनाने, छोटी किराना दुकान या डेयरी से जुड़े व्यवसाय को आगे बढ़ाने की योजना बना सकती हैं. योजना का उद्देश्य महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनकी आमदनी बढ़ाने में मदद करना है. इससे ग्रामीण इलाकों में छोटे व्यवसायों को भी बढ़ावा मिल सकता है.
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड में रोजगार के नए अवसर पैदा कर रहे MSME, 96,400 से अधिक इकाइयों से 4.70 लाख लोगों को मिला काम
कौन महिलाएं योजना के लिए पात्र होंगी?
योजना के तहत लाभ पाने के लिए कुछ जरूरी शर्तें रखी गई हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मुख्य पात्रता इस प्रकार है
- आवेदिका उत्तर प्रदेश की स्थायी निवासी हो.
- वह राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (SRLM) के तहत पंजीकृत स्वयं सहायता समूह की सक्रिय सदस्य हो.
- कर्ज का इस्तेमाल नया छोटा कारोबार शुरू करने या मौजूदा व्यवसाय को बढ़ाने के लिए किया जाए.
आवेदन की प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज और अन्य शर्तों की जानकारी संबंधित विभाग की ओर से जारी आधिकारिक दिशा-निर्देशों के आधार पर देखनी चाहिए.
क्या एक लाख रुपये मुफ्त मिलेंगे?
इस योजना को लेकर यह समझना जरूरी है कि एक लाख रुपये की राशि मुफ्त सहायता नहीं, बल्कि ब्याज मुक्त कर्ज है. यानी लाभार्थी को तय शर्तों के अनुसार यह राशि वापस चुकानी होगी. योजना से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, कर्ज चुकाने के लिए अधिकतम तीन साल तक का समय मिल सकता है. इसके अलावा, महिला उद्यमियों को कारोबार से जुड़े लेन-देन में सुविधा देने के लिए विशेष क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी बताई गई है.
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
महिला उद्यमी क्रेडिट योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को कारोबार के लिए आर्थिक सहयोग देना है. इससे वे छोटे स्तर पर अपना काम शुरू कर सकती हैं और धीरे-धीरे उसे आगे बढ़ाने की दिशा में कदम उठा सकती हैं. हालांकि, योजना के क्रियान्वयन और आवेदन से संबंधित ताजा जानकारी के लिए संबंधित सरकारी विभाग की आधिकारिक सूचना देखना जरूरी है. इससे पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और कर्ज की शर्तों को लेकर सही जानकारी मिल सकेगी.
Saraswati Puja 2026: सरस्वती पूजा कब है? जानें शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और क्या करें-क्या नहीं जरूरी नियम
Saraswati Puja 2026 Kab Hai Date: इस वर्ष अक्टूबर में मां सरस्वती की पूजा को लेकर भक्तों के बीच सही तिथि और शुभ मुहूर्त जानने को लेकर कंफ्यूजन बना हुआ है. सरस्वती माता को ज्ञान, विद्या, बुद्धि, कला और संगीत की देवी माना जाता है. फिलहाल, देश में धूमधाम से नवरात्रि का आयोजन किया जा रहा है. इस बीच सरस्वती पूजा का भी आयोजन किया जाता है. उनकी आराधना का यह त्योहार खासतौर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और लेखक तथा कला से जुड़े लोगों के लिए महत्वपूर्ण होता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सरस्वती माता की पूजा करने से ज्ञान और विवेक की प्राप्ति होती है. चलिए जानते हैं इस साल अक्टूबर 2026 में सरस्वती पूजा कब मनाई जाएगी और किस विधि से मां की आराधना करनी चाहिए.
