राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ बैठक रही सफल, भारत के महासागर विजन के लिए सेशेल्स अहम: पीएम मोदी
नई दिल्ली, 9 फरवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने सोमवार को अहम बैठक की। पीएम मोदी ने इस बैठक को द्विपक्षीय संबंधों के लिए काफी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सेशेल्स को भारत के महासागर विजन का अहम हिस्सा करार दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुछ तस्वीरों के साथ लिखा- सुबह सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ एक सफल बैठक संपन्न हुई। उनका यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब सेशेल्स अपनी आजादी का 50वां साल और भारत-सेशेल्स संबंधों की 50वीं सालगिरह मना रहा है। हमारे देश इतिहास और भविष्य के लिए एक साझा विजन से जुड़े हुए हैं। एक समुद्री पड़ोसी और भरोसेमंद पार्टनर के तौर पर, सेशेल्स भारत के महासागर विजन का एक अहम हिस्सा है।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति हर्मिनी ने द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण दायरे को समाहित करते हुए व्यापक और सार्थक चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने अक्टूबर 2025 में सम्पन्न चुनावों में सफलता के लिए राष्ट्रपति हर्मिनी को बधाई दी।
दोनों नेताओं ने यह भी स्वीकार किया कि सेशेल्स–भारत संबंध जन-केंद्रित हैं और पश्चिमी हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा एवं स्थिरता को सुदृढ़ करते हैं। नेताओं ने भारत के विजन महासागर में सेशेल्स की भूमिका को एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में भी पुनः रेखांकित किया।
राष्ट्रपति हर्मिनी ने सेशेल्स तथा क्षेत्र के लिए एक विश्वसनीय साझेदार के रूप में भारत की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने सेशेल्स के विकास एजेंडा की प्राप्ति में भारत द्वारा दी गई दीर्घकालिक सहायता एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
नेताओं ने सेशेल्स और भारत के बीच नियमित उच्च-स्तरीय राजनीतिक बैठकों, दौरों तथा परामर्शों के महत्व को स्वीकार किया। दोनों देशों के बीच जन-केंद्रित विकास साझेदारी का विस्तार और उसे और अधिक सुदृढ़ करने के लिए निकट सहयोग करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि करते हुए, भारत ने 175 मिलियन अमरीकी डॉलर के एक ‘विशेष आर्थिक पैकेज’ की भी घोषणा की।
जो आवास, स्वास्थ्य, रक्षा, ई-मोबिलिटी और समुद्री सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाएगा। दोनों ने संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने कहा कि भारत-सेशेल्स संबंध केवल कूटनीतिक नहीं, बल्कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक हैं।
--आईएएनएस
केआर/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
छेन यिछिन ने मिलान शीतकालीन ओलंपिक के उद्घाटन समारोह में भाग लिया
बीजिंग, 9 फरवरी (आईएएनएस)। इटली के मिलान शहर में 25वें शीतकालीन ओलंपिक खेलों का उद्घाटन हुआ। आयोजकों के निमंत्रण पर चीनी स्टेट कौंसिलर छेन यिछिन ने उद्घाटन समारोह में भाग लिया।
उद्घाटन समारोह से पहले, छेन यिछिन ने इतालवी राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला के साथ सौहार्दपूर्ण बातचीत की। उन्होंने चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की शुभकामनाएं दीं, मिलान शीतकालीन ओलंपिक की पूर्ण सफलता की कामना की और चीनी खेल प्रतिनिधिमंडल के लिए किए गए आतिथ्य प्रबंधों के लिए इतालवी पक्ष के प्रति आभार व्यक्त किया।
मैटारेला ने छेन यिछिन से राष्ट्रपति शी चिनफिंग को उनकी शुभकामनाएं देने का अनुरोध किया, चीनी एथलीटों द्वारा आदर्श परिणाम प्राप्त करने की आशा व्यक्त की और मिलान शीतकालीन ओलंपिक के लिए चीन सरकार के बहुमूल्य समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।
7 फरवरी को छेन यिछिन ने अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति की अध्यक्ष क्रिस्टी कोवेंट्री से मुलाकात की और अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के साथ उच्च स्तरीय सहयोग को और गहरा करने, खेलों के माध्यम से विश्व शांति और विकास को बढ़ावा देने और मानव जाति के लिए एक साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण को आगे बढ़ाने के लिए चीन की तत्परता व्यक्त की।
कोवेंट्री ने ओलंपिक के लिए चीन सरकार के दृढ़ समर्थन और महत्वपूर्ण योगदान के लिए आभार व्यक्त किया और ओलंपिक भावना का अभ्यास और प्रचार करने के लिए चीन के साथ घनिष्ठ सहयोग जारी रखने और वर्तमान अशांत दुनिया में संयुक्त रूप से अधिक सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने की उम्मीद जताई।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation






















