उत्तर भारत में Snowfall से रास्ते बंद, Delhi समेत मैदानी इलाकों में तेज Rain
उत्तर भारत के ऊंचाई वाले इलाकों में बृहस्पतिवार को ताजा बर्फबारी से कई सड़कें बंद हो गईं जबकि राष्ट्रीय राजधानी सहित मैदानी इलाकों में भारी बारिश हुई और आसमान में घने बादल छाए रहे। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में उत्तर-पूर्वी मानसून सक्रिय रहा। विभाग ने पूरे देश से दक्षिण-पश्चिम मानसून के विदा होने की घोषणा की।
उत्तर-पूर्वी मानसून को लौटता हुआ मानसून भी कहा जाता है। जम्मू कश्मीर में घाटी को जम्मू क्षेत्र से जोड़ने वाला वैकल्पिक रास्ता मुगल मार्ग सहित कुछ मुख्य सड़कें बंद कर दी गई हैं। अधिकारियों ने सड़क साफ करने के लिए कर्मियों और मशीनों को काम पर लगाया है।
अधिकारियों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में बर्फ की चादर और मोटी होने के कारण सड़कों पर फिसलन की स्थिति बनने से यात्रा का जोखिम बढ़ गया है। इसके मद्देनजर रोहतांग दर्रे से सरचू, दारचा से शिंकु ला, और ग्रामफू से बाटल के साथ-साथ सच दर्रा भी बंद कर दिया गया है। वहीं, जम्मू में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बन गई।
दिल्ली में दिनभर मौसम बेहद खराब रहा, जहां आसमान में घंटों घने बादल छाए रहे। राजधानी में पूरे दिन रुक-रुक कर बारिश होने और तेज हवाएं चलने का सिलसिला जारी रहा जबकि कई इलाकों में दृश्यता काफी कम हो गई। जलभराव के कारण शहर के कई हिस्सों में यातायात भी बाधित हुआ।
मौसम विशेषज्ञों ने इस बारिश का कारण पश्चिमी विक्षोभ और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण को बताया है। उन्होंने इस बारिश को मानसून के बाद का सामान्य मौसम करार दिया। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू कश्मीर के मैदानी इलाकों में भी बारिश रिकॉर्ड की गई।
जम्मू क्षेत्र के उधमपुर में सबसे अधिक 59.6 मिलीमीटर (मिमी) वर्षा हुई। इसके बाद पुंछ में 39.5 मिमी, सांबा में 34 मिमी, शोपियां में 34 मिमी, बारामूला में 29 मिमी और कटरा में 23.1 मिमी बारिश हुई। अधिकारियों के मुताबिक, श्रीनगर (12 मिमी) सहित पूरी घाटी में बारिश हुई, जबकि क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे।
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में बारिश और तेज हवाएं चलने का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। इसके साथ ही दिन के दौरान ऊंचे इलाकों में छिटपुट स्थानों पर ओलावृष्टि और हल्की बर्फबारी की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम कार्यालय ने 16 अक्टूबर को जम्मू क्षेत्र में आमतौर पर मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है, हालांकि इस दौरान छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों और राजधानी देहरादून में सुबह आसमान में बादल छाए रहे और छिटपुट बारिश हुई, जबकि आईएमडी ने देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है। अधिकारियों ने बताया कि रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ पैदल मार्ग पर पहाड़ी से चट्टानें गिरने के कारण एक व्यक्ति घायल हो गया। हालांकि, प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीति के शिंकु ला, बारालाचा ला, कुंजुम ला, कोकसर, जिस्पा, केलांग और गोंदला, चंबा के सुरल और सच दर्रे तथा कांगड़ा जिले की धौलाधार पर्वत श्रृंखला में बर्फबारी हुई। रिपोर्टों के अनुसार, पांगी घाटी के सुरल में तीन इंच तक बर्फबारी हुई जबकि सच दर्रे पर करीब एक फुट बर्फ गिरी। हिमपात के बाद लाहौल और स्पीति के गोंदला के पास फंसे करीब 100 वाहनों को पुलिस ने सुरक्षित निकाला।
ताजा बर्फबारी से पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों में खुशी है। उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। मौसम में बदलाव के कारण मनाली और धर्मशाला में तापमान में भी काफी गिरावट आई है।