कब है सरस्वती पूजा 2026? (Shardiya Navratri Saraswati Puja 2026 Date)
द्रिक पंचांग के अनुसार, शारदीय नवरात्रि के दौरान पड़ने वाली सरस्वती पूजा 17 अक्टूबर 2026 को मनाई जाएगी. इससे एक दिन पहले यानी 16 अक्टूबर 2026 को सरस्वती माता का आवाहन किया जाएगा. 18 अक्टूबर को सरस्वती बलिदान और 19 अक्टूबर को सरस्वती विसर्जन किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- Garba 2026 AI Prompts: गरबा नाइट की शानदार तस्वीरें बनाने के लिए Gemini और चैट जीपीटी के AI प्रॉम्प्ट
सरस्वती पूजा 2026 का शुभ मुहूर्त
सरस्वती पूजा के लिए शुभ समय स्थान और पंचांग के अनुसार, अलग-अलग भी हो सकता है. 17 अक्टूबर को पूजा का प्रमुख समय सुबह 6 बजकर 22 मिनट से शुरू होकर 12:06 तक रहेगा. पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र के आधार पर पूजा का मुहूर्त दोपहर 03:54 बजे से लेकर शाम 6 बजकर 14 मिनट तक है. इसलिए, आप अपने शहर के अनुसार पूजा का समय जांच लें.
सरस्वती माता की पूजन विधि
ज्योतिषाचार्य हरीगोपाल शर्मा के अनुसार, सरस्वती पूजा के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें. इसके बाद साफ-सुथरे वस्त्र पहनें. इसके बाद पूजा स्थल की सफाई करें और गंगाजल छिड़कें. इसके बाद सरस्वती माता की मूर्ति या तस्वीर स्थापित करें. माता सरस्वती को फूल, अक्षत, चंदन और फल अर्पित करें, पूजा के दौरान उनके सामने देसी घी का दीया जलाएं. इसके बाद सरस्वती माता की आरती करें. सरस्वती वंदना करें और माता के मंत्रों का जाप करें. इस दिन सभी विद्यार्थियों को अपनी किताबें, कॉपी और कलम को भी पूजा स्थल में मां सरस्वती के पास रख सकते हैं.
संगीत और कला से जुड़े लोगों को अपने वाद्य यंत्रों को पूजा में शामिल करना चाहिए. पूजा के पश्चात मां को फल, मिठाई तथा खीर का भोग लगाएं. इसके बाद प्रसाद का वितरण करें.
सरस्वती पूजा का धार्मिक महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सरस्वती माता को ज्ञान, बुद्धि और विवेक और रचनात्मकता की देवी माना जाता है. उनती पूजा विद्यार्थियों, शिक्षकों, लेखकों, संगीतकारों और कलाकारों के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है. धार्मिक मान्यता है कि मां सरस्वती की पूजा करने से एकाग्रता और बुद्धि का विकास होता है.
सरस्वती पूजा में इन नियमों का पालन करें
- सरस्वती माता की पूजा करने के लिए साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी है.
- इस दिन सफेद या पीले रंग के वस्त्र पहन सकते हैं.
- सरस्वती पूजा के दिन पढ़ाई, कला, संगीत या किसी नए कार्य का प्रारंभ करने के लिए इस दिन को शुभ माना जाता है.
- इस दिन सरस्वती माता के बीज मंत्र का जाप करें.
- बड़ों और अपने गुरुओं का सम्मान करें.
- सरस्वती पूजा के दिन मांस, मदिरा और तामसिक भोजन बिल्कुल न खाएं.
- क्रोध करने, अपशब्दों को बोलने और किसी का अपमान करने से बचें.
- बिना स्नाना किए पूजा न करें और पूजा की वस्तुओं को न छूएं.
सरस्वती माता के शक्तिशाली मंत्र (Saraswati Mata Ke Mantra)
- ऊं ऐं सरस्वत्यै नम:
- ऊं सरस्वत्यै च विद्महे ब्रह्मपुत्र्यै च धीमहि तन्नो देवी प्रचोदयात्
- सरस्वति नमस्तुभ्यं वरदे कामरूपिणि। विद्यारम्भं करिष्यामि सिद्धिर्भवतु मे सदा ॥
- ऊं सरस्वती मया दृष्ट्वा, वीणा पुस्तक धारणीम्। हंस वाहिनी समायुक्ता मां विद्या दान करोतु मे ऊं॥
- ऊं ऐं ह्रीं क्लीं महासरस्वती देवीभ्यो नमः
ये भी पढ़ें- Navratri 2026 Maha Navami kab hai: 19 या 20 अक्टूबर... शारदीय नवरात्रि में कब है नवमी? नोट करें सही तिथि
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है और केवल सूचना के लिए प्रदान की गई है. News Nation इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation









