Responsive Scrollable Menu

होर्मुज में बारूदी सुरंग से टकराकर जहाज डूबा:जंग शुरू होने के बाद पहली बार ऐसा हुआ, 2500 कंटेनर थे

होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री बारूदी सुरंग से टकराकर बुधवार सुबह एक मालवाहक जहाज डूब गया। जहाज में 2500 कंटेनर थे। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने यह जानकारी दी। AP की रिपोर्ट के मुताबिक, टक्कर के बाद जहाज में आग लग गई थी। जंग शुरू होने के बाद यह पहली बार है, जब बारूदी सुरंग से टकराकर कोई जहाज डूबा है। फिलहाल जहाज पर कितने लोग सवार थे और इस घटना में किसी की मौत हुई या नहीं, इसकी जानकारी नहीं मिली है। IRGC बोली- जहाज खतरनाक रास्ते से जा रहा था IRGC ने बुधवार को बताया कि जहाज होर्मुज के पास एक ऐसे रास्ते से गुजर रहा था, जिसे इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं थी और रास्ता खतरनाक था। ईरान पहले भी कई बार चेतावनी दे चुका है कि अगर कोई जहाज उसकी ओर से तय किए गए रास्ते से हटकर चलेगा, तो उसके परिणाम की जिम्मेदारी उसी की होगी। IRGC ने कहा- कंटेनरों से दूर रहें घटना के बाद IRGC ने स्थानीय जहाजों और मछुआरों को सावधान रहने को कहा है। उसने समुद्र में तैर रहे कंटेनरों से दूर रहने की अपील की है। ये कंटेनर दूसरे जहाजों के लिए खतरा बन सकते हैं और समुद्री रास्ते पर आवाजाही में रुकावट डाल सकते हैं। होर्मुज स्ट्रेट फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ता है। यह दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्तों में से एक है। यहां से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और दूसरे सामान ले जाने वाले जहाज गुजरते हैं। इस इलाके में जहाजों की सुरक्षा को लेकर पहले से चिंता बनी हुई है। होर्मुज में 2 जहाजों पर मंगलवार को हमला हुआ था ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा निगरानी एजेंसी UKMTO के मुताबिक, मंगलवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में दो व्यापारिक जहाजों पर अज्ञात चीजों से हमला हुआ। दोनों जहाजों को मामूली नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी के घायल होने की खबर नहीं है। दोनों जहाज हमले के बाद भी अपना सफर जारी रखने में कामयाब रहे। एजेंसी ने यह नहीं बताया कि हमलों में किस चीज का इस्तेमाल किया गया था। समुद्री बारूदी सुरंग क्या होती है? समुद्री बारूदी सुरंग पानी में छिपाकर रखा गया एक तरह का बम होता है। कुछ सुरंगें जहाज के टकराने पर फटती हैं, जबकि कुछ जहाज के पास आने पर ही विस्फोट कर सकती हैं। टॉरपीडो या मिसाइलों के मुकाबले इन्हें बनाना और समुद्र में बिछाना बहुत आसान और सस्ता होता है। लेकिन एक बार बिछा दिए जाने के बाद इन्हें खोजना, पहचानना और समुद्र से बाहर निकालना (डिफ्यूज करना) बेहद मुश्किल, खर्चीला और जोखिम भरा काम होता है। इन्हें ढूंढने के लिए नौसेना सोनार, पानी के अंदर चलने वाले ड्रोन और रोबोट का इस्तेमाल करती है। जापान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी को आशंका थी कि होर्मुज में 80 से 150 तक सुरंगें बिछाई गई हो सकती हैं। हालांकि, अमेरिकी सेना का कहना था कि अंतरराष्ट्रीय जहाजों के लिए तय रास्तों से ईरानी सुरंगें हटा दी गई थी। जंग के बाद होर्मुज से जहाजों की आवाजाही घटी अमेरिका और इजराइल के 28 फरवरी 2026 को ईरान पर हमले शुरू करने के बाद से होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है। ईरान ने इस समुद्री रास्ते से गुजरने वाले जहाजों पर पाबंदियां लगाईं हैं और कई जहाजों पर हमले भी हुए। इसके चलते कई शिपिंग कंपनियां इस रास्ते से जहाज भेजने से बच रही हैं। रॉयटर्स के मुताबिक, 7 अक्टूबर को होर्मुज से सिर्फ 7 मालवाहक जहाज गुजरे थे। हालांकि, इस रास्ते से जहाजों की आवाजाही पूरी तरह बंद नहीं हुई है। कुछ जहाज अब भी गुजर रहे हैं, लेकिन युद्ध से पहले के मुकाबले इनकी संख्या काफी कम है। ------------------------- यह खबर भी पढ़ें… होर्मुज के पास जहाज पर ड्रोन हमला, 2 भारतीय लापता: भारत ने हमले रोकने को कहा होर्मुज स्ट्रेट के पास भारतीय क्रू वाले जहाज एमटी पेट्रो डॉल्फिन पर रविवार को ड्रोन से हमला हुआ। जहाज पर सवार 11 भारतीय नाविकों में से 9 को बचा लिया गया, जबकि 2 अब भी लापता हैं। हमले के पीछे कौन है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

