Samsung भारत में देगी ब्याज-मुक्त EMI और त्योहारी छूट, लागत बढ़ने से चुनौती
(जोयता डे)
नयी दिल्ली/लंदन, चार अगस्त दक्षिण कोरियाई प्रौद्योगिकी कंपनी सैमसंग ने कहा है कि वह भारत में बढ़ती लागत के बीच उपभोक्ताओं पर बोझ कम करने के लिए ब्याज-मुक्त मासिक किस्त (ईएमआई) और त्योहारी छूट जैसे विकल्प देगी। सैमसंग के दक्षिण-पश्चिम एशिया क्षेत्र के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जे. बी. पार्क ने लंदन में भारतीय पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि कच्चे माल की लागत बढ़ने से चालू वर्ष की पहली छमाही में भारतीय बाजार में करीब 15 प्रतिशत गिरावट आई है और दूसरी छमाही भी चुनौतीपूर्ण रह सकती है। उन्होंने कहा कि मेमोरी चिप की किल्लत और आपूर्ति बाधाओं से कारोबार के लिए स्थिति और मुश्किल हो गई है। पार्क ने कहा, “हम बढ़ी हुई लागत के बोझ को यथासंभव अपने स्तर पर ही समाहित करने की कोशिश करेंगे और उपभोक्ताओं को बेहतर मूल्य देंगे। आने वाले त्योहारी मौसम में ग्राहकों को ब्याज-मुक्त ईएमआई और छूट जैसे किफायती विकल्प भी उपलब्ध कराए जाएंगे।” कृत्रिम मेधा (एआई) के बढ़ते उपयोग और सीमित उत्पादन क्षमता के कारण मेमोरी चिप की उपलब्धता एक समस्या बनी हुई है। भू-राजनीतिक कारणों से कच्चे माल की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है, जिससे पिछले छह महीनों में स्मार्टफोन समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दाम 20-30 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। उद्योग जगत का अनुमान है कि मेमोरी की लागत अगले 12-18 महीनों तक ऊंचे स्तर पर बनी रह सकती है। पार्क ने कहा कि भारत में एआई का उपयोग केवल फोटो या वीडियो के संपादन तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि सैमसंग ‘ऑन-डिवाइस’ एआई पर ध्यान दे रही है ताकि उपयोगकर्ता क्लाउड के बजाय सीधे अपने फोन पर ही एआई सुविधाओं का उपयोग कर सकें और गोपनीयता भी बेहतर बनी रहे।
Indigo सीईओ Willie Walsh ने एयरलाइन को अनुशासित और मजबूत रखने पर दिया जोर
नयी दिल्ली, चार अगस्त इंडिगो के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विली वॉल्श ने मंगलवार को कर्मचारियों से कहा कि बदलती वैश्विक परिस्थितियों, हवाई क्षेत्र से जुड़ी चुनौतियों और आपूर्ति श्रृंखला की बाधाओं के बीच एयरलाइन को चुस्त, अनुशासित तथा मजबूत बने रहना होगा। वॉल्श ने सीईओ का पद संभालने के बाद टाउनहॉल के दौरान कर्मचारियों को पहली बार संबोधित किया। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने मंगलवार को अपनी उड़ान सेवा के 20 वर्ष भी पूरे किए।
वॉल्श ने सोमवार को इंडिगो के सीईओ का पद संभाला है। वॉल्श ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा, “मेरे लिए सबसे ज्यादा उत्साहित करने वाली बात हमारे सामने मौजूद अवसर हैं। जैसे-जैसे नए विमान बेड़े में शामिल होंगे और हमारे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का विस्तार होगा, इंडिगो भारत को दुनिया भर के पहले से कहीं अधिक गंतव्यों से जोड़ेगी...।” उन्होंने कहा कि भारत के विमानन क्षेत्र की विकास यात्रा अभी जारी है और इसकी सबसे बड़ी संभावनाएं सामने आनी बाकी हैं।
इंडिगो ने 900 से अधिक विमानों का ऑर्डर दिया है और उम्मीद है कि बड़े आकार का ए350 विमान 2028 से उसके बेड़े में शामिल हो जाएंगे। वॉल्श ने कहा, ‘‘नेतृत्व की शुरुआत सुनने से होती है और मैं आप सभी से सीखने और आपकी बातें सुनने के लिए यहां हूं।’’ आयरलैंड के नागरिक वॉल्श ने इंडिगो की बागडोर ऐसे समय में संभाली है जब एयरलाइन अपने घरेलू नेटवर्क को और मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय संपर्क को गति देने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘विमानन उद्योग तेजी से बदलते माहौल का सामना कर रहा है।
हवाई क्षेत्र से जुड़ी चुनौतियां, आपूर्ति श्रृंखला में बाधाएं और बदलती वैश्विक परिस्थितियां एयरलाइन से चुस्ती, अनुशासन और मजबूती की मांग करती हैं। वॉल्श ने 31 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ (आईएटीए) के महानिदेशक का कार्यकाल पूरा करने के बाद इंडिगो की कमान संभाली है। कंपनी ने 31 मार्च को उनके सीईओ बनने की घोषणा की थी।
वर्तमान में इंडिगो के बेड़े में 430 से अधिक विमान हैं और एयरलाइन प्रतिदिन लगभग 2,200 उड़ानों का संचालन करती है। कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 68,000 से अधिक है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi


