बढ़ती ठंड के चलते स्थानीय लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए और अलाव जलाने शुरू कर दिए हैं। आईएमडी ने बताया कि दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, कर्नाटक, केरलम में उत्तर-पूर्वी मानसून सक्रिय रहा। आईएमडी ने अपने दैनिक पूर्वानुमान में बताया कि उत्तर-पूर्वी मानसून के आगमन के साथ 21 अक्टूबर तक दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
Kolkata में बाइक फिसलने के बाद रंगे फ्लाईओवरों पर लगाए गए road markers
पश्चिम बंगाल सरकार ने कोलकाता में इंद्रधनुषी रंगों से रंगे फ्लाईओवर पर सड़क संकेतक लगाए हैं और एक पुल की सतह को खुरदरा बनाया है। यह कदम बारिश के बाद फ्लाईओवर पर तीन मोटरसाइकिलों के कथित तौर पर फिसलने के बाद उठाया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
बुधवार को बारिश के बाद चिंरिघाटा फ्लाईओवर के रंगे हुए हिस्से पर तीन मोटरसाइकिल सवारों के फिसलकर गिरने का एक वीडियो एक कार के डैशकैम में रिकॉर्ड हुआ। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, हालांकि पीटीआई-भाषा इसकी प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकी। कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि चिंरिघाटा फ्लाईओवर के इंद्रधनुषी रंगों से रंगे हिस्से पर 10 मीटर के अंतराल पर संकेतक लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि गरियाहाट पुल की सतह को खुरदरा बनाया गया है, ताकि घर्षण बढ़े और हादसों को रोका जा सके। दुर्गा पूजा से पहले सौंदर्यीकरण पहल के तहत कोलकाता और पश्चिम बंगाल के अन्य हिस्सों में कई सड़कों को इंद्रधनुषी रंगों से रंगा गया है। कुछ हिस्सों में ‘अल्पना’ की आकृतियां भी बनाई गई हैं।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कहा था कि ऐसी कोई जानकारी नहीं है कि हादसा सड़क पर रंग किए जाने के कारण हुआ। वहीं, शहरी विकास एवं नगर मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि फिसलन रोकने वाले रंगों का इस्तेमाल किया गया था। पॉल ने कहा था कि संबंधित अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया है और उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया था कि यदि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी होती है, तो वैकल्पिक उपायों पर विचार किया जाएगा।
हालांकि, बृहस्पतिवार को उन्होंने कहा कि प्रशासन मोटरसाइकिलों के फिसलने के कारण का पता नहीं लगा सका है। हालांकि, वायरल वीडियो में तीन मोटरसाइकिलों को फिसलते हुए देखा गया, लेकिन मंत्री ने दावा किया कि हादसे में दो दोपहिया वाहन शामिल थे। उन्होंने कहा, “बताया जा रहा है कि कल एक फ्लाईओवर पर दो मोटरसाइकिलें फिसल गई थीं, लेकिन हम निश्चित रूप से नहीं कह सकते कि इसकी वजह क्या थी।
विभिन्न कारणों से वाहन फिसल सकते हैं।” मंत्री ने कहा कि यह निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी कि हादसे सड़क पर रंग किए जाने के कारण हुए। पॉल ने कहा, “...वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की जांच की है। चिंरिघाटा फ्लाईओवर पर ‘कैट्स आई’ सड़क संकेतक लगाए गए हैं और घर्षण बढ़ाने तथा ऐसे हादसों को रोकने के लिए गरियाहाट पुल की सतह को खुरदरा बनाया गया है।” इस घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए तृणमूल कांग्रेस के विधायक कुणाल घोष ने कहा, “अगर आपको इसे हटाना ही था, तो आपने बचकाने तरीके से ऐसा अवैज्ञानिक और खतरनाक रंग क्यों लगाया?” पॉल ने घोष पर सौंदर्यीकरण अभियान का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि यह अभियान कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) परियोजना का हिस्सा था। उन्होंने कहा, “घोष, जो पोंजी घोटाले के आरोपी थे, उन्हें सरकार पर सौंदर्यीकरण के नाम पर पैसे बर्बाद करने का झूठा आरोप लगाने का कोई अधिकार नहीं है।” विपक्षी कांग्रेस, ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने बुधवार को दुर्गा पूजा से पहले सौंदर्यीकरण अभियान की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाते हुए सरकार पर निशाना साधा था। दुर्गा पूजा राज्य का सबसे बड़ा त्योहार है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