Continue reading on the app

मस्क ने यूक्रेन में स्टारलिंक इंटरनेट की स्पीड घटाई:रूस के खिलाफ सेना के ऑपरेशन पर असर; यही सर्विस भारत में शुरू करना चाहते है मस्क

अमेरिकी अरबपति इलॉन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने यूक्रेन में स्टारलिंक इंटरनेट की स्पीड पर लिमिट लगा दी है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के सलाहकार सेरही बेस्क्रेस्टनोव ने बुधवार को बताया कि इस फैसले से रूस के खिलाफ लड़ रही यूक्रेनी सेना के कई ऑपरेशन पर असर पड़ा है। उनके मुताबिक, सेना को इस बदलाव की पहले से जानकारी नहीं दी गई थी। यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने भी कनेक्टिविटी में रुकावट की पुष्टि की है। खास बात यह है कि मस्क यही स्टारलिंक सर्विस भारत में शुरू करना चाहते हैं। इसे लेकर हाल ही में उन्होंने भारत सरकार पर भेदभाव के आरोप लगाए थे। 160 की रफ्तार से तेज चलते ही इंटनेट धीमा जेलेंस्की के सलाहकार सेरही के मुताबिक अब 160 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से चलने पर स्टारलिंक का इंटरनेट धीमा हो रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि यह फैसला मौजूदा राजनीतिक हालात से जुड़ा हो सकता है। हालांकि उन्होंने इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी। BBC ने यूक्रेनी रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि इंटरनेट की रफ्तार धीमी होने से सेना के सामान पहुंचाने, ड्रोन चलाने और हमले से जुड़े मिशनों में परेशानी आ रही है। स्पेसएक्स ने इस मामले पर अब तक सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है। रूस के ड्रोन रोकने में भी काम आता है स्टारलिंक स्टारलिंक अंतरिक्ष में मौजूद सैटेलाइट के जरिए इंटरनेट देता है। यूक्रेनी सेना इसका इस्तेमाल सैनिकों के बीच संपर्क बनाए रखने और दूर बैठे ड्रोन चलाने के लिए करती है। इन ड्रोन से रूसी ठिकानों पर हमले किए जाते हैं। सलाहकार सेरही के मुताबिक, स्टारलिंक की मदद से ऐसे ड्रोन भी चलाए जाते हैं, जो रूस के नए जेट इंजन वाले ड्रोन को हवा में रोकने की कोशिश करते हैं। इससे पहले मस्क ने फरवरी में रूसी सेना के लिए स्टारलिंक बंद कर दिया था। इससे रूस को यूक्रेन में लड़ाई लड़ने में परेशानी हुई और उसके कमांडरों और सैनिकों के बीच तालमेल बिगड़ गया था। रूस के हमलों से 6 लाख लोग बिना बिजली के रहे राष्ट्रपति जेलेंस्की के मुताबिक, रूस के मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद यूक्रेन में कम से कम 6 लाख लोग बिजली के बिना रहने पर मजबूर हैं। रूस ने राजधानी कीव, उसके आसपास के इलाकों में बिजली से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, कीव में तीन लोगों की मौत हुई। यूक्रेन की वायुसेना के मुताबिक, रूस ने रातभर में 39 मिसाइलें और 128 ड्रोन दागे। इनमें से चार मिसाइलों और 115 ड्रोन को मार गिराया गया। वहीं, रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि रातभर में रूस के अलग-अलग इलाकों में यूक्रेन के 902 ड्रोन मार गिराए गए। इनमें मॉस्को और क्रीमिया के ऊपर गिराए गए ड्रोन भी शामिल हैं। क्रीमिया पर रूस ने 2014 में कब्जा कर लिया था। ट्रम्प के सीजफायर के दावे के बाद भी हमले जारी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रविवार को दावा किया था कि रूस और यूक्रेन ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने के लिए सहमत हो गए हैं। यह रोक तुरंत लागू होनी थी, लेकिन हमले जारी रहे। जेलेंस्की ने कहा था कि यूक्रेन रूस की तेल रिफाइनरियों और दूसरे ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोक देगा, अगर रूस भी ऐसा करता है। जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि ट्रम्प प्रशासन ने सीजफायर पर सहमति नहीं बनने पर यूक्रेन को खुफिया जानकारी देना बंद करने की धमकी दी थी। ट्रम्प ने मंगलवार को इस आरोप से इनकार किया। