कॉजपा नेताओं की गिरफ्तारी पर केंद्र पर बरसीं Mamata Banerjee
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेताओं की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की बुधवार को आलोचना करते हुए देश के युवाओं से कहा, ‘‘आपकी दीदी आज भी आपके साथ है और हमेशा रहेगी।’’ कॉजपा के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को शांति बनाए रखने के लिए दिए गए बॉण्ड का कथित उल्लंघन करने और जंतर-मंतर में अनधिकृत रूप से प्रवेश करने के आरोप में बुधवार को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जंतर मंतर को तय प्रदर्शन स्थल की सूची से बाहर कर दिया गया है। कॉजपा नेताओं को मंगलवार तड़के हिरासत में लिया गया था।
उन पर बैरिकेड तोड़कर बिना अनुमति जंतर-मंतर क्षेत्र में प्रवेश करने, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाने और वहां राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आरोप है। बनर्जी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘हमने और हमसे पहले की कई पीढ़ियों ने अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए मजबूती से संघर्ष किया है। हमें आगे भी ऐसा करते रहना चाहिए।
मैं कॉजपा के नेताओं आशुतोष और सौरव की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करती हूं। ये ऐसे क्षण हैं, जब हम सभी को संकल्प लेना चाहिए और अपने महान लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने के लिए आगे आना चाहिए।’’ उन्होंने इस कदम को “एक पूरी पीढ़ी को डराने और उसकी आवाज दबाने की कोशिश” करार दिया। बनर्जी ने दावा किया, ‘‘यह अस्वीकार्य है।
हमें अपने संवैधानिक अधिकारों को लेकर कभी पीछे नहीं हटना चाहिए। देश के कई हिस्सों में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। इस समय बंगाल में हमारे 14,000 लोग पुलिस और राजनीतिक अत्याचारों का सामना कर रहे हैं।’’ बनर्जी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) के तत्काल इस्तीफे की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था।
उन्होंने ‘‘वोट चोरी’’ के मुद्दे पर गंभीर चिंता जताई। साथ ही, उन्होंने निर्वाचन आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया से जुड़ी मतदाता सूची में कथित हेरफेर का आरोप लगाया। बनर्जी ने कहा, ‘‘जो सरकार इस बात को भूल जाये कि वह ‘जनता की, जनता के द्वारा और जनता के लिए’ है तो उसका अंत निकट है।
देश के लाखों युवाओं से मैं कहना चाहती हूं: आपकी दीदी आज भी आपके साथ है और हमेशा रहेगी! आइए, हम सब एकजुट होकर अपनी भारत माता की रक्षा करें। जय हिंद!
वंदे मातरम्! जय बांग्ला!’’ इससे पहले, ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ के डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी ने कॉजपा नेताओं की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। अभिषेक ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘खुद को सबसे बड़ा राष्ट्रवादी बताने वाले लोग अब भारतीयों को अपने ही देश में तिरंगा फहराने के लिए गिरफ्तार कर रहे हैं।
केंद्र सरकार के अनुसार, यह कृत्य शांति भंग करने की श्रेणी में आता है। भाजपा के नये ‘पाकिस्ताननुमा भारत’ में आपका स्वागत है।” इस गुट के नेताओं डेरेक ओ ब्रायन और महुआ मोइत्रा ने भी दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई के खिलाफ आवाज उठाई।
Railway कर्मचारियों को 78 दिन का PLB Bonus मंजूर, 11.4 लाख कर्मियों को मिलेगा लाभ
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 2025-26 के लिए लगभग 11.4 लाख रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों के वेतन के बराबर प्रोडक्टिविटी-लिंक्ड बोनस (PLB) देने की मंज़ूरी दी है। इसके तहत कुल 2,009.61 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा। यह फ़ैसला बुधवार, 14 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में रेलवे कर्मचारियों के कामकाज को देखते हुए लिया गया। योग्य नॉन-गजेटेड रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों की सैलरी के बराबर बोनस मिलेगा, जिसमें प्रति कर्मचारी अधिकतम भुगतान ₹17,951 तक सीमित होगा।
इस बोनस में रेलवे कर्मचारियों की कई कैटेगरी शामिल होंगी, जैसे ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), स्टेशन मास्टर, सुपरवाइज़र, टेक्नीशियन, टेक्नीशियन हेल्पर, पॉइंट्समैन, मिनिस्ट्रियल स्टाफ़ और अन्य ग्रुप C कर्मचारी। यह पेमेंट हर साल दुर्गा पूजा और दशहरा की छुट्टियों से पहले किया जाता है। सरकार ने कहा कि इस बोनस का मकसद रेलवे कर्मचारियों को प्रेरित करना और उन्हें रेलवे की परफॉर्मेंस बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
सरकार ने बताया कि 2025-26 के दौरान रेलवे ने अच्छा प्रदर्शन किया; इस दौरान 1,670 मिलियन टन कार्गो की लोडिंग हुई और लगभग 7.41 अरब यात्रियों ने यात्रा की। हर साल मिलने वाला प्रोडक्टिविटी-लिंक्ड बोनस, ऑर्गनाइज़ेशन की परफॉर्मेंस में रेलवे कर्मचारियों के योगदान को मान्यता देता है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