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि यूक्रेन सीजफायर से राहत पाने का हकदार नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि इस दौरान यूरोपीय देश यूक्रेन को और हथियार दे सकते हैं। रूस ने फरवरी 2022 में यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हमला शुरू किया था। फिलहाल यूक्रेन का करीब 20% इलाका रूस के कब्जे में है। भारत में भी स्टारलिंक शुरू करना चाहते हैं मस्क यूक्रेन में स्टारलिंक की स्पीड घटाने की खबर ऐसे समय आई है, जब मस्क भारत में भी यही इंटरनेट सर्विस शुरू करना चाहते हैं। स्टारलिंक की खासियत यह है कि यह जमीन पर बिछी इंटरनेट केबल या मोबाइल टावर के बजाय अंतरिक्ष में मौजूद सैटेलाइट से इंटरनेट देता है। इससे उन गांवों, पहाड़ी इलाकों और दूरदराज की जगहों पर इंटरनेट पहुंचाया जा सकता है, जहां मोबाइल नेटवर्क या ब्रॉडबैंड की सुविधा नहीं है। मस्क भारत में सस्ते प्लान लाने की बात कह चुके हैं। उनका कहना है कि नई कंपनी आने से इंटरनेट कंपनियों के बीच मुकाबला बढ़ेगा और इसका फायदा ग्राहकों को मिलेगा। भारत में स्टारलिंक का मुकाबला रिलायंस जियो और एयरटेल जैसी कंपनियों से होगा। ये कंपनियां पहले से कम कीमत पर इंटरनेट सेवाएं दे रही हैं। इसलिए भारत में स्टारलिंक की सफलता इस बात पर भी निर्भर करेगी कि वह ग्राहकों को किस कीमत पर इंटरनेट देती है। भारत में सर्विस शुरू करने के लिए अभी मंजूरियां जरूरी भारत सरकार ने सैटेलाइट इंटरनेट सेवा के लिए जियो सैटकॉम, एयरटेल की सहयोगी कंपनी यूटेलसेट वनवेब और स्टारलिंक को लाइसेंस दिए हैं। लेकिन सिर्फ लाइसेंस मिलने से सर्विस शुरू नहीं की जा सकती। इसके लिए सुरक्षा से जुड़ी मंजूरियां और सैटेलाइट के जरिए इंटरनेट देने में इस्तेमाल होने वाली रेडियो फ्रीक्वेंसी की कीमत तय होना भी जरूरी है। भारत में स्टारलिंक की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि उसके प्लान कितने सस्ते होते हैं, नेटवर्क कितना अच्छा चलता है और कंपनी को कब तक सभी जरूरी मंजूरियां मिलती हैं। अंडमान और मणिपुर में मिले थे स्टारलिंक डिवाइस 2024 में भारतीय एजेंसियों को अंडमान-निकोबार में ड्रग्स तस्करी की जांच के दौरान और मणिपुर में सेना के एक ऑपरेशन के समय स्टारलिंक डिवाइस मिले थे। उस समय मस्क ने कहा था कि स्टारलिंक की सर्विस भारत में कभी चालू ही नहीं हुई। उन्होंने दावा किया था कि मिले हुए उपकरण स्टारलिंक के सैटेलाइट नेटवर्क का इस्तेमाल नहीं कर सकते थे। स्टारलिंक के उपकरणों में एक डिश, वाई-फाई राउटर, बिजली की केबल और डिश को लगाने के लिए स्टैंड होता है। इंटरनेट चलाने के लिए डिश को ऐसी जगह रखा जाता है, जहां से आसमान साफ दिखाई दे। कंपनी का मोबाइल ऐप इसे सेट करने और नेटवर्क की स्थिति देखने में मदद करता है। यूक्रेन में स्पीड रोकने से स्टारलिंक पर सवाल उठे यूक्रेन में स्टारलिंक की स्पीड पर लगी रोक से यह सवाल उठा है कि जब सेना किसी निजी कंपनी की इंटरनेट सर्विस पर निर्भर हो, तो कंपनी के तकनीकी फैसलों का उसके काम पर कितना असर पड़ सकता है। भारत में स्टारलिंक का इस्तेमाल मुख्य रूप से इंटरनेट की सुविधा से वंचित इलाकों तक कनेक्टिविटी पहुंचाने के लिए हो सकता है। इसलिए यूक्रेन के मामले का यह मतलब नहीं है कि भारत में भी ऐसी ही स्थिति बनेगी। लेकिन यह जरूर दिखाता है कि सैटेलाइट इंटरनेट देने वाली कंपनियों की तकनीक पर निर्भरता बढ़ने के साथ उनके फैसलों का महत्व भी बढ़ जाता है।

Continue reading on the app

  Sports

भारत ने टी-20 में 2000 छक्के पूरे किए:होप ने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा; अभिषेक-सैमसन से भिड़े वेस्टइंडीज के प्लेयर्स

वेस्टइंडीज ने चौथे टी-20 मैच में भारत को 24 रन से हरा दिया। हैदराबाद में खेले गए इस मैच के दौरान भारत ने टी-20 इंटरनेशनल में 2 हजार छक्के पूरे किए। शाई होप ने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वे वेस्टइंडीज के लिए टी-20 में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। भारत-वेस्टइंडीज चौथे टी-20 में बने टॉप रिकॉर्ड्स-मोमेंट्स… 1. टीम इंडिया से आगे सिर्फ वेस्टइंडीज भारत ने 2 हजार छक्के पूरे कर लिए हैं। वह यह मुकाम हासिल करने वाली दुनिया की दूसरी टीम बन गई। टीम के नाम अब 2010 छक्के हैं। वेस्टइंडीज 2,026 छक्कों के साथ पहले स्थान पर है। 2. होप ने टी-20 इंटरनेशनल में तीसरा शतक लगाया होप वेस्टइंडीज के लिए टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने क्रिस गेल और इविन लुईस के 2-2 शतक को पीछे छोड़ा। 3. होप ने 50+ स्कोर में गेल की बराबरी की होप ने टी-20 इंटरनेशनल में 16वां 50+ स्कोर बनाया। उन्होंने वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा फिफ्टी या उससे ज्यादा का स्कोर बनाने में क्रिसे गेल की बराबरी की। दोनों ने 16-16 बार कारनामा किया। 4. भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर बना वेस्टइंडीज ने हैदराबाद में पावरप्ले में 1 विकेट खोकर 79 रन बनाए। यह भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है। इससे पहले टीम ने 2016 में लॉडरहिल में बिना विकेट खोए 78 रन बनाए थे। 5. पॉल टी-20 में भारत के खिलाफ 5 विकेट लेनेवाले दूसरे बॉलर कीमो पॉल ने हैदराबाद में 41 रन देकर 5 विकेट लिए। वे भारत के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल में 5 विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज हैं। उनसे पहले वेस्टइंडीज के ही ओबेड मैकॉय 2022 में यह कारनामा किया था। यहां से मोमेंट्स्… 1. मयंक ने रदरफोर्ड का छोड़ा कैच 19वें ओवर में शेरफेन रदरफोर्ड का कैच छूटा। प्रिंस यादव ने ओवर की पांचवी गेंद तेज शॉर्ट डाली। इस पर रदरफोर्ड ने आगे बढ़कर शॉट खेलने की कोशिश की। गेंद शॉर्ट फाइन लेग की ओर गई, जहां मयंक यादव खड़े थे। उन्हें लगा कि वे आसानी से कैच पकड़ लेंगे, लेकिन वे गेंद की लाइन में ही नहीं आ पाए और कैच छूट गया। 2. तिलक के कैच छोड़ने पर होप का शतक पूरा हुआ पहली पारी की आखिरी गेंद पर तिलक वर्मा ने होप का कैच छोड़ दिया। 96 रन बनाकर खेल रहे होप ने नितीश रेड्डी की गेंद पर लॉन्ग-ऑन की ओर शॉट खेला। तिलक कैच पकड़ने के लिए बाईं ओर गए, लेकिन फ्लडलाइट्स में गेंद ठीक से नहीं देख सके और कैच छूट गया। गेंद सीधे बाउंड्री रोप पर गिरी और होप को छक्का मिला। उन्होंने आखिरी 2 गेंद पर छक्का लगाकर शतक पूरा किया। 3. सैमसन ने जोसेफ की गेंद पर टी-20 में 100 छक्के पूरे किए दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर संजू सैमसन ने शमर जोसेफ की फुलटॉस गेंद को लॉन्ग-ऑफ के ऊपर से छक्के के लिए भेजा। यह उनका टी-20 इंटरनेशनल में उनका 100वां छक्का था। वे टी-20 इंटरनेशनल में छक्कों का शतक पूरा करने वाले भारत के छठे खिलाड़ी बने। उनसे पहले रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा, हार्दिक पंड्या और विराट कोहली यह कारनामा कर चुके है। 4. बाउंसर के बाद सैमसन ने अगली 14 गेंद पर 46 रन बनाए भारतीय पारी के दूसरे ओवर में शमार जोसेफ ने 145 किमी की तेज बाउंसर सैमसन को डाली। यह फ्री हिट गेंद थी। सैमसन जैसे-तैसे गेंद को खेल सके। गेंद ने टॉप एज लिया और 4 रन के लिए चली गई। तब सैमसन 9 गेंद पर 10 रन बनाकर खेल रहे थे। इसके बाद सैमसन ने लगातार बाउंड्री लगाई। उन्होंने अगली 14 गेंद पर 4 छक्के और 4 चौके लगाते हुए 46 रन बटोरे। 5. अभिषेक-सैमसन से भिड़े वेस्टइंडीज के खिलाड़ी कीमो पॉल ने मैच की अपनी पहली ही गेंद पर विकेट लिया। उन्होंने संजू सैमसन को शिमरोन हेटमायर के हाथों कैच आउट कराया। जब अभिषेक पवेलियन लौट रहे थे, तब उनकी वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों से बहस हुई। ऐसे ही 12वें ओवर में भी अभिषेक शर्मा के आउट होने पर ऐसी ही नोंक-झोंक हुई। अभिषेक ने पवेलियन लौटते हुए इसकी शिकायत अंपायर से भी की। 6. नमन के आउट होने पर बच्चों की तरह उछले हेटमायर 12वें ओवर में गुडाकेश मोती ने नमन धीर को स्टंप आउट कराया। मोती की गेंद टप्पा खाने के बाद तेजी से घूमी और नमन उसे खेलने से चूक गए। उनका पिछला पैर क्रीज से बाहर निकल गया। शाई होप ने तुरंत गिल्लियां बिखेर दीं। थर्ड अंपायर ने रिप्ले देखने के बाद नमन को आउट दिया। विकेट गिरते ही शिमरोन हेटमायर बच्चों की तरह उछलते नजर आए। Wed, 14 Oct 2026 23:00:00

  Videos
See all

Saudi Arabia | हूतियों का खौफ! क्या खतरे में सऊदी अरब? Houthi Rebels | Middle East Crisis | Iran War #tmktech #vivo #v29pro
2026-10-14T23:00:26+00:00

Meerut Blue Drum Case | बेटे की हत्या का इंसाफ मिला? मुस्कान-साहिल की सजा पर मां का भावुक रिएक्शन ! #tmktech #vivo #v29pro
2026-10-14T22:40:38+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers